मुझसे नफरत मत करना! Sneha Ulaal ने Aishwarya Rai से मांगी थी माफी, सेट पर ऐसा था Salman Khan का बिहेवियर
स्नेहा उल्लाल ने हालिया इंटरव्यू में बताया कि ऐश्वर्या राय जैसी शक्ल होने के कारण उन्हें शुरुआत में काफी तुलना झेलनी पड़ी. उन्होंने ऐश्वर्या से मुलाकात के दौरान डरते-डरते माफी भी मांगी थी.
2005 का साल था, जब एक्ट्रेस स्नेहा उल्लाल (Sneha Ullal) अचानक पूरे बॉलीवुड में चर्चा का विषय बन गईं. वजह यह नहीं थी कि वो सलमान खान के साथ अपनी पहली फिल्म कर रही थीं, बल्कि इसलिए क्योंकि उनकी शक्ल-सूरत ऐश्वर्या राय से बहुत मिलती-जुलती थी. फैंस से लेकर मीडिया तक, हर कोई उन्हें ऐश्वर्या की हमशक्ल कहने लगा. उस समय ऐश्वर्या का नाम बहुत बड़ा था, खासकर उनकी मिस वर्ल्ड वाली छवि और देवदास जैसी फिल्मों के बाद इसलिए स्नेहा की ये सिमिलॅरिटी लोगों को बहुत अट्रैक्ट कर रही थी.
हाल ही में स्नेहा ने अल्फा नियॉन स्टूडियोज के साथ एक खास बातचीत में पुरानी यादें ताजा कीं. उन्होंने बताया कि सलमान खान के साथ काम करने का उनका अनुभव कितना अच्छा रहा. फिल्म 'लकी: नो टाइम फॉर लव' की शूटिंग के दौरान सलमान ने उनका बहुत साथ दिया. जब उनसे पूछा गया कि क्या सलमान कभी उन पर गुस्सा हुए, क्योंकि वो एक नई-नई एक्ट्रेस थीं और सलमान बहुत बड़े और अनुभवी स्टार थे, तो स्नेहा ने मुस्कुराते हुए कहा, 'बिल्कुल नहीं! सलमान सर मेरे साथ बहुत पेसेंस और हेल्पफुल नेचर के थे. उन्होंने कभी भी वो रवैया नहीं दिखाया, जो लोग आमतौर पर उनके बारे में सोचते है. वो मेरे लिए बहुत सपोर्टिव रहे.'
स्नेहा ने ऐश्वर्या राय से अपनी मुलाकात के बारे में भी दिलचस्प बात बताई. उस समय बॉलीवुड में ऐश्वर्या का सुनहरा दौर चल रहा था. स्नेहा को मौका मिला ऐश्वर्या से मिलने का. मुलाकात में ऐश्वर्या ने बहुत प्यार से उनसे बात की और कहा, 'बॉलीवुड में आपका स्वागत है.' स्नेहा को थोड़ा डर लग रहा था क्योंकि मीडिया में उनकी तुलना बहुत हो रही थी. इसलिए उन्होंने ऐश्वर्या से माफी मांगते हुए कहा, 'प्लीज मुझे माफ कर दीजिए, मुझसे नफरत मत कीजिएगा.' उन्हें डर था कि कहीं ऐश्वर्या को बुरा न लगे. लेकिन ऐश्वर्या ने बहुत अच्छे से समझा और कोई नाराजगी नहीं दिखाई.
स्नेहा ने ये भी बताया कि वो कभी एक्ट्रेस बनना नहीं चाहती थी. वो उस समय कॉलेज में पढ़ रही थी. सलमान की बहन अर्पिता खान के कुछ दोस्तों ने उन्हें देखा और कहा कि उनकी शक्ल ऐश्वर्या जैसी है. उसी समय 'लकी: नो टाइम फॉर लव' के लिए नई हीरोइन की तलाश चल रही थी. बस ऐसे ही उन्हें ऑडिशन का मौका मिला और फिल्म मिल गई.
उन्होंने मजाक में कहा, 'जब ऐश्वर्या मिस वर्ल्ड बनीं, तो मैं भी अपनी छोटी-सी दुनिया में मिस वर्ल्ड बन गई थी क्योंकि हर कोई मुझे देखकर कहता था कि मैं उनकी तरह दिखती हूं.' बचपन से ही स्नेहा थोड़ी लड़कों जैसी थीं, ग्लैमर वाली नहीं. उन्हें एक्टिंग में कोई खास रुचि नहीं थी. कई बार लोगों ने उन्हें फिल्मों में आने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था. मीडिया ने ये भी कहा था कि सलमान ने उन्हें इसलिए चुना क्योंकि वो ऐश्वर्या से मिलती-जुलती थीं.
बता दें कि, सलमान और ऐश्वर्या का अफेयर 1999 के आसपास हुआ था, लेकिन बाद में ब्रेकअप हो गया था. स्नेहा ने कहा कि ये सब पीआर पब्लिसिटी का हिस्सा था. फिल्म प्रमोट करने के लिए ऐसी बातें फैलाई गईं ताकि लोग उन्हें पहचानें. लेकिन स्नेहा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ा. वो उस समय बहुत छोटी थीं, उनके अंदर कोई घमंड नहीं था. वो खूबसूरती को लेकर कभी ज्यादा सोचती नहीं थीं. तुलनाएं होती रहीं, लेकिन उन्होंने कभी परेशान नहीं किया. स्नेहा ने सलमान के बाद सोहैल खान के साथ साल 2006 में 'आर्यन' और 'बेज़ुबान इश्क' जैसी फ़िल्में की. इसके अलावा उन्होंने साउथ इंडस्ट्री में भी खास फ़िल्में की है.




