Dhurandhar 2: फेक नहीं रियल में है हमजा की यालिना जमाली, माहीन गबोल से है इंस्पायर्ड! जानें पूरा सच
'धुरंधर 2' में दिखाए गए कई किरदार असल घटनाओं और लोगों से प्रेरित बताए जा रहे हैं. खासकर यालिना जमाली का किरदार चर्चा में है, जिसे माहीन गबोल से जोड़ा जा रहा है.
फिल्म 'धुरंधर' (Dhurandhar) फ्रैंचाइजी के निर्देशक आदित्य धर ने इस सीरीज को भारत और पाकिस्तान के बीच की असली घटनाओं और असल लोगों से काफी हद तक प्रेरणा लेकर बनाया है. ये कहानी भू-राजनीति, जासूसी, अपराध और परिवार के रिश्तों से जुड़ी हुई है. फिल्म में कुछ असली नामों जैसे दाऊद इब्राहिम का इस्तेमाल किया गया है, लेकिन ज्यादातर किरदारों में निर्देशक ने अपनी कल्पना (creative liberty) का इस्तेमाल किया है यानी पूरी कहानी असल घटनाओं पर आधारित है, लेकिन इसे फिल्मी अंदाज में नाटकीय, एक्शन से भरपूर और खास बनाया गया है.
'धुरंधर 2' में भी भारत-पाकिस्तान के इतिहास से कुछ हिस्से लिए गए हैं. फिल्म में असल घटनाओं को आधार बनाकर ड्रामा, एक्शन का अच्छा मिश्रण किया गया है. अब बात करते हैं मुख्य किरदारों की: रणवीर सिंह का किरदार हमजा अली मजारी जो असल में जसकिरत सिंह रंगी है – ये एक भारतीय जासूस है जो पाकिस्तान में घुसपैठ करके अपराध की दुनिया में काम करता है. इस किरदार के लिए कोई स्पष्ट असली व्यक्ति की पुष्टि नहीं हुई है यानी ये ज्यादातर काल्पनिक है, लेकिन असल जासूसी ऑपरेशनों से प्रेरित लगता है.
यालिना जमाली का रोल
फिल्म में सारा अर्जुन ने यालिना जमाली का रोल प्ले किया. ये फिल्म की महिला लीडिंग फीमेल कैरेक्टर है. कहा जाता है कि ये किरदार माहीन गबोल (Maheen Gabol) से इंस्पायर्ड है. माहीन नबील गबोल की बेटी है. नबील गबोल पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के एक बड़े नेता हैं, जो कई बार पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के सदस्य रहे हैं.
कौन हैं और कहां है?
माहीन गबोल राजनीति से दूर रहती हैं. उनके परिवार वाले अपने निजी जीवन को बहुत प्राइवेट रखते हैं, यानी ज्यादा जानकारी बाहर नहीं आती. कुछ अफवाहों के अनुसार और टाइम्स नाउ के मुताबिक, माहीन का पहले उजैर बलूच के गिरोह से जुड़े किसी शख्स से रिश्ता था. जब उनके पिता को पता चला, तो उन्होंने माहीन को कुवैत भेज दिया ताकि वो सार्वजनिक नजरों से दूर रहें. बाद में, दिसंबर 2025 में माहीन की शादी मौला बक्स सूमरो से हुई. मौला बक्स एक पाकिस्तानी राजनेता इलाही बक्स सूमरो जो पहले नेशनल असेंबली के स्पीकर रह चुके हैं, के पोते हैं. मौला खुद सिंध की लोकल राजनीति में सक्रिय हैं और पहले पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) से जुड़े रहे हैं. खास बात ये है कि माहीन की शादी 5 दिसंबर 2025 को हुई, जो ठीक 'धुरंधर पार्ट 1' की रिलीज डेट के साथ मेल खाती है. ये संयोग लोगों को फिल्म से जोड़कर और ज्यादा चर्चा में ला रहा है. फिल्म में राकेश बेदी ने 'जमील जमाली' का किरदार निभाया है जो नबील गबोल से काफी हद तक प्रेरित है. लेकिन फिल्म में जमील को भारतीय जासूस दिखाया गया है, जबकि असल नबील गबोल पाकिस्तानी नेता हैं और ऐसा कोई आरोप नहीं है.
कितनी मिलती है कहानी?
'धुरंधर 2' में यालिना जमाली की कहानी कुछ इस तरह है: पार्ट 1 में, हमजा जो पाकिस्तानी रहमान डकैत के गिरोह में भारतीय जासूस बनकर घुसा हुआ है जमील की इकलौती बेटी यालिना से मिलता है. यालिना डॉक्टर बनना चाहती है दोनों को प्यार हो जाता है. यालिना को हमजा की असली पहचान का पता नहीं चलता. पार्ट 2 में, यालिना और हमजा का एक बच्चा हो जाता है बाद में यालिना को पता चलता है कि हमजा असल में जसकिरत सिंह रंगी है और उसका मकसद पाकिस्तान में बलूच बनकर जासूसी करना है. यालिना हमजा की पहचान छुपाने का फैसला करती है. फिल्म के अंत में हमजा आखिरी बार यालिना को फोन करता है. जब जमील की असली पहचान रॉ एजेंट के रूप में सामने आती है, तो वो हमजा से कहता है कि यालिना और उनके बेटे को भूल जाए. फिल्म में यालिना और हमजा अलग हो जाते हैं.
क्या होगा 3 पार्ट में?
अब सवाल ये है कि क्या यालिना हमजा से अलग होने के बाद दोबारा शादी करेगी? असल जिंदगी में माहीन गबोल ने 2025 में शादी कर ली है. अगर 'धुरंधर 3' बनी, तो शायद कहानी को और आगे बढ़ाया जा सकता है- जैसे यालिना का नया जीवन, बच्चे की परवरिश, या कोई नया ट्विस्ट। लेकिन अभी ये सिर्फ अंदाजा है, क्योंकि निर्देशक ने आगे की कहानी के बारे में कुछ नहीं कहा है.




