Bigg Boss 20: किस फेमस सीरियल के लिए एकता कपूर ने Qazi Touqeer को किया था अप्रोच? जानें सिंगर ने क्यों ठुकराया था ऑफर
बिग बॉस में काजी तौकीर ने बताया कि सिंगिंग शो जीतने के बाद उन्हें सीरियल में काम करने के लिए अप्रोच किया गया था. यह ऑफर एकता कपूर ने उन्हें दिया था, लेकिन वह रोल समझ नहीं पाए थे. इसलिए उन्होंने ऑफर ठुकरा दिया था.
साल 2005 में सिंगिंग रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ जीतकर घर-घर में पहचान बनाने वाले काजी तौकीर एक बार फिर चर्चा में हैं. इन दिनों वह सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ रहे हैं. शो के दौरान काजी ने अपने करियर से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाया, जब मशहूर प्रोड्यूसर एकता कपूर खुद उनके पास एक टीवी सीरियल का ऑफर लेकर पहुंची थीं. यह मौका उनके लिए काफी बड़ा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया.
दरअसल, एकता कपूर ने काजी को अपने चर्चित सीरियल ‘कैसा ये प्यार है’ में रॉकस्टार का किरदार निभाने के लिए अप्रोच किया था. उस वक्त काजी महज 20 साल के थे और उन्हें कहानी में अपना किरदार समझने में परेशानी हो रही थी. उन्होंने इस ऑफर को सीधे ठुकराने के बजाय टीम के जरिए अपना फैसला पहुंचाया और कहा कि वह पहले ही एक फिल्म साइन कर चुके हैं. लेकिन अगले ही दिन अखबारों में उनके फैसले को लेकर ऐसी खबरें छपीं, जिनसे वह काफी परेशान हो गए.
एकता कपूर ने किस शो का दिया था ऑफर?
बिग बॉस 20 के एक एपिसोड में काजी तौकीर भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे से बातचीत करते नजर आए. इस दौरान उन्होंने बताया कि ‘फेम गुरुकुल’ जीतने के बाद उनकी पॉपुलैरिटी काफी बढ़ गई थी. इसी दौरान साल 2005 में एकता कपूर खुद उनके पास एक टीवी शो का ऑफर लेकर आई थीं. यह शो था ‘कैसा ये प्यार है’, जो उस समय काफी चर्चा में रहा था. एकता चाहती थीं कि काजी इसमें एक रॉकस्टार का रोल प्ले करे. कहानी में उनका रोल करीब 40 एपिसोड तक रहने वाला था. शो में नेहा बंब ने कृपा का किरदार निभाया था.
क्यों काजी ने ठुकराया था ऑफर?
काजी ने बताया कि उस समय उनकी उम्र महज 20 साल थी. एकता कपूर उन्हें किरदार और कहानी समझा रही थीं, लेकिन वह उस भूमिका से खुद को जोड़ नहीं पा रहे थे. उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि कहानी सुनने के बजाय उनका ध्यान एकता की अंगूठियों पर चला गया था. काजी के मुताबिक, वह एकता कपूर को सीधे मना करने में झिझक रहे थे. इसलिए उन्होंने अनुपमा नाम की महिला के जरिए अपना फैसला पहुंचाया. उन्होंने बताया कि वह पहले से एक फिल्म साइन कर चुके थे और उनका कॉन्ट्रैक्ट भी हो चुका था. इसी वजह से उन्होंने टीवी शो करने से इनकार कर दिया.
ऑफर ठुकराते ही अखबारों में छपीं ऐसी खबरें
काजी ने बताया कि अगले दिन जब वह सुबह नाश्ता कर रहे थे, तब उन्होंने अखबार में अपने बारे में छपी खबरें देखीं. रिपोर्ट्स में लिखा था कि काजी ने एकता कपूर को धोखा दिया और उनके पास इससे भी बड़ा मौका है. काजी के मुताबिक, उस समय सोशल मीडिया नहीं था, जहां वह तुरंत अपनी बात रखकर सफाई दे पाते. ऐसे में उनके फैसले को लेकर गलत छवि बन गई और उन्हें बदनामी का सामना करना पड़ा.




