उसके होंठ ठीक से हिलते नहीं हैं... क्या Kanika Mann ने कराई है कॉस्मेटिक सर्जरी, BIGG BOSS में किसने क्या बोला ?
‘बिग बॉस 20’ के घर में राशन को लेकर तनाव बढ़ गया है. टास्क के दौरान घरवालों का राशन टाइम कम होने से सभी परेशान नजर आए. इसी बीच अमन गांधी ने कनिका मान के लुक्स और कथित कॉस्मेटिक सर्जरी को लेकर कमेंट किया. उन्होंने कनिका के चेहरे और होंठों की मूवमेंट पर भी सवाल उठाए. काजी ने इसे पर्सनल चॉइस बताया.
बिग बॉस 20’ के 13वें एपिसोड में घरवालों के सामने राशन को लेकर बड़ी परेशानी खड़ी हो गई. इस हफ्ते के कैप्टन बने कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू को बिग बॉस ने कन्फेशन रूम में बुलाकर कुछ सवाल पूछे. इसके बाद घरवालों को गुल्लू के जवाबों का अनुमान लगाना था.
सही जवाब मिलने पर राशन चुनने के लिए 20 सेकंड अतिरिक्त मिलने थे, जबकि गलत जवाब पर 20 सेकंड काटे जाने थे. माही विज, उदिति और आसिफ खान ने कुछ सवालों के सही जवाब दिए, लेकिन इसके बावजूद राशन का कुल समय 60 सेकंड कम हो गया.
75 फीसदी राशन वापस पाने का मिला मौका
राशन का समय कम होने के बाद बिग बॉस ने घरवालों को नुकसान की भरपाई का एक मौका दिया. उन्हें किसी एक कंटेस्टेंट की लाइफलाइन काटकर खोए हुए राशन का 75 फीसदी हिस्सा वापस पाने का विकल्प मिला. हालांकि, माही, उदिति और आसिफ इस फैसले पर एकमत नहीं हो सके.
इसी दौरान माही ने मैरी कॉम का नाम लेते हुए सवाल उठाया कि आखिर वह घर में क्या योगदान दे रही हैं. इस बात को लेकर घरवालों के बीच बहस और तेज हो गई.
मैरी कॉम और माही विज में बढ़ी तकरार
राशन को लेकर शुरू हुआ विवाद जल्द ही मैरी कॉम और माही विज के बीच व्यक्तिगत बहस में बदल गया. मैरी ने माही और उदिति पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग सिर्फ अच्छे कपड़े पहनने और मेकअप करने में लगे रहते हैं, जबकि वह घर के लिए खाना बनाने में समय देती हैं.
मैरी ने अपने खेल करियर और देश के लिए किए गए योगदान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है. दूसरी ओर, माही और उदिति ने उनके बार-बार खुद को ‘लेजेंड’ कहने पर सवाल उठाए.
बात निजी जिंदगी तक पहुंची, रो पड़ीं मैरी
बहस के दौरान मामला और बिगड़ गया, जब मैरी ने माही के खाना बनाने पर टिप्पणी की. माही ने जवाब देते हुए अपनी बेटी को इस विवाद में शामिल नहीं करने की बात कही. इसके बाद माही ने मैरी की निजी जिंदगी और तलाक को लेकर भी तंज कस दिया. इस कमेंट से मैरी इमोश्नल हो गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं. बाद में लव गिल, काजी तौकीर और गुल्लू ने उन्हें संभालने की कोशिश की. वहीं, घर में राशन की कमी ने बाकी सदस्यों के बीच भी तनाव बढ़ा दिया.
अमन ने कनिका की कॉस्मेटिक सर्जरी पर क्या कहा
अमन गांधी ने कनिका मान के चेहरे और उनके फेशियल एक्सप्रेशन पर कमेंट करते हुए दावा किया कि उनके चेहरे के हाव-भाव लगभग एक जैसे रहते हैं और उनके होंठ ज्यादा नहीं हिलते.
बातचीत के दौरान अमन ने कनिका की ठुड्डी की कथित कॉस्मेटिक सर्जरी का भी जिक्र किया और इसे जेनियोप्लास्टी से जोड़ा. हालांकि, ये अमन की कही गई बातें और दावा हैं, कनिका की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हुई है. इस दौरान काजी तौकीर ने इसे कनिका की निजी पसंद बताते हुए ऐसी चर्चा न करने की बात कही.




