Bigg Boss 20: ईशा से आसिफ खान तक इन कंटेस्टेंट को भारी पड़ी कनिका-गुल्लू की दोस्ती, जिसके साथ बैठते हैं वो हो जाते हैं शो से आउट
बिग बॉस 20 में गुल्लू और कनिका की दोस्ती इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. ईशा, रिती और मैरी कॉम के बाद अब आसिफ के बाहर होने से दोनों की दोस्ती बाकी कंटेस्टेंट के लिए भारी पड़ रही है.
बिग बॉस के घर में दोस्ती और दुश्मनी के रिश्ते कब बदल जाएं, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है. यहां कभी दोस्ती किसी को मजबूत बनाती है तो कभी वही रिश्ता चर्चा की वजह बन जाता है. सीजन 20 में इन दिनों गुल्लू और कनिका की दोस्ती को लेकर कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है. दोनों के साथ जो भी कंटेस्टेंट करीब आया, वह धीरे-धीरे शो से बाहर होता चला गया.
अब आसिफ खान के एविक्शन के बाद घर में एक बार फिर इस अजीब संयोग की चर्चा शुरू हो गई है. काजी तौकीर ने भी इस बात को उठाया है. ऐसे में चलिए जानते हैं दोनों से दोस्ती के चलते किन कंटेस्टेंट्स को होना पड़ा घर से बेघर.
किस सदस्य से शुरू हुआ दोस्ती और एविक्शन का सिलसिला
गुल्लू और कनिका की दोस्ती का यह सिलसिला अचानक चर्चा में नहीं आया. इसकी शुरुआत ईशा रिखी से हुई थी. शो में ईशा और कनिका के बीच काफी अच्छी दोस्ती हो गई थी. दोनों अक्सर साथ समय बिताती थीं और एक-दूसरे के करीब नजर आती थीं. हालांकि, ज्यादा समय नहीं बीता और ईशा को घर से बाहर होना पड़ा. इसके बाद दर्शकों की नजर इस दोस्ती पर जाने लगी.
रिती और मैरी कॉम भी नहीं बच पाईं
ईशा के बाद रिती और कनिका के बीच भी नजदीकियां बढ़ने लगी थीं. दोनों की दोस्ती को लेकर घर में चर्चा होने लगी, लेकिन कुछ समय बाद रिती का सफर भी खत्म हो गया. इसके बाद मैरी कॉम की गुल्लू और कनिका के साथ अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिली. तीनों को कई बार साथ बैठकर बातचीत करते और समय बिताते देखा गया. हालांकि, मैरी कॉम भी शो से बाहर हो गईं.
आसिफ खान के जाने के बाद फिर उठा सवाल
अब इस कड़ी में आसिफ खान का नाम भी जुड़ गया है. शुरुआत में आसिफ अपनी अलग गैंग के साथ नजर आते थे, लेकिन पिछले कुछ समय से वह गुल्लू और कनिका के साथ ज्यादा वक्त बिताने लगे थे. दोनों के साथ उनकी दोस्ती भी बढ़ने लगी थी. इसी बीच इस हफ्ते वह भी शो से आउट हो गए हैं. आसिफ के जाने से यंग और स्काउट ओपी दोनों फूट-फूटकर रोते नजर आए. घर के दूसरे सदस्यों की आंखें भी नम हो गईं. इसके बाद काजी तौकीर ने गुल्लू और कनिका की दोस्ती से जुड़े इस संयोग पर सवाल उठाया.
कनिका-गुल्लू ने क्या कहा?
दिलचस्प बात यह है कि गुल्लू और कनिका खुद भी पहले कह चुके हैं कि उनके साथ जो भी दोस्ती करता है, वह शो से बाहर हो जाता है. ईशा, रिती, मैरी कॉम और अब आसिफ के जाने के बाद यह बात फिर चर्चा में है.




