हॉरर फिल्म 'जानी दुश्मन' में दिखेंगी Bhumi Pednekkar, क्या होगी मां-बेटी की कहानी, होंगे कई रहस्य और डरावने पल
भूमि पेडनेकर की नई फिल्म 'जानी दुश्मन' का ऐलान हो गया है. यह एक हॉरर फिल्म होगी, जिसमें भूमि मां-बेटी की कहानी के जरिए दर्शकों को डराती नजर आएंगी. फिल्म की शूटिंग ब्रिटेन में होगी और इसे 2027 में रिलीज किया जाएगा.
2027 में रिलीज होगी भूमि पेडनेकर की हॉरर फिल्म जानी दुश्मन
बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर अब दर्शकों को डराने की तैयारी में हैं. वह जल्द ही हॉरर फिल्म 'जानी दुश्मन' में लीड रोल निभाती नजर आएंगी. फिल्म की कहानी मां-बेटी के रिश्ते पर आधारित होगी, जिसमें डरावनी घटनाओं और कई छिपे राजों का सामना करना पड़ेगा. यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
फिल्म की शूटिंग ब्रिटेन की खूबसूरत लेकिन रहस्यमयी जगहों पर होगी. खास बात यह है कि इसके डरावने एक्शन सीन तैयार करने के लिए हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों में काम कर चुके एक्सपर्ट को भी जोड़ा गया है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि भूमि इस बार हॉरर अवतार में दर्शकों को कितना डराती हैं.
कहां होगी फिल्म की शूटिंग?
'जानी दुश्मन' का निर्देशन अरशद सैयद कर रहे हैं। इसे भूषण कुमार की टी-सीरीज फिल्म्स और प्रबलिन संधू की Almighty Motion Picture मिलकर बना रही हैं. फिल्म की कहानी ब्रिटेन की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी. इसमें मां और बेटी के रिश्ते को अलौकिक घटनाओं, पुराने पारिवारिक रहस्यों और डरावने पलों के साथ दिखाया जाएगा. फिल्म को सिर्फ डराने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसमें भावनाओं और परिवार से जुड़े रहस्यों को भी अहम जगह मिलेगी. मेकर्स इसे एक हॉरर फ्रेंचाइजी के तौर पर तैयार कर रहे हैं.
'हैरी पॉटर' और 'फास्ट एंड फ्यूरियस' के स्टंट एक्सपर्ट जुड़े
इस फिल्म की एक खास बात इसके इंटरनेशनल क्रू मेंबर हैं. हॉलीवुड के मशहूर एक्शन और स्टंट एक्सपर्ट पीटर पेड्रेरो को फिल्म से जोड़ा गया है. वह 'हैरी पॉटर', 'फास्ट एंड फ्यूरियस', 'द एक्सपेंडेबल्स', 'गेम ऑफ थ्रोन्स' और 'द कॉन्ज्यूरिंग' जैसी बड़ी फिल्मों और सीरीज में काम कर चुके हैं. वह फिल्म में इंटरनेशनल हॉरर एक्शन और स्टंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभालेंगे. उनके अनुभव से फिल्म के डरावने एक्शन सीन, अलौकिक घटनाओं और खास इफेक्ट्स को बेहतर बनाने की कोशिश होगी. वहीं, रॉबी ग्रेवाल क्रिएटिव प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े हैं.
कौन कौन सी फिल्मों में नजर आएंगी भूमि ?
भूमि के पास आने वाले समय में कई दिलचस्प प्रोजेक्ट हैं. वह ऋषभ शेट्टी की फिल्म 'द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज' में बेलवाड़ी मल्लम्मा का किरदार निभाएंगी. यह एक ऐसी वीरांगना की कहानी है, जो अपने साहस के लिए जानी जाती हैं. फिल्म में अर्जुन रामपाल और विवेक ओबेरॉय भी नजर आएंगे. इसके अलावा भूमि, इमरान खान और गुरफतेह पीरजादा के साथ फिल्म 'अधूरे हम अधूरे तुम' में भी दिखाई देंगी. ऐसे में आने वाले समय में भूमि अलग-अलग तरह के किरदारों में नजर आने वाली हैं.




