कभी सिर में लगी चोट तो कभी आया वर्टिगो अटैक, जानें कब-कब Nushrratt Bharuccha हुई हादसे का शिकार
नुसरत भरूचा की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है. यह पहली बार नहीं है जब नुसरत को काम के दौरान चोट या अचानक समस्या का सामना करना पड़ा हो. पिछले कुछ सालों में कभी शूटिंग के दौरान उन्हें चोट लगी, तो कभी वर्टिगो अटैक आया है.
नुसरत भरूचा के लिए एक बार फिर मुश्किल वक्त सामने आया है. बाली में हुए हादसे के बाद उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आया है. जहां बाली से इलाज के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस से मुंबई लाया गया है. लेकिन यह पहली बार नहीं है, जब एक्ट्रेस को शूटिंग या काम के दौरान चोट का सामना करना पड़ा हो.
इससे पहले भी नुसरत कभी शूटिंग के दौरान सिर के बल गिरकर घायल हुईं, तो कभी एक्शन सीन करते हुए चेहरे पर चोट लग गई. साल 2021 में तो लगातार काम करने के बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा था. ऐसे में आइए जानते हैं, पिछले कुछ सालों में नुसरत किन-किन मुश्किल हालात से गुजरी हैं.
‘छोरी 2’ फिल्म के सेट पर लगी चोट
जनवरी 2023 में नुसरत फिल्म ‘छोरी 2’ के एक्शन सीन की शूटिंग कर रही थीं. इसी दौरान उनके चेहरे पर चोट लग गई. जख्म इतना गहरा था कि डॉक्टरों को टांके लगाने पड़े. उनकी दोस्त ईशिता राज ने उस समय एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें नुसरत क्लीनिक में इलाज कराती नजर आई थीं. यह फिल्म 2025 में रिलीज हुई थी.
‘अकेली’ की शूटिंग में सिर पर लगी चोट
instagram-@nushrrattbharuccha
instagram-@nushrrattbharuccha
इसी साल ‘अकेली’ फिल्म की शूटिंग के दौरान भी नुसरत एक मुश्किल सीन करते हुए घायल हो गई थीं. एक भागने वाले सीन में वह जमीन पर गिर गईं और उनका सिर संगमरमर के फर्श से जा टकराया. बाद में उन्होंने बताया था कि चोट काफी तेज थी और वह सेट पर रोने लगी थीं. यह फिल्म 2023 में रिलीज हुई थी.
2021 सेट पर बिगड़ी तबीयत
साल 2021 में नुसरत को चोट नहीं, बल्कि अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से अस्पताल जाना पड़ा था. वह लव रंजन की फिल्म की शूटिंग कर रही थीं और करीब तीन हफ्ते लगातार काम करने के बाद उन्हें कमजोरी महसूस होने लगी. सेट पर उनकी हालत बिगड़ी तो उन्हें हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया. उनका ब्लड प्रेशर 65/55 तक गिर गया था और उन्हें व्हीलचेयर की मदद लेनी पड़ी. डॉक्टरों ने इसे वर्टिगो अटैक बताया और 15 दिन आराम की सलाह दी थी.
कौन हैं नुसरत भरूचा?
instagram-@nushrrattbharuccha
instagram-@nushrrattbharuccha
मुंबई में जन्मी नुसरत भरूचा ने टीवी से अपने करियर की शुरुआत की और साल 2006 में फिल्मी दुनिया में कदम रखा. ‘लव सेक्स और धोखा’ और ‘प्यार का पंचनामा’ जैसी फिल्मों ने उन्हें दर्शकों के बीच पहचान दिलाई. उन्होंने जय हिंद कॉलेज से ग्रेजुएशन किया और इसके बाद ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’, ‘ड्रीम गर्ल’ और ‘छोरी’ जैसी फिल्मों में नजर आईं.




