मुझे ऑडिशन से बहुत डर लगता है... Irrfan Khan के बेटे बाबिल खान को किस बात का है डर?
इरफान खान के बेटे बाबिल खान ने हाल ही में रचित सिंह के शो पर अपनी जिंदगी और एक्टिंग करियर से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए. उन्होंने बताया कि उन्हें आज भी ऑडिशन देने से डर लगता है. बाबिल ने पिता की विरासत से अलग पहचान बनाने के संघर्ष, सेल्फ डाउट, ट्रोलिंग और अपनी पर्सनल लाइफ पर भी खुलकर बात की.
दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान इन दिनों अपनी एक्टिंग और बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में वह रचित सिंह के शो पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने निजी जीवन से लेकर एक्टिंग करियर, ऑडिशन के डर, ट्रोलिंग और पिता की विरासत से अलग अपनी पहचान बनाने की चुनौती पर खुलकर बात की.
बाबिल ने बताया कि छह साल से एक्टिंग करने के बावजूद उनके लिए यह सफर आसान नहीं रहा है. एक समय ऐसा भी आया जब वह दबाव और सेल्फ डाउट से घिर गए थे.
बातचीत के दौरान बाबिल खान ने स्वीकार किया कि उन्हें ऑडिशन देने से काफी डर लगता है. उन्होंने बताया कि एक्टिंग में आने के बाद उन्हें कई तरह की झिझक और सेल्फ-डाउट से लड़ना पड़ा है. बाबिल के मुताबिक, उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने पिता इरफान खान की विरासत से अलग हटकर खुद की पहचान बनाना रही है. उन्हें अपने काम में एक अलग रिदम पकड़नी थी. इस दौरान वह कभी प्रेशर में चले गए तो कभी खुद को सबसे अलग करने की कोशिश करने लगे. हालांकि, अब उन्हें अपना रास्ता पहले से ज्यादा साफ नजर आता है.
'सॉरी-सॉरी' कहने के पीछे क्या है वजह?
शो में बाबिल ने अपनी एक आदत का जिक्र करते हुए बताया कि वह कई बार बिना वजह भी सॉरी बोलने लगते हैं. उन्होंने एक किस्सा साझा किया कि एक बार कोई अपने मोमेंट में था और वह गलती से बीच में आ गए. इसके बाद वह खुद अपने काम में लग गए, लेकिन जब उन्हें एहसास हुआ कि कोई पीछे मौजूद है तो उन्होंने तुरंत सॉरी-सॉरी कहना शुरू कर दिया. बाबिल ने बताया कि ऐसी परिस्थितियों में उनका इंस्टिंक्ट रुकने लगता है और वह खुद पर संदेह करने लगते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह महिलाओं के साथ सहज रहते हैं.
क्या है बाबिल के शौक?
बाबिल खान एक्टिंग के अलावा म्यूजिक, गिटार, स्कूबा डाइविंग, रॉक क्लाइंबिंग, गोल्फ और क्रिकेट जैसे कई शौक रखते हैं. रचित सिंह ने उनसे पूछा कि इन तमाम एक्टिविटीज के बीच उन्हें किस प्रोजेक्ट में सबसे ज्यादा मजा आया. इस पर बाबिल ने बताया कि इसी अनुभव से उन्हें समझ आया कि वह वास्तव में क्या करना चाहते हैं और किस काम में बेहतर हो सकते हैं.
उन्होंने कहा कि छह साल के एक्टिंग करियर में पहली बार उन्हें किसी प्रोजेक्ट में इतना मजा आया. इससे पहले उन्हें 'द रेलवे मेन' में काम करके अच्छा लगा था और अब इस प्रोजेक्ट में भी उन्हें वही अनुभव हुआ.
बाबिल खान ने डेटिंग के बारे में क्या कहा?
अपनी पर्सनल लाइफ पर बात करते हुए बाबिल ने बताया कि वह फिलहाल किसी को डेट नहीं कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि किसी इंसान के लिए स्टेटस और लुक्स उनके मायने नहीं रखते. उनके लिए ये चीजें किसी रिश्ते में सबसे बड़ी प्राथमिकता नहीं हैं. बाबिल ने यह भी बताया कि पिछले छह सालों में उनके अंदर काफी रिफाइनमेंट आया है और वह पहले के मुकाबले खुद को बेहतर समझने लगे हैं.
ट्रोलिंग और मुश्किल हालात से कैसे निपटते हैं?
बाबिल ने बताया कि जैसे ही वह घर से बाहर निकलते हैं, उन्हें सेलिब्रिटी होने का एहसास होने लगता है. हालांकि, जब वह पीछे मुड़कर अपने सफर को देखते हैं तो उन्हें खुशी होती है कि वह किन मुश्किल हालातों से निकलकर यहां तक पहुंचे हैं. ट्रोलिंग के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने दर्द के साथ आगे बढ़ना सीख लिया है. अब वह इसे अपनी जिंदगी का हिस्सा मान चुके हैं.
बाबिल ने कला को लेकर भी अपनी सोच साझा की. उनके मुताबिक, कोई भी आर्ट का पूरी तरह मास्टर नहीं बन सकता, बल्कि उसमें अपनी भागीदारी निभा सकता है. उन्होंने यह भी बताया कि इंडस्ट्री में वह सिद्धार्थ गुप्ता को महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू से प्रेरित होते देखते हैं.
'मेरे साथ रहना थोड़ा मुश्किल है'
अपनी पर्सनैलिटी के बारे में बाबिल ने कहा कि वह ऐसे इंसान हैं जिन्हें प्यार करना आसान है, लेकिन उनके साथ रहना थोड़ा मुश्किल हो सकता है. उन्होंने बताया कि वह छोटी-छोटी बातों से जल्दी परेशान हो जाते हैं. हालांकि, पहले और आज के बाबिल में एक बड़ा अंतर यह है कि उन्होंने खुद को जैसा बनाए रखने के लिए काफी कुछ झेला है.
बातचीत के दौरान बाबिल ने रचित सिंह से भी उनकी जर्नी और काम के दौरान खुद को पूरी तरह समर्पित करने के बारे में सवाल किया. इस पर रचित ने कहा कि हर प्रोजेक्ट में खुद से 100 प्रतिशत देने का दबाव नहीं लेना चाहिए. कैमरे के सामने जितना ज्यादा काम करेंगे, उतना ही बेहतर होते जाएंगे. रचित ने यह भी बताया कि वह अभिनेता जयदीप अहलावत के बड़े फैन हैं.




