दो शादियां, दो तलाक और अब 20 साल छोटी Shubhra Shetty के साथ रिलेशन... ऐसी है अनुराग कश्यप की पर्सनल लाइफ
अनुराग कश्यप की निजी जिंदगी भी उनके करियर की तरह उतार-चढ़ाव से भरी रही है. सबसे पहले आरती से शादी फिर तलाक. दूसरी बार कल्की से शादी के बाद तलाक और अब शुभ्रा शेट्टी के साथ अफेयर की खबर सुर्खियों में है.
हिंदी सिनेमा के उन चुनिंदा फिल्म मेकर्स में अनुराग कश्यप का नाम लिया जाता है, जिन्होंने अपनी अलग सोच, बेबाक अंदाज और एक्सपेरिमेंटल फिल्मों के दम पर एक खास पहचान बनाई. डायरेक्टर, राइटर, प्रोड्यूसर, एक्टर के रूप में काम कर चुके अनुराग ने मेन स्ट्रीम के बॉलीवुड से अलग हटकर ऐसी कहानियों को पर्दे पर उतारा, जिनमें समाज की सच्चाई, अपराध, राजनीति, रिश्ते और आम लोगों की जिंदगी की जटिलताएं नजर आती हैं. उनका जन्म 10 सितंबर 1972 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हुआ था.
अनुराग कश्यप का फिल्मी सफर आसान नहीं रहा. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से पढ़ाई की और इसके बाद थिएटर से जुड़े. बाद में फिल्मों की दुनिया में कदम रखा और लेखक के तौर पर अपनी पहचान बनानी शुरू की. राम गोपाल वर्मा की चर्चित फिल्म ‘सत्या’ के लेखन से उन्हें बड़ी पहचान मिली. इसके बाद उन्होंने ‘पांच’ के जरिए डायरेक्शन की शुरुआत की, हालांकि यह फिल्म रिलीज नहीं हो सकी. इसके बावजूद अनुराग ने हार नहीं मानी और लगातार अपने तरीके का सिनेमा बनाने की कोशिश करते रहे.
डायरेक्टर के रूप में अनुराग कश्यप की फिल्मों में ‘ब्लैक फ्राइडे’, ‘नो स्मोकिंग’, ‘देव डी’, ‘गुलाल’, ‘दैट गर्ल इन येलो बूट्स’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘अग्ली’ और ‘रमन राघव 2.0’ जैसी फिल्में शामिल हैं. खासतौर पर 2012 में आई ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ ने उन्हें देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अलग पहचान दिलाई. फिल्म की कहानी, संवाद, किरदार और देसी अंदाज आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं. ‘देव डी’ और ‘गुलाल’ जैसी फिल्मों ने भी यह साबित किया कि अनुराग पारंपरिक फिल्मी फॉर्मूले से अलग जाकर कहानी कहने में विश्वास रखते हैं.
अनुराग सिर्फ डायरेक्टर ही नहीं, बल्कि एक सफल प्रोड्यूसर भी रहे हैं. उनकी फिल्मों और प्रोडक्शन से कई नए कलाकारों, राइटरों और डायरेक्टरों को पहचान मिली. ‘उड़ान’ और ‘द लंचबॉक्स’ जैसी चर्चित फिल्मों के निर्माण से भी उनका नाम जुड़ा रहा. उन्होंने 2009 में 'अनुराग कश्यप फिल्म्स' की स्थापना की और भारतीय सिनेमा में नए और अलग तरह के कंटेंट को आगे बढ़ाने की कोशिश की.
अनुराग की पर्सनल लाइफ के बारे में बात करें तो उन्हें नॉन वेज खाना पसंद है. लिखना और स्विमिंग भी इनके शौक हैं. इनके पिुता प्रकाश सिंह UPPCL में चीफ इंजीनियर के रूप में काम कर चुके हैं जबकि भाई अभिनव कश्यप फिल्म डायरेक्टर और स्क्रीन राइटर हैं. बहन का नाम अनुभूति कश्यप है.
प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ अनुराग कश्यप की पर्सनल लाइफ भी अक्सर सुर्खियों में रही है. उनकी पहली शादी फिल्म एडिटर आरती बजाज से साल 1997 में हुई थी. दोनों की एक बेटी आलिया कश्यप हैं. जिनका जन्म 2001 में हो गया था इसके बाद 2009 में दोनों का तलाक हो गया.
इसके बाद अनुराग की जिंदगी में अभिनेत्री कल्कि कोचलिन आईं. दोनों ने 2011 में शादी की, लेकिन यह रिश्ता भी लंबे समय तक नहीं चल सका और 2015 में दोनों का तलाक हो गया.
अनुराग कश्यप हाल के दिनों में एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. वह 20 साल छोटी शुभ्रा शेट्टी के साथ लंबे समय से रिश्ते में हैं. दोनों के बीच उम्र के अंतर को लेकर भी चर्चा होती रही है. अनुराग ने हालिया बातचीत में इस रिश्ते और इसे लेकर होने वाली सामाजिक प्रतिक्रियाओं पर खुलकर बात की है.
अनुराग कश्यप अपने बेबाक बयानों के लिए भी जाने जाते हैं. वह फिल्म इंडस्ट्री, सेंसरशिप, रचनात्मक आजादी और बॉलीवुड की कार्यशैली जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते हैं. यही वजह है कि उनका नाम कई बार विवादों से भी जुड़ता रहा है। हालांकि, उनके समर्थकों का मानना है कि अनुराग कश्यप ने हमेशा अपनी शर्तों पर काम करने की कोशिश की है और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.
फिल्म निर्माण के अलावा अनुराग ने अभिनय में भी हाथ आजमाया है और हाल के वर्षों में कई फिल्मों तथा प्रोजेक्ट्स में अभिनेता के तौर पर नजर आए हैं. उन्होंने यह भी कहा है कि फिल्म बनाना और लिखना उनका असली जुनून है, जबकि अभिनय उनके लिए एक अलग तरह का अनुभव रहा है.
आज अनुराग कश्यप भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली और अलग सोच रखने वाले फिल्मकारों में गिने जाते हैं. उनकी फिल्मों को लेकर राय भले ही अलग-अलग हो, लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि उन्होंने हिंदी सिनेमा में कहानी कहने के अंदाज को नई दिशा दी है.
उनकी पर्सनल लाइफ के उतार-चढ़ाव हों या प्रोफेशनल करियर की चुनौतियां, अनुराग कश्यप लगातार अपनी बेबाकी और रचनात्मकता के कारण चर्चा में बने रहते हैं. हाल में उनकी फिल्म ‘निशानची’ को लेकर भी चर्चा रही, जिसे उन्होंने अपने पसंदीदा क्लासिक भारतीय सिनेमा के प्रति एक तरह की श्रद्धांजलि बताया है.




