पहला मुक्का कौन मारेगा... जब मनोज तिवारी और रवि किशन ने रोक दी 6 घंटे शूटिंग, Bigg Boss 20 में Aamrapali Dubey ने खोला कौनसा राज?
बिग बॉस 20 में भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे ने मनोज तिवारी और रवि किशन से जुड़ा मजेदार किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि फिल्म 'गंगा जमुना सरस्वती' की शूटिंग के दौरान दोनों कलाकार एक फाइट सीन में पहला मुक्का कौन मारेगा, इसे लेकर करीब छह घंटे तक बहस करते रहे. आम्रपाली की कहानी सुनकर घरवाले भी हैरान हुए और उनका मनोरंजन भी हुआ.
बिग बॉस 20 की कंटेस्टेंट और भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे ने घर में बातचीत के दौरान भोजपुरी फिल्मों से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया. उन्होंने रवि किशन और मनोज तिवारी से जुड़ी एक घटना याद करते हुए बताया कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों आर्टिस्ट के बीच एक फाइट सीन को लेकर ऐसी बहस हुई कि पूरी यूनिट को करीब छह घंटे तक इंतजार करना पड़ा.
आम्रपाली ने बताया कि यह मामला फिल्म 'गंगा जमुना सरस्वती' की शूटिंग के दौरान का है. फिल्म में रवि किशन और मनोज तिवारी को एक-दूसरे के आमने-सामने फाइट सीन करना था. लेकिन दोनों के बीच इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई कि सीन में पहला मुक्का कौन मारेगा.
पहले मुक्के को लेकर अड़ गए रवि और मनोज
आम्रपाली ने बताया मनोज तिवारी का मानना था कि सीन में पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए आ रही है. ऐसे में कार्रवाई की शुरुआत पुलिस की तरफ से होनी चाहिए. वहीं रवि किशन का तर्क बिल्कुल अलग था. उनका कहना था कि इससे पहले के डायलॉग में उनके किरदार का उस इलाके पर दबदबा दिखाया जा चुका है. ऐसे में कोई उन्हें पहले कैसे मार सकता है.
दोनों कलाकार अपनी-अपनी बात पर कायम रहे और मामला इतना लंबा खिंच गया कि शूटिंग रोकनी पड़ी. आम्रपाली ने बिग बॉस के घर में यह किस्सा सुनाते हुए बताया कि उस समय पूरी टीम इस बहस के खत्म होने का इंतजार करती रही.
निरहुआ ने निकाला बीच का रास्ता
जब रवि किशन और मनोज तिवारी के बीच सहमति नहीं बन पाई, तो दिनेश लाल यादव यानी निरहुआ ने मामले को सुलझाने की कोशिश की. आम्रपाली ने बताया कि निरहुआ ने एक तरीका सुझाया. उन्होंने कहा कि रवि और मनोज दोनों ऐसे हाथ उठाएं जैसे वे एक-दूसरे पर हमला करने वाले हों और वह दोनों के बीच आकर उन्हें रोक दें.
हालांकि, यह सुझाव भी तुरंत फाइनल नहीं हुआ. शूटिंग को आगे बढ़ाने के लिए टीम को आखिरकार एक ऐसा समाधान निकालना पड़ा, जिस पर सभी सहमत हो सकें.
छह घंटे बाद हुआ फैसला
आम्रपाली के मुताबिक, करीब छह घंटे की चर्चा के बाद तय हुआ कि पहला मुक्का दिनेश लाल यादव का किरदार मारेगा. इसके बाद रवि किशन और मनोज तिवारी के बीच फाइट सीन आगे बढ़ाया गया. इस तरह लंबे समय से रुकी शूटिंग आखिरकार पूरी हो सकी.
'गंगा जमुना सरस्वती' को डायरेक्ट हैरी फर्नांडीस ने किया था. फिल्म में रवि किशन, मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव के अलावा रानी चटर्जी, पाखी हेगड़े और रिंकू घोष भी नजर आई थीं. यह भोजपुरी फिल्म साल 2012 में रिलीज हुई थी. आम्रपाली का यह किस्सा अब बिग बॉस 20 के घर में चर्चा का हिस्सा बन गया है.




