2029 तक 5 ट्रिलियन डॉलर Economy बनना भारत के लिए कितना मुश्किल? Growth के सामने 7 बड़े खतरे, Explainer
FY29 तक भारत की 5 ट्रिलियन डॉलर Economy बनने की राह में रुपये की कमजोरी, महंगा तेल, कमजोर Export, Private Investment और Global Crisis समेत 7 बड़े खतरे हैं.
भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का सपना अब सिर्फ सरकारी लक्ष्य नहीं, बल्कि दुनिया की आर्थिक ताकतों में इंडिया की अगली छलांग का पैमाना बन चुका है. अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के अनुमानों के मुताबिक भारत FY29 तक करीब 5.1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन सकता है, लेकिन सवाल यह है कि क्या यह लक्ष्य आसानी से हासिल हो जाएगा? जवाब है- नहीं. GDP की रफ्तार, रुपये की कीमत, निजी निवेश, रोजगार, निर्यात और वैश्विक तनाव जैसे कई मोर्चे भारत की राह मुश्किल बना सकते हैं. यानी 5 ट्रिलियन डॉलर की मंजिल दिखाई दे रही है, पर रास्ते में 7 बड़े आर्थिक खतरे खड़े हैं. जानें क्या?
1. रुपये की कमजोरी 5 ट्रिलियन डॉलर का खेल बिगाड़ सकती है?
सबसे पहले समझिए कि 5 ट्रिलियन डॉलर का लक्ष्य रुपये में नहीं, डॉलर में मापा जाता है. मान लीजिए, भारत की GDP रुपये में तेजी से बढ़ती है, लेकिन उसी दौरान रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर होता जाता है. ऐसे में डॉलर में भारत की अर्थव्यवस्था का आकार उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ेगा. यही वजह है कि सिर्फ GDP ग्रोथ तेज होना पर्याप्त नहीं है. भारत सरकार को रुपये की स्थिरता भी बनाए रखनी होगी. डॉलर की मजबूती, विदेशी पूंजी का बाहर जाना, महंगा कच्चा तेल और बढ़ता आयात बिल रुपये पर दबाव डाल सकते हैं.
2. क्या 6-7% की Growth से भारत FY29 तक लक्ष्य हासिल कर लेगा?
इंटरनेशनल जर्नल आफ एकेडमिक रिसर्च (https://www.ijar.org.in) के अनुसार भारत की आर्थिक विकास दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले मजबूत है, लेकिन 5 ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य के लिए नॉमिनल GDP ग्रोथ बेहद महत्वपूर्ण होगी. IMF के अनुमानों में आने वाले वर्षों में भारत की वास्तविक ग्रोथ मजबूत रहने की उम्मीद है, लेकिन महंगाई और रुपये की चाल भी डॉलर में GDP का आकार तय करेगी. यानी असली चुनौती सिर्फ 6-7% की रियल ग्रोथ बनाए रखना नहीं, बल्कि पर्याप्त नॉमिनल ग्रोथ हासिल करना है. इसके लिए जरूरी निवेश, उत्पादन और मैन्युफैक्चरिंग की रफ्तार निर्णायक भूमिका निभाएगी. क्या भारत इन पैमानों पर सही उतर पाएगा?
3. क्या महंगा तेल बिगाड़ सकता है इकोनॉमी की गणित?
भारत की एनर्जी जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा होता है. ऐसे में अगर पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ता है या किसी बड़े भू-राजनीतिक संकट के कारण कच्चे तेल की कीमत अचानक बढ़ती है तो इसका असर सीधे भारत पर पड़ता है. तेल महंगा होने से आयात बिल बढ़ता है, चालू खाते पर दबाव आता है और रुपये की कीमत प्रभावित हो सकती है. इसके बाद महंगाई बढ़ने का खतरा भी पैदा होता है. यानी एक तरफ तेल महंगा, दूसरी तरफ रुपया कमजोर- तो डॉलर में GDP बढ़ाने की चुनौती और बड़ी हो जाती है.
4. क्या कमजोर Export भारत की ट्रिलियन डॉलर की रफ्तार रोक सकता है?
इंडिया की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत घरेलू मांग है, लेकिन दुनिया की बड़ी आर्थिक शक्ति बनने के लिए निर्यात में भी बड़ी छलांग जरूरी है. अमेरिका, यूरोप और दूसरे बड़े बाजारों में आर्थिक सुस्ती, नए टैरिफ और ट्रेड वॉर भारतीय कंपनियों के लिए चुनौती पैदा कर सकते हैं. सरकार PLI जैसी योजनाओं के जरिए इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, फार्मा और दूसरे क्षेत्रों में उत्पादन बढ़ाने की कोशिश कर रही है. लेकिन सवाल यह है कि क्या भारतीय उत्पाद वैश्विक बाजार में पर्याप्त तेजी से जगह बना पाएंगे? यही 5 ट्रिलियन डॉलर की कहानी का बड़ा टेस्ट होगा.
5. क्या Private Investment और रोजगार की कमी सबसे बड़ी अड़चन है?
सरकार सड़क, रेलवे, बंदरगाह और दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े पैमाने पर पूंजीगत खर्च कर रही है. लेकिन सरकार हमेशा अकेले विकास की गाड़ी नहीं खींच सकती. लंबे समय तक तेज ग्रोथ के लिए निजी कंपनियों को बड़े पैमाने पर निवेश करना होगा. नई फैक्ट्रियां लगेंगी, उत्पादन बढ़ेगा और कारोबार का विस्तार होगा तभी बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा होंगे.
इसके साथ एक और चुनौती है- स्किल गैप. भारत के पास बड़ी युवा आबादी है, लेकिन उद्योगों को जिस तरह के कुशल कर्मचारियों की जरूरत है, उस हिसाब से स्किलिंग और रोजगार के बीच अभी भी अंतर दिखाई देता है. अगर आर्थिक ग्रोथ पर्याप्त नौकरियां नहीं पैदा करती तो इसका असर खपत और मांग पर भी पड़ सकता है.
6. क्या Capex मॉडल हमेशा Growth को संभाल सकता है?
5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लिए सरकार ने Capex-led growth पर जोर दिया है. सड़क, रेलवे, पोर्ट, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर निवेश से अर्थव्यवस्था की क्षमता बढ़ती है. नेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर पाइपलाइन और मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने जैसी रणनीतियां इसी दिशा में हैं.
लेकिन इसके सामने राजकोषीय दबाव भी है. सरकार को विकास पर खर्च करने के साथ कर्ज और राजकोषीय घाटे को भी नियंत्रित रखना होता है. इसलिए असली सफलता तब होगी जब सरकारी निवेश के साथ निजी निवेश भी तेजी से बढ़े और सरकारी खर्च भविष्य में ज्यादा आर्थिक गतिविधि पैदा करे.
7. क्या Global Crisis भारतीय अर्थव्यवस्था में मंदी ला सकता है?
इंटरनेशनल जर्नल आफ एकेडमिक रिसर्च (ijar.org.in) भारत चाहे घरेलू स्तर पर कितना भी मजबूत प्रदर्शन करे, वह वैश्विक अर्थव्यवस्था से अलग नहीं रह सकता. अमेरिका-चीन तनाव, पश्चिम एशिया में संघर्ष, नए टैरिफ, सप्लाई चेन में बदलाव और वैश्विक मंदी जैसे जोखिम भारतीय अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं. तेल से लेकर निर्यात और विदेशी निवेश तक इसका असर दिखाई दे सकता है.
यही वजह है कि 5 ट्रिलियन डॉलर का लक्ष्य सिर्फ GDP बढ़ाने की दौड़ नहीं है. भारत को ऊंची ग्रोथ, स्थिर मुद्रा, मजबूत निर्यात, निजी निवेश, रोजगार और वैश्विक झटकों से निपटने की क्षमता—इन सभी मोर्चों पर एक साथ बेहतर प्रदर्शन करना होगा.
तो क्या FY29 तक 5 ट्रिलियन डॉलर संभव है?
मोदी सरकार ने जो लक्ष्य तय किया है वो संभव दिखाई देता है, लेकिन यह अपने आप हासिल नहीं होगा. IMF के अनुमानों के मुताबिक भारत FY29 तक करीब 5.1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था तक पहुंच सकता है. लेकिन इसके लिए अगले कुछ वर्षों में लगातार मजबूत नॉमिनल GDP ग्रोथ, निवेश, मैन्युफैक्चरिंग, निर्यात और उत्पादकता बढ़ानी होगी. यानी भारत की असली परीक्षा सिर्फ यह नहीं है कि GDP कितनी तेजी से बढ़ती है, बल्कि यह है कि यह ग्रोथ कितनी टिकाऊ है, कितने रोजगार पैदा करती है और डॉलर के मुकाबले अर्थव्यवस्था का आकार कितनी तेजी से बढ़ाती है.
भारत अभी कहां खड़ा है?
5 ट्रिलियन डॉलर की मंजिल को समझने के लिए पहले भारत की मौजूदा स्थिति देखना जरूरी है. World Bank के 2025 के आंकड़ों के मुताबिक भारत की नॉमिनल GDP करीब 3.96 ट्रिलियन डॉलर है और अर्थव्यवस्था की वास्तविक GDP ग्रोथ 7.6% रही. यानी 5 ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए भारत को मौजूदा आकार से करीब 1.04 ट्रिलियन डॉलर और जोड़ने होंगे. वर्तमान में वैश्विक स्तर पर भारत अभी नॉमिनल GDP के हिसाब से छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है. दुनिया की कुल GDP में भारत की हिस्सेदारी करीब 3.35% है.
हालांकि, यहां एक अहम बात समझना जरूरी है- 7.6% रियल GDP ग्रोथ का मतलब यह नहीं है कि डॉलर में GDP भी 7.6% की रफ्तार से बढ़ेगी. डॉलर में अर्थव्यवस्था का आकार तय करने में रुपये की विनिमय दर, महंगाई और नॉमिनल GDP ग्रोथ भी अहम भूमिका निभाते हैं. यही वजह है कि 5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने की राह में सिर्फ तेज आर्थिक विकास नहीं, बल्कि रुपये की स्थिरता भी महत्वपूर्ण होगी.




