अब पेंशन के लिए बैंक या दफ्तर के चक्कर काटने की जरूरत नहीं, फोन से ऐसे 2 मिनट में जमा कर लें अपना DLC?
अब EPFO पेंशनर्स को बैंक या सरकारी दफ्तर जाने की जरूरत नहीं. UMANG App, Face Authentication और IPPB Doorstep Service की मदद से घर बैठे कुछ ही मिनटों में Digital Life Certificate (DLC) जमा किया जा सकता है.
अगर आपके घर में कोई EPFO पेंशनर हैं, तो यह जानकारी उनके लिए बेहद काम की है. हर साल लाखों पेंशनर्स की पेंशन सिर्फ इसलिए अटक जाती है क्योंकि उनका Digital Life Certificate (DLC) समय पर जमा नहीं हो पाता. पहले इसके लिए बैंक, कॉमन सर्विस सेंटर या सरकारी कार्यालय जाना पड़ता था, लेकिन अब तकनीक ने यह काम बेहद आसान बना दिया है.
अब पेंशनर्स अपने स्मार्टफोन से फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए कुछ ही मिनटों में जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं. इतना ही नहीं, जो बुजुर्ग मोबाइल इस्तेमाल नहीं कर पाते, उनके लिए भी EPFO ने ऐसी सुविधा शुरू की है, जिसमें सिर्फ एक फोन कॉल पर डाक कर्मी घर पहुंचकर Digital Life Certificate जमा कर देता है. आइए जानते हैं पूरा प्रोसेस और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है. आइए जानते हैं पूरा प्रोसेस...
क्या होता है डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC)?
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण पत्र इस बात का प्रमाण होता है कि पेंशनर जीवित हैं. इसे हर साल जमा करना जरूरी होता है, तभी पेंशन बिना किसी रुकावट के खाते में आती रहती है. डीएलसी जमा होने के बाद यह एक वर्ष तक वैध रहता है. इसकी वैधता आप EPFO के Pensioner Portal पर जाकर भी चेक कर सकते हैं.
मोबाइल से ऐसे जमा करें Digital Life Certificate
अगर आपके पास स्मार्टफोन है तो कुछ मिनटों में घर बैठे DLC जमा किया जा सकता है. नीचे दिए गए छोट-छोटे 10 स्टेप की मदद से आप आसानी ये DLC जमा कर सकते हैं
सबसे पहले अपने मोबाइल में UMANG App और Aadhaar Face RD App डाउनलोड करें.
- UMANG ऐप खोलें और Jeevan Pramaan सेक्शन में जाएं.
- Generate Life Certificate पर क्लिक करें.
- अब Face Authentication का विकल्प चुनें.
- अपना आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें.
- मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करें.
- अब ये जानकारी भरें-
- PPO नंबर, Pension Sanctioning अथॉरिटी, Bank नाम, Account Number
- अगर लागू हो तो Re-employed और Re-married का सही विकल्प चुनें.
- Aadhaar Face RD App को कैमरे की अनुमति दें और अपना चेहरा स्कैन करें.
- सफल फेस ऑथेंटिकेशन के बाद आपका Digital Life Certificate जमा हो जाएगा.
खुद DLC जमा नहीं कर सकते? सिर्फ एक कॉल करें
अगर कोई बुजुर्ग पेंशनर मोबाइल इस्तेमाल नहीं कर पाते या स्वास्थ्य कारणों से DLC जमा करने में असमर्थ हैं, तो EPFO ने India Post Payments Bank (IPPB) के साथ मिलकर Doorstep Service शुरू की है. इसके लिए केवल टोल-फ्री नंबर 1800-203-2900 पर कॉल करें. कॉल करने के बाद IPPB का डाक सेवक आपके घर आएगा और वहीं डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर देगा.
DLC जमा होने के बाद कैसे पता चलेगा?
प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक SMS आएगा, जिसमें Pramaan ID होगी. इस Pramaan ID की मदद से आप EPFO के Pensioner Portal पर जाकर अपने DLC का स्टेटस भी देख सकते हैं.
क्यों जरूरी है समय पर DLC जमा करना?
यदि डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट समय पर जमा नहीं किया जाता है, तो पेंशन का भुगतान अस्थायी रूप से रुक सकता है. इसलिए हर पेंशनर को अपनी DLC की वैधता समय-समय पर जांचते रहना चाहिए और समाप्त होने से पहले इसे नवीनीकृत कर देना चाहिए.




