Begin typing your search...

Budget 2026 से पहले संडे वाले शेयर मार्केट का क्या हाल? जानें किस सेक्टर में कितनी गिरावट

Budget 2026 से पहले रविवार को हुए विशेष ट्रेडिंग सत्र में शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला. सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए, लेकिन मेटल, बैंकिंग, FMCG और IT जैसे प्रमुख सेक्टरों में दबाव बना रहा. निवेशक बजट 2026 से सरकार के पूंजीगत खर्च, टैक्स नीति और विकास से जुड़े संकेतों का इंतजार कर रहे हैं, जिससे बाजार की आगे की दिशा तय होगी.

Budget 2026 से पहले संडे वाले शेयर मार्केट का क्या हाल?  जानें किस सेक्टर में कितनी गिरावट
X
( Image Source:  Sora AI )
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी

Updated on: 1 Feb 2026 10:30 AM IST

1 फरवरी 2026 को बजट पेश होने से पहले भारतीय शेयर बाजार में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. सबसे पहले तो ये बता दे कि बजट पेश होने वाले दिन यानी रविवार को शेयर मार्केट खुला है. सेंसेक्स 82,350 के स्तर पर 50 अंक से अधिक की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी 25,320 के स्तर पर 20 अंक की तेजी के साथ स्थिर है. हालांकि, मेटल, बैंकिंग और FMCG जैसे कई सेक्टर्स में गिरावट देखी जा रही है.

विशेष ट्रेडिंग सत्र में निवेशक सरकार के पूंजीगत व्यय (Capex) और बजट घोषणाओं पर नजर गड़ाए हुए हैं. बजट 2026 से जुड़ी सूचनाओं और नीतिगत संकेतों पर ही शेयर बाजार की दिशा तय होने की उम्मीद है.

सेंसेक्स और निफ्टी की स्थिति

सेंसेक्स के 30 प्रमुख शेयरों में 16 में तेजी और 14 में गिरावट देखी जा रही है. सन फार्मा, BEL और पावर ग्रिड के शेयर 3% तक नीचे हैं, वहीं इंफोसिस, टाटा स्टील और जोमैटो के शेयर 2% तक गिर गए हैं. सेंसेक्स आज सुबह 82,230 के स्तर पर 50 अंक की गिरावट के साथ खुला था. निफ्टी भी 25,300 के स्तर पर 30 अंक नीचे खुला.

मेटल और बैंकिंग सेक्टर में दबाव

निफ्टी के सेक्टोरल इंडेक्स में मेटल सेक्टर सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ, जिसमें करीब 3% की गिरावट दर्ज की गई. सरकारी बैंकिंग सेक्टर में भी 1% तक की कमजोरी नजर आई. इसके अलावा FMCG, IT, मीडिया, फार्मा, फाइनेंशियल सर्विसेज और रियल्टी सेक्टर में भी गिरावट देखने को मिली.

MCX में सोने और चांदी की कीमतों में भी दबाव है. मार्च एक्सपायरी के लिए चांदी ₹2,84,826 प्रति किलोग्राम पर खुली, जो पिछले बंद स्तर ₹2,91,925 के मुकाबले 2.43% की गिरावट है. वहीं सोने की कीमत 10 ग्राम पर ₹1,38,634 तक गिर गई, जो 9% की कटौती को दर्शाती है.

बजट के प्रति निवेशकों की उम्मीदें

निवेशक बजट 2026 से विशेष रूप से सरकार के पूंजीगत खर्च (Capex) और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने वाली योजनाओं पर ध्यान दे रहे हैं. वित्तीय नीतियों और टैक्स सुधारों में सकारात्मक संकेत मिलने पर निफ्टी और सेंसेक्स में तेजी आ सकती है.

विशेष ट्रेडिंग सत्र और ऐतिहासिक संदर्भ

यह भारतीय शेयर बाजार के इतिहास में केवल दूसरी बार है जब सप्ताहांत में बजट के लिए विशेष ट्रेडिंग हुई. इससे पहले 1999 में 27 फरवरी, शनिवार को बजट पेश होने पर बाजार खुले थे. आज निवेशक रक्षा, इन्फ्रास्ट्रक्चर, कृषि, बिजली और रेलवे जैसे सेक्टरों पर विशेष ध्यान दे रहे हैं, जो आमतौर पर बजट आवंटन से लाभान्वित होते हैं. इसके अलावा फाइनेंशियल और हाउसिंग सेक्टर में भी टैक्स और ब्याज दरों की घोषणाओं पर बाजार की प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण रहेगी.

ऑटो सेक्टर का हाल

हुंडई मोटर इंडिया ने जनवरी 2026 में रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की, जिसमें कुल 73,137 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो पिछले साल की तुलना में 11.5% अधिक है. घरेलू बिक्री 59,107 यूनिट्स (+9.5%) और निर्यात 14,030 यूनिट्स (+20.9%) रही.

बजट 2026
अगला लेख