Aaj ki Taaza Khabar: ममता बनर्जी ने CEC ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना, पूछा- कब तक BJP की सेवा करेंगे? पढ़ें 9 मार्च की बड़ी खबरें
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. सोमवार 9 मार्च 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
Live Updates
- 9 March 2026 9:43 PM
‘AI से नाम कटे तो जनता की क्या गलती?’ ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को घेरा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने मुख्य चुनाव आयुक्त Gyanesh Kumar पर तीखी टिप्पणी करते हुए चुनावी प्रक्रिया और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर सवाल उठाए हैं. कोलकाता में मीडिया से बात करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें ज्ञानेश कुमार पर 'तरस' आता है और वह उनके खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करना चाहतीं. उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई बैठक के बारे में उन्हें जानकारी मिली है और अब देखना होगा कि क्या ज्ञानेश कुमार मई महीने के बाद भी अपने पद पर बने रहते हैं या नहीं. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उनके कार्यालयों को धमकाया जा रहा है और पहले चुनाव आयोग को खुद अपनी स्थिति देखनी चाहिए. उन्होंने वोटर लिस्ट में 'लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी' यानी तार्किक गड़बड़ी का भी मुद्दा उठाया और सवाल किया कि ऐसी समस्या पहले बिहार में क्यों नहीं दिखाई दी. ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि अगर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कारण वोटर लिस्ट से लोगों के नाम हटाए गए हैं तो इसमें आम लोगों की क्या गलती है.उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर कब तक कुछ लोग भारतीय जनता पार्टी की सेवा करते रहेंगे.
- 9 March 2026 7:29 PM
सरकार ने LPG बुकिंग का समय 21 से बढ़ाकर किया 25 दिन
सरकारी सूत्रों का कहना है कि LPG पर जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए, LPG बुकिंग का समय 21 से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है. कुछ ऐसे मामले भी सामने आए हैं जहां जो लोग पहले 55 दिनों में LPG सिलेंडर बुक करते थे, उन्होंने अब 15 दिनों में LPG सिलेंडर बुक करना शुरू कर दिया है. सरकार ने रिफाइनरियों को LPG प्रोडक्शन बढ़ाने का आदेश दिया है. कमर्शियल कनेक्शन के बजाय घरेलू LPG को प्राथमिकता देने का आदेश दिया है. घरेलू ग्राहक हमेशा प्राथमिकता रहेंगे. अल्जीरिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, नॉर्वे जैसे देशों ने LPG बेचने के लिए संपर्क किया है.
- 9 March 2026 7:03 PM
कतर ने ईरान की 17 मिसाइलें और 6 ड्रोन को किया तबाह
कतर के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि उसने ईरान द्वारा खाड़ी देश की ओर दागी गई सभी 17 मिसाइलों और छह ड्रोनों को नाकाम कर दिया. इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ.
- 9 March 2026 6:08 PM
सूरत रैली में अरविंद केजरीवाल का BJP पर हमला, बोले- भोटाड घटना का बदला चुनाव में लेंगे किसान
आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 10-12 दिनों से उनके नेता प्रवीण राम, मनोज सोरठिया और इसुदान गढ़वी सोमनाथ मंदिर से गांव-गांव तक पदयात्रा कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने हजारों किसानों से मुलाकात की है.
केजरीवाल ने कहा कि इस बार गुजरात के किसान बेहद नाराज और गुस्से में हैं. उनका कहना है कि वे भोटाड की घटना का बदला लेना चाहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भोटाड में किसान ‘कराड़ा प्रथा’ के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया.
उन्होंने कहा कि पुलिस ने किसानों को बुरी तरह पीटा, उनके घरों से घसीटकर बाहर निकाला और करीब 85 किसानों को कई महीनों तक जेल में रखा. केजरीवाल ने दावा किया कि इस बार चुनाव में किसान बीजेपी को सबक सिखाएंगे.
- 9 March 2026 5:04 PM
दिल्ली में हाईकमान से मुलाकात पर बोले डीके शिवकुमार, 'किससे मिल रहा हूं, सार्वजनिक रूप से नहीं बता सकता'
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान से अपनी संभावित मुलाकात को लेकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि वह पार्टी के शीर्ष नेताओं से मिलने वाले हैं, लेकिन इस बारे में सार्वजनिक रूप से अधिक जानकारी साझा नहीं कर सकते. डीके शिवकुमार ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा पर भी टिप्पणी की और बताया कि आज एक और स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होने वाली है, हालांकि वह उस बैठक का हिस्सा नहीं हैं.
- 9 March 2026 3:54 PM
राहुल गांधी का आरोप: पश्चिम एशिया संकट पर पीएम मोदी संसद में चर्चा से भागे
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "पश्चिम एशिया संकट से कितनी हानि होगी? एक पैरेडाइम शिफ्ट की लड़ाई चल रही है. इसका हमारे देश की अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ेगा. आपने शेयर बाजार देखा. पीएम मोदी ने अमेरिका के साथ डील साइन की है. देश को बड़ा झटका लगेगा. तो फिर इसमें चर्चा करने में समस्या क्या है? हम अन्य मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं उसके बाद. क्या पश्चिम एशिया का मामला महत्वपूर्ण नहीं है?
ईंधन की कीमत और आर्थिक तबाही महत्वपूर्ण चर्चा का विषय नहीं हैं? ये जनता के मुद्दे हैं. हम इन्हें महत्वपूर्ण मानते हैं और चर्चा चाहते हैं… लेकिन वे चर्चा नहीं करना चाहते क्योंकि इससे अन्य बातें बाहर आएंगी, क्योंकि पीएम की स्थिति उजागर होगी. कैसे वह समझौते में हैं और कैसे उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है, यह सामने आएगा. इसलिए वे चर्चा नहीं करना चाहते. आपने देखा कैसे पीएम संसद से भाग गए. मैं आपको बता रहा हूँ, वे नहीं आ पाएंगे."
- 9 March 2026 3:49 PM
'ममता बनर्जी धरने के जरिए घुसपैठियों की रक्षा कर रही हैं'
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को काले झंडे दिखाए जाने पर, पश्चिम बंगाल के विपक्षी नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "यह उस धरने का हिस्सा है जिसे वर्तमान में ममता बनर्जी बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों की सुरक्षा के लिए आयोजित कर रही हैं. संविधानिक संस्थाओं के खिलाफ ऐसे कदम पश्चिम बंगाल में नई बात नहीं हैं."
- 9 March 2026 3:19 PM
इजरायल ने बेरूत पर किया हमला
लेबनान के सरकारी मीडिया ने बताया कि इजरायल ने सोमवार को बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर फिर से हमले किए, क्योंकि इज़राइल ने चेतावनी दी थी कि वह हिज़्बुल्लाह से जुड़ी एक फाइनेंशियल फर्म की ब्रांच को निशाना बनाएगा. AFPTV के लाइव ब्रॉडकास्ट में फुटेज में उस इलाके से धुएं के बड़े गुबार उठते हुए दिखे, जहां ईरान के सपोर्ट वाले ग्रुप का दबदबा है. सोमवार को पहले, इजरायली सेना ने चेतावनी दी थी कि वह अल-क़र्द अल-हसन की ब्रांच पर हमला करेगी, जो एक फाइनेंशियल फर्म है और मुख्य रूप से लेबनान के दक्षिण, पूर्व और बेरूत के दक्षिणी इलाकों में हिज़्बुल्लाह के गढ़ों में काम करती है.
- 9 March 2026 2:28 PM
JD(U) नेता निशांत कुमार ने ICC T20 में भारत की जीत पर दी बधाई
ICC T20 पुरुष वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की जीत पर JD(U) नेता निशांत कुमार ने कहा कि 'मैं दिल से बधाई देता हूँ. टीम को आगे भी इसी तरह के प्रदर्शन करने चाहिए. इशान किशन ने बिहार का नाम रोशन किया है. यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम उसी राज्य से हैं.'
- 9 March 2026 2:07 PM
इजराइली हमले में ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई घायल- दावा
ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे, मुजतबा खामेनेई कथित रूप से इजराइली हमले में घायल हो गए हैं. टाइम्स ऑफ़ इज़राइल की रिपोर्ट के अनुसार, वे मौजूदा युद्ध के दौरान घायल हुए.
सरकारी टीवी ने मुजतबा को “जानबाज” बताया, जिसका मतलब है कि वे दुश्मन के हमले में घायल हुए हैं. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ कि उन्हें किस घटना में चोट आई. 28 फरवरी को उनकी पत्नी, बेटी और पिता की मौत के बाद मुजतबा जंग शुरू होने के बाद सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए.
बीती रात उन्हें ईरान का नया सुप्रीम लीडर घोषित किया गया. इससे पहले इजराइल और अमेरिका ने बिना इजाजत नए सुप्रीम लीडर को चुनने पर चेतावनी दी थी और कहा था कि जो भी ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनेगा, उसे ढूंढकर खत्म कर दिया जाएगा.




