कौन हैं Susan Coyle, जो बनने जा रही Australia की पहली Female Army Chief? 125 साल के इतिहास में पहली बार होगा ऐसा

 Susan Coyle

(Image Source:  X@clashobserver )
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 13 April 2026 11:28 PM IST

Who is Susan Coyle: ऑस्ट्रेलिया ने अपने 125 साल की सैन्य इतिहास में पहली बार एक महिला को सेना प्रमुख नियुक्त किया है. लेफ्टिनेंट जनरल सुसान कॉयल जुलाई से ऑस्ट्रेलियन आर्मी की नई चीफ बनेंगी. वह मौजूदा सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल साइमन स्टुअर्ट की जगह लेंगी.

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि 125 साल के इतिहास में पहली बार किसी महिला को यह जिम्मेदारी दी जा रही है. वहीं, रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने इसे 'गहराई से ऐतिहासिक पल' बताया. उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति सेना में काम कर रही महिलाओं और भविष्य में सेना में शामिल होने की इच्छुक महिलाओं के लिए प्रेरणा बनेगी.

कौन हैं सुसान कॉयल?

55 वर्षीय सुसान कॉयल ने करीब तीन दशक लंबे करियर में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. उन्होंने अफगानिस्तान, सोलोमन द्वीप और मध्य पूर्व में सैन्य सेवाएं दी हैं. उन्होंने 1987 में सेना जॉइन की थी और 1992 में ऑस्ट्रेलियन डिफेंस फोर्स अकादमी से अधिकारी के रूप में ग्रेजुएशन किया. इसके बाद उन्होंने जॉइंट टास्क फोर्स 633, टास्क ग्रुप अफगानिस्तान और इंफॉर्मेशन वॉरफेयर जैसी अहम जिम्मेदारियां संभालीं. जुलाई 2024 से वे चीफ ऑफ जॉइंट कैपेबिलिटी के पद पर कार्यरत हैं, जहां वे स्पेस, साइबर और आधुनिक रक्षा प्रणाली से जुड़े क्षेत्रों की कमान संभाल रही हैं.

सेना में महिलाओं की संख्या बढ़ाने की कोशिश

सुसान कॉयल की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब ऑस्ट्रेलिया की सेना महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश कर रही है. वर्तमान में ऑस्ट्रेलियन डिफेंस फोर्स में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 21% है, जबकि वरिष्ठ नेतृत्व में यह आंकड़ा 18.5% है. सरकार ने 2030 तक इसे 25% तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है. पिछले साल सेना पर महिला अधिकारियों के साथ उत्पीड़न और भेदभाव के आरोप भी लगे थे, जिसके बाद सुधार की मांग तेज हुई थी.

रक्षा ढांचे में बड़ा बदलाव

ऑस्ट्रेलिया की सेना इस समय बड़े आधुनिकीकरण से गुजर रही है. सेना को लंबी दूरी की मिसाइलें, ड्रोन और आधुनिक युद्ध तकनीक से लैस किया जा रहा है. सुसान कॉयल को इन बदलावों के लिए अहम चेहरा माना जा रहा है.

कौन बना ADF का नया चीफ? 

सरकार ने एक और बड़ा फैसला लेते हुए वाइस एडमिरल मार्क हैमंड को ऑस्ट्रेलियन डिफेंस फोर्स का नया चीफ नियुक्त किया है. वह एडमिरल डेविड जॉनस्टन की जगह लेंगे. मार्क हैमंड ने 2021 में AUKUS रक्षा समझौता में अहम भूमिका निभाई थी, जिसके तहत अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया ने चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए रक्षा सहयोग बढ़ाया था. मैथ्यू बकले को नौसेना का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है.   

Similar News