'खून ही खून', रूस के मेडिकल कॉलेज में भारतीय छात्रों पर हमला; कई लोग घायल- Video आया सामने

रूस के ऊफ़ा शहर में यूनिवर्सिटी हॉस्टल में हुए चाकू हमले में चार भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल हो गए. भारतीय दूतावास ने सहायता के लिए अधिकारियों को मौके पर भेजा है.;

( Image Source:  @AdityaRajKaul- X )
Edited By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 8 Feb 2026 7:52 AM IST

रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी ऊफ़ा (Ufa) में स्थित एक विश्वविद्यालय के हॉस्टल में हुए चाकू हमले ने भारतीय छात्रों समेत विदेशी छात्रों के बीच दहशत फैला दी है. इस हमले में चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर पुष्टि की कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और पीड़ित छात्रों को हर संभव मदद दी जा रही है.

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब बड़ी संख्या में भारतीय छात्र रूस में मेडिकल और तकनीकी शिक्षा के लिए रह रहे हैं. हमले की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया और रूसी मीडिया में अफरा-तफरी मच गई, वहीं भारतीय छात्रों के परिजन भी गहरी चिंता में हैं.

ऊफ़ा में हमला कब और कहां हुआ?

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हमला रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के ऊफ़ा शहर में स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के हॉस्टल के स्पोर्ट्स हॉल में हुआ. बताया गया कि एक किशोर चाकू लेकर परिसर में दाखिल हुआ और छात्रों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में कई छात्र घायल हुए, जिनमें चार भारतीय छात्र भी शामिल हैं. घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.

भारतीय दूतावास ने क्या कहा?

भारतीय दूतावास, मॉस्को ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 'ऊफ़ा में हमले की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है. इसमें कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार भारतीय छात्र भी शामिल हैं. दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और कज़ान स्थित वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायल छात्रों को सहायता प्रदान करने के लिए ऊफ़ा की ओर रवाना हो चुके हैं.' दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी ऊफ़ा के लिए रवाना हो चुके हैं और घायलों को हर संभव सहायता दी जा रही है.

हमलावर कौन था और उसने कैसे हमला किया?

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, प्रारंभिक रिपोर्ट्स में बताया गया है कि हमलावर एक किशोर था, जिसकी उम्र लगभग 15 साल बताई जा रही है. वह चाकू से लैस होकर यूनिवर्सिटी परिसर में घुसा और छात्रों पर हमला कर दिया. हमले के बाद जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की, तो उसने विरोध किया और इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी चाकू से घायल हो गए.

रूसी गृह मंत्रालय ने क्या जानकारी दी?

रूस के गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क ने न्यूज वेबसाइट RTVI को बताया कि 'हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध किया, इस दौरान दो पुलिसकर्मियों को चाकू मारा गया। इसके अलावा, संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक नुकसान पहुंचाया. उन्होंने कहा कि हमलावर ने खुद को भी नुकसान पहुंचाया और फिलहाल उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

क्या एक से ज्यादा हमलावर थे?

रूसी टेलीग्राम चैनलों और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के अनुसार, इस हमले में दो हमलावर होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं. हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि एक 15 वर्षीय किशोर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

रूस में भारतीय छात्रों की संख्या कितनी है?

रूस भारतीय छात्रों के लिए मेडिकल शिक्षा का एक बड़ा केंद्र रहा है. यूक्रेन युद्ध से पहले यूक्रेन और रूस दोनों ही देश भारतीय मेडिकल छात्रों की पहली पसंद थे. हजारों भारतीय छात्र आज भी रूस के विभिन्न शहरों में पढ़ाई कर रहे हैं. इस घटना ने एक बार फिर विदेशी छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

घायल भारतीय छात्रों की स्थिति कैसी है?

भारतीय दूतावास के अनुसार, चारों भारतीय छात्र घायल जरूर हुए हैं लेकिन उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. स्थानीय प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है. दूतावास ने भारतीय छात्रों और उनके परिवारों को भरोसा दिलाया है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है.

Similar News