US मिडटर्म इलेक्शन बुरी तरह हारी पार्टी, लेकिन 41 मिनट तक बॉलरूम की ही तारीफ करते रहे ट्रंप; पहली स्पीच में क्या-क्या कहा? 10 पॉइंट्स
| मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के अगले दिन ट्रंप ने 41 मिनट से ज्यादा समय व्हाइट हाउस के नए बॉलरूम और निर्माण योजनाओं की तारीफ में बिताया. पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने माना कि ईरान युद्ध चुनावी हार की बड़ी वजह हो सकता है, लेकिन कहा कि वह अपना फैसला नहीं बदलते.
अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगने के अगले ही दिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मीडिया के सामने आए, लेकिन उन्होंने अपनी पार्टी की हार पर बात करने के बजाय व्हाइट हाउस में बन रहे नए बॉलरूम का बखान शुरू कर दिया. करीब 41 मिनट तक ट्रंप इसी निर्माण परियोजना, उसकी भव्यता और वॉशिंगटन में चल रहे दूसरे निर्माण कार्यों की चर्चा करते रहे. चुनावी नतीजों पर उन्होंने तब बात की, जब एक पत्रकार ने उनसे सीधे सवाल पूछा.
बुधवार दोपहर निर्माण स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में ट्रंप ने हाथ में माइक्रोफोन लेकर छत की ऊंचाई, कोरिंथियन शैली के खंभों, फर्श के डिजाइन और इस्तेमाल होने वाले इटैलियन मार्बल तक की जानकारी दी. उन्होंने निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की तारीफ की और दावा किया कि परियोजना तय समय से आगे चल रही है तथा बजट के भीतर है.
ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव में हार के बाद अपने पहले भाषण में क्या-क्या कहा?
- ट्रंप ने बताया कि प्रस्तावित बॉलरूम के नीचे पांच मंजिल गहराई में अत्याधुनिक बंकर बनाया जा रहा है. उन्होंने इसे वॉशिंगटन की सबसे सुरक्षित जगह बताया. ट्रंप के मुताबिक, सेना ने इस बात को लेकर सवाल उठाए थे कि व्हाइट हाउस जैसी संवेदनशील और पुरानी इमारत के नीचे खुदाई करना कितना सुरक्षित होगा. इसके बाद उनकी टीम ने सेना की बताई शर्तों के अनुसार काम किया.
- अमेरिकी राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस के लॉन में बने नए हेलीपैड और राजधानी में चल रहे सौंदर्यीकरण के कामों का भी जिक्र किया. यहां तक कि पोटोमैक नदी के पास एक गोल्फ कोर्स के पुनर्विकास की बात करते हुए उन्होंने उसे 'ट्रैश आइलैंड' कहा. ट्रंप ने निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों से कहा कि पूरा प्रोजेक्ट तय समय से पहले और निर्धारित बजट में पूरा हो रहा है. उन्होंने इसे चमत्कार बताते हुए इसका श्रेय मजदूरों को दिया.
- ट्रंप बॉलरूम की खूबियां गिना रहे थे, उसी दौरान मिडटर्म चुनाव के नतीजे उनकी पार्टी के लिए बड़ा झटका बनकर सामने आए. डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बढ़त हासिल कर कांग्रेस पर नियंत्रण पा लिया है. डेमोक्रेट्स ने सीनेट की कम से कम सात सीटें रिपब्लिकन पार्टी से छीनीं और प्रतिनिधि सभा में भी बहुमत के लिए जरूरी 218 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया.
- चुनाव से पहले प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन पार्टी के पास 218 और सीनेट में 53 सीटें थीं. अब सत्ता का यह समीकरण बदलने से ट्रंप के लिए अपने एजेंडे को कांग्रेस से मंजूरी दिलाना पहले के मुकाबले मुश्किल हो सकता है. नई डेमोक्रेटिक बहुमत वाली कांग्रेस प्रशासन के फैसलों की जांच और नियुक्तियों पर रोक लगाने जैसे कदम भी उठा सकती है.
- यह पहली बार नहीं था जब ट्रंप ने किसी बड़े राजनीतिक मौके पर निर्माण कार्यों को चर्चा का केंद्र बनाया. चुनाव से ठीक पहले सोमवार को उन्होंने व्हाइट हाउस के नए सिरे से तैयार किए गए रिफ्लेक्टिंग पूल के सामने भी भाषण दिया था. उस दौरान ट्रंप ने कहा था कि आमतौर पर मध्यावधि चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति की पार्टी को नुकसान होता है. हालांकि, उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी ने चुनाव में मजबूत प्रदर्शन की पूरी कोशिश की है. इसके बाद उन्होंने काफी देर तक पूल की नई पाइपलाइन, सफाई और शैवाल की समस्या पर बात की. अपने दावों को समझाने के लिए उन्होंने कुछ तस्वीरें भी दिखाईं.
- बॉलरूम के निर्माण स्थल पर पत्रकारों ने ट्रंप से चुनावी हार के बारे में सवाल किया. एक रिपोर्टर ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने ईरान युद्ध को रिपब्लिकन पार्टी की हार की बड़ी वजह बताया था. इस पर ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है वेंस की बात काफी हद तक सही है. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर उन्हें दोबारा फैसला लेने का मौका मिले तो वह अपना कदम नहीं बदलेंगे.
- ट्रंप ने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने को युद्ध की वजह बताया. उनके मुताबिक, अगर ईरान के पास परमाणु हथियार होते तो वॉशिंगटन में दिखाई दे रही कई इमारतें शायद मौजूद नहीं होतीं. अमेरिका और इजरायल के हमलों के साथ फरवरी के आखिरी सप्ताह में शुरू हुए इस युद्ध को डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार के दौरान मुद्दा बनाया था. उन्होंने युद्ध और उससे जुड़े आर्थिक दबाव को महंगाई तथा आम लोगों की मुश्किलों से जोड़ा. चुनाव के बाद ट्रंप ने भी माना कि ईरान युद्ध का नतीजों पर असर पड़ा हो सकता है.
- ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह नई डेमोक्रेटिक बहुमत वाली कांग्रेस के साथ काम कर पाएंगे? उन्होंने कहा कि वह डेमोक्रेट्स के साथ तालमेल बनाने की कोशिश करेंगे, बशर्ते वे बाधा डालने वाला रवैया न अपनाएं. साथ ही उन्होंने अपने राष्ट्रपति पद की वीटो शक्ति का भी जिक्र किया.
- जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या चुनाव प्रचार के आखिरी दौर को लेकर उन्हें कोई पछतावा है, तो उन्होंने इससे इनकार किया. ट्रंप ने कहा कि अपनी रैलियों में मिलने वाले समर्थन और लोकप्रियता को वह दूसरे उम्मीदवारों तक नहीं पहुंचा सके. इसके बाद उन्होंने पत्रकारों के सवाल रोक दिए और कहा कि अब बीम को ऊपर जाते हुए देखिए. वह निर्माण स्थल के दूसरे हिस्से में गए और छत की ओर इशारा करते हुए बोले कि अब यहां झूमरों की कल्पना कीजिए.
- कुछ देर बाद ट्रंप फिर पत्रकारों के सवालों के जवाब देने लौटे. उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें पहले से पता था कि जेडी वेंस ईरान युद्ध को लेकर इतनी लंबी और आलोचनात्मक पोस्ट लिखने वाले हैं. ट्रंप ने कहा कि उन्हें वेंस की भावनाओं का अंदाजा था और उन्हें पोस्ट ठीक लगी. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी वेंस से बात हुई थी. वहीं, 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि वह अभी यह नहीं बता सकते कि कौन चुनाव लड़ेगा. उन्होंने वेंस के नाम पर भी कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया और कहा कि हो सकता है वह चुनाव न लड़ें.
इस तरह मिडटर्म चुनाव में अपनी पार्टी की हार के बाद ट्रंप का पहला सार्वजनिक कार्यक्रम राजनीतिक जवाबदेही से ज्यादा व्हाइट हाउस के निर्माण प्रोजेक्ट पर केंद्रित रहा. पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने ईरान युद्ध और चुनावी नतीजों पर संक्षिप्त प्रतिक्रिया दी, लेकिन कार्यक्रम का बड़ा हिस्सा बॉलरूम की भव्यता और निर्माण की तारीफ में बीता.