Artemis II के कमांडर Reid Wiseman के बारे में कितना जानते हैं आप, जिनकी पत्नी के नाम पर बन गया चांद के क्रेटर की पहचान
Artemis II के कमांडर Reid Wiseman की पत्नी के नाम पर चांद के crater का नाम पड़ा है. Reid Wiseman पहले नेवी में सर्व कर चुके हैं, और उनकी पत्नी का निधन कैंसर से हो गया था.
Reid Wiseman: आर्टेमिस II मिशन के कमांडर Reid Wiseman ने इतिहास रच दिया है. इस मिशन ने चंद्रमा के फ्लाईबाय के दौरान इंसानों को पृथ्वी से अब तक की सबसे ज्यादा दूरी तक पहुंचाया. इससे पहले यह रिकॉर्ड साल 1970 के Apollo 13 मिशन के नाम था.
रिकॉर्ड टूटने के बाद अंतरिक्ष यान के अंदर एक भावुक पल भी देखने को मिला. क्रू मेंबर्स ने मिलकर चंद्रमा के एक क्रेटर का नाम वाइज़मैन की दिवंगत पत्नी कैरोल के नाम पर रखने का फैसला किया. कनाडाई अंतरिक्ष यात्री Jeremy Hansen ने यह प्रस्ताव रखा, जिससे वाइज़मैन भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए. क्रू मेंबर्स ने एक-दूसरे को गले लगाया और कहा, “यह चंद्रमा पर एक चमकदार जगह है, और हम इसे कैरोल कहना चाहते हैं.”
दो क्रेटर्स के नाम रखे गए-‘Integrity’, जो उनके कैप्सूल का नाम है, और ‘Carroll’, जो कमांडर की पत्नी के नाम पर रखा गया है. इसके बाद से वाइज़मैन की निजी जिंदगी भी चर्चा में आ गई है.
कैसे हुई थी वाइज़मैन की पत्नी की मौत?
वाइज़मैन की पत्नी ऐन कैरोल टेलर वाइज़मैन का 46 साल की उम्र में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया था. साल 2020 में प्रकाशित उनके शोक संदेश में बताया गया कि 17 मई को टेक्सास के फ्रेंड्सवुड में उनका निधन हुआ. वे मूल रूप से वर्जीनिया बीच की रहने वाली थीं और उनके माता-पिता का नाम वॉलर और ऐन टेलर था.
कैरोल ने फर्स्ट कोलोनियल हाई स्कूल, जेम्स मैडिसन यूनिवर्सिटी और वर्जीनिया कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पीडियाट्रिक नर्स प्रैक्टिशनर के रूप में काम किया. वह चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल ऑफ द किंग्स डॉटर्स (CHKD) में भी कार्यरत रहीं और बाद में मैरीलैंड के पैटक्सेंट रिवर और टेक्सास के फ्रेंड्सवुड में स्कूल नर्स के रूप में सेवाएं दीं.
वाइज़मैन के बारे में कितना जानते हैं आप?
- कैरोल के निधन के बाद वाइज़मैन पर अपनी दो बेटियों की जिम्मेदारी आ गई. उनकी दो बेटियां हैं- एली और कैथरीन.
- वाइज़मैन का जन्म मैरीलैंड के बाल्टीमोर में हुआ था. उनके पिता बिल मैरीलैंड के हंट वैली में रहते हैं. उनका एक बड़ा भाई भी है, जिसका नाम बिल है, जो आर्टेमिस II के लॉन्च के समय मौजूद था.
- Reid Wiseman साल 2026 के आर्टेमिस II लूनर फ्लाईबाय मिशन के कमांडर हैं. यह मिशन 1972 में हुए Apollo 17 के बाद चंद्रमा के चारों ओर जाने वाला पहला मानव मिशन है. इसके अलावा, वह 2020 से 2022 तक एस्ट्रोनॉट ऑफिस के 17वें प्रमुख भी रह चुके हैं.
- वाइज़मैन को 2009 में नासा ने अंतरिक्ष यात्री के रूप में चुना था. इसके बाद उन्होंने 2014 में इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन की यात्रा की, जहां वे एक्सपेडिशन 40/41 मिशन का हिस्सा थे. नासा में आने से पहले वह अमेरिकी नौसेना में फाइटर पायलट और टेस्ट पायलट के तौर पर भी काम कर चुके हैं.
- भाई बिल ने कोमो न्यूज से बातचीत में कहा कि यह उनके लिए खास समय है कि वे दोनों एक साथ समय बिता पा रहे हैं, खासकर उस मिशन के दौरान जिसमें वाइज़मैन नेतृत्व कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए बहुत खास समय है, क्योंकि हम उस काम के इर्द-गिर्द साथ हैं जिसे रीड कर रहे हैं.”
- उन्होंने यह भी बताया कि वाइज़मैन पहले अमेरिकी नौसेना के पायलट थे और उस दौरान उनकी मेहनत और ट्रेनिंग को देखकर वह हैरान रह गए थे. बिल ने कहा, “मैंने उसे एक बोर्ड पर देखा, जिसके नीचे पहिया लगा था, वह संतुलन बनाते हुए गेंदों को उछाल रहा था और साथ ही लैंडिंग कॉल्स और एयरक्राफ्ट कंट्रोल टावर से बातचीत का अभ्यास कर रहा था. उस समय मुझे लगा कि यह वही बच्चा नहीं है जिसे मैं पहले जानता था.”