शैतान की पूजा, बच्चों की बलि और Baal का रहस्य! एपस्टीन के प्राइवेट आइलैंड पर 'मंदिर' का क्या काम?
जेफरी एपस्टीन का नाम एक बार फिर उसके रहस्यमयी प्राइवेट आइलैंड को लेकर चर्चा में है. सोशल मीडिया पर ‘टेम्पल’, Moloch और Baal कनेक्शन के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जांच एजेंसियां अब तक क्या कहती हैं?;
अमेरिका का सबसे कुख्यात नाम- जेफरी एपस्टीन, एक ऐसा केस जिसने न सिर्फ अमेरिका, बल्कि पूरी दुनिया की राजनीति, पावर सर्कल्स और हाई-प्रोफाइल नेटवर्क्स को हिला कर रख दिया. 2000 के दशक की शुरुआत में नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के आरोपों से शुरू हुई यह कहानी धीरे-धीरे एक ग्लोबल स्कैंडल में बदल गई और इस पूरे मामले का सबसे डरावना रहस्य बनकर उभरा एपस्टीन का प्राइवेट आइलैंड.
कैरेबियन सागर में स्थित Little Saint James Island आज भी रहस्य, डर और साजिशों का केंद्र बना हुआ है. इसी द्वीप पर मौजूद एक अजीब-सी इमारत को लेकर अब सोशल मीडिया से लेकर जांच एजेंसियों तक बहस छिड़ी हुई है. क्या यह सिर्फ एक इमारत थी या किसी और खौफनाक सच्चाई का दरवाज़ा?
एपस्टीन के प्राइवेट आइलैंड पर यह रहस्यमयी इमारत क्या है?
Little Saint James Island पर मौजूद यह ढांचा नीले और सफेद रंग में रंगा एक छोटा चौकोर भवन है. यह द्वीप के ऊंचे हिस्से पर बना हुआ है, जिसकी वजह से यह हवाई तस्वीरों में भी साफ नजर आता है. मीडिया रिपोर्ट्स में इसे अक्सर 'Temple' कहा गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पहचान कभी सामने नहीं आई.
इमारत के अंदर क्या मिला?
अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेज़ों में सामने आई तस्वीरों के मुताबिक, इस इमारत का इंटीरियर जर्जर हालत में था.
- खुली सीमेंट बोर्ड शीट्स
- बिखरे हुए लकड़ी के टुकड़े
- छत को बादलों वाले आसमान जैसा पेंट किया गया था
- दीवारों पर जानवरों, नक्षत्रों और पौराणिक जीवों की कोलाज
- एक कोने में बड़ी खिड़की के पास पीले पड़ चुके कवर में लिपटे दो सफेद गद्दे
- इन तस्वीरों ने रहस्य को और गहरा कर दिया.
क्या इस इमारत का संबंध ‘Moloch’ से जोड़ा जा रहा है?
सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस तथाकथित मंदिर का इस्तेमाल “Moloch” की पूजा के लिए किया जाता था. Moloch को कनानी सभ्यता का एक देवता माना जाता है, जिसे ऐतिहासिक और धार्मिक ग्रंथों में भय और बलिदान से जोड़ा गया है. हिब्रू बाइबल में इसे बच्चों की बलि से संबंधित बताया गया है. साहित्य और आधुनिक पॉप कल्चर में इसे अक्सर बैल के सिर वाले राक्षसी देवता के रूप में दर्शाया जाता है. हालांकि यह ध्यान रखना ज़रूरी है कि ऐसी तस्वीरें और कथाएं मध्यकालीन व्याख्याओं और आधुनिक फिक्शन पर आधारित हैं, न कि किसी ठोस ऐतिहासिक प्रमाण पर.
‘Baal’ डॉक्यूमेंट से कैसे भड़की नई साजिश?
नई Epstein Files में सामने आए एक वित्तीय दस्तावेज़ ने आग में घी डाल दिया. इस दस्तावेज़ में $11,438 की वायर ट्रांसफर रिक्वेस्ट दिखाई देती है, जिसमें बैंक का नाम Wachovia Bank, N.A. दर्ज है. दस्तावेज़ में ऊपर की ओर एक धुंधली लाइन दिखती है, जिसे कई लोगों ने “Baal name” पढ़ा. इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर स्क्रीनशॉट्स वायरल हो गए. एक यूज़र ने लिखा कि 'Baal एक शैतानी सत्ता है जिसकी पूजा प्राचीन इस्राइल में होती थी, जिसमें बच्चों की बलि दी जाती थी…'
एक अन्य पोस्ट में दावा किया गया कि 'जेफरी एपस्टीन के एक बैंक अकाउंट का नाम 'Baal' बताया गया था. बाइबल में यिर्मयाह यहूदियों की कड़ी आलोचना करते हैं, क्योंकि वे बाअल को प्रसन्न करने के लिए ‘मोलोख’ नामक चढ़ावे के तहत बच्चों की बलि देते थे.'
क्या जांच एजेंसियों ने इन दावों की पुष्टि की है?
अब तक किसी भी कानून प्रवर्तन एजेंसी ने इस इमारत को धार्मिक मंदिर या किसी पूजा स्थल के रूप में चिन्हित नहीं किया है. न तो पत्रकारों, न अभियोजकों और न ही जांचकर्ताओं ने यह साबित किया है कि यहां किसी तरह की पूजा, अनुष्ठान या बलि दी जाती थी. 2019 में एपस्टीन की गिरफ्तारी और फिर जेल में संदिग्ध मौत के बाद यह इमारत रहस्य का प्रतीक बन गई. जब 2025 में अमेरिकी न्याय विभाग ने Epstein Files का नया सेट जारी किया, तो सोशल मीडिया यूज़र्स ने पुरानी तस्वीरों, दस्तावेज़ों और अधूरी जानकारियों को जोड़कर बड़े-बड़े निष्कर्ष निकालने शुरू कर दिए.
Epstein Files से असल में क्या समझना चाहिए?
एपस्टीन के अपराध वास्तविक, भयानक और प्रमाणित थे. वह सत्ता और प्रभाव का दुरुपयोग कर नाबालिगों का शोषण करता था. लेकिन हर रहस्यमयी इमारत, हर अधूरा डॉक्यूमेंट और हर नाम किसी शैतानी साजिश का सबूत नहीं होता. जब अपराध इतने भयावह होते हैं, तो इंसान उन्हें समझने के लिए उतनी ही बड़ी और डरावनी व्याख्याएं ढूंढता है.