Iran-US टॉक्स फेल: क्या यह नाकामी थी या सोची-समझी रणनीति? जानें 5 बड़े कारण

Iran-US वार्ता फेल क्यों हुई? क्या यह कूटनीतिक नाकामी थी या सोची-समझी रणनीति- जानें पर्दे के पीछे की 5 बड़ी वजहें और समझें इसके वैश्विक असर.

( Image Source:  @Tolaramgodara02 )
By :  धीरेंद्र कुमार मिश्रा
Updated On : 12 April 2026 10:30 AM IST

ईरान और अमेरिका के बीच 11 अप्रैल 2026 को इस्लामाबाद में हुई बातचीत बेनतीजा रहा. जबकि दोनों देशों के नेताओं के बीच इतिहास में संबसे लंबी बैठक यानी 21 घंटे तक चली. यही वजह है कि एक दिन पहले संपन्न हुई बातचीत को कूटनीति की सबसे लंबी और जटिल प्रक्रियाओं में गिना जा रहा था. दुनिया भर के डिप्लोमैट और स्टेट्समैन को उम्मीद थी कि वर्षों पुराने विवाद (खासतौर पर परमाणु कार्यक्रम और आर्थिक प्रतिबंध) का कोई रास्ता निकलेगा. लेकिन लंबी बातचीत के बावजूद नतीजा शून्य रहा. अब, सवाल यह है कि आखिर इतनी कोशिशों के बाद भी डील क्यों नहीं बन पाई? इसके पीछे कई परतें हैं, जिन्हें सभी के लिए जानना मझना जरूरी है.

ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर यूएस को भरोसा क्यों नहीं?

सबसे बड़ा विवाद ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर रहा. अमेरिका चाहता था कि ईरान यूरेनियम संवर्धन सीमित करे. अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की सख्त निगरानी स्वीकार करे. वहीं ईरान बार-बार कहता रहा कि उसका कार्यक्रम केवल शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है, लेकिन अतीत के अनुभवों और आरोप-प्रत्यारोप के चलते दोनों देशों के बीच भरोसा नहीं बन पाया.

प्रतिबंध हटाने पर टकराव क्यों हुआ?

ईरान की प्राथमिक मांग थी कि अमेरिका पहले आर्थिक प्रतिबंध हटाए. ताकि उसकी अर्थव्यवस्था को राहत मिले. दूसरी तरफ अमेरिका चाहता था कि ईरान पहले परमाणु गतिविधियों पर ठोस कदम उठाए. यह “पहले कौन कदम उठाए” वाला गतिरोध पूरी बातचीत में सबसे बड़ी रुकावट बना रहा.

घरेलू राजनीति ने बातचीत को कैसे प्रभावित किया?

दोनों देशों की आंतरिक राजनीति भी बड़ी बाधा बनी. अमेरिका में सरकार पर विपक्ष का दबाव था कि ईरान के साथ कोई ढीला समझौता न किया जाए. वहीं, ईरान में कट्टरपंथी गुट सरकार पर सख्त रुख बनाए रखने का दबाव डाल रहे थे. ऐसे माहौल में किसी भी पक्ष के लिए समझौता करना राजनीतिक रूप से जोखिम भरा था.

रीजनल फोर्स ने डील को कितना बनाया मुश्किल?

मध्य पूर्व की राजनीति भी इस वार्ता पर भारी पड़ी. इजरायल और खाड़ी देशों को ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर गहरी चिंता है. अमेरिका को अपने इन सहयोगियों की सुरक्षा और रणनीतिक हितों का भी ध्यान रखना था. यही वजह है कि वह ईरान के साथ नरमी दिखाने से बचता रहा, जिससे बातचीत और जटिल होती गई.

पुराने समझौतों का अविश्वास कितना बड़ा कारण बना?

2015 की परमाणु डील के बाद 2018 में अमेरिका के बाहर निकलने से ईरान का भरोसा टूट चुका था. ईरान को आशंका थी कि अगर वह फिर कोई समझौता करता है, तो भविष्य में अमेरिका उसे फिर से तोड़ सकता है. इस अविश्वास ने नई डील की नींव को कमजोर कर दिया.

सिर्फ बातचीत की नाकामी या रणनीति का हिस्सा?

इंटरनेशनल पॉलिटिक्स के जानकारों का कहना है कि यह सिर्फ असफलता नहीं, बल्कि रणनीतिक खेल भी हो सकता है. दोनों देश अपने-अपने हितों को साधने के लिए बातचीत को एक दबाव बनाने के औजार की तरह इस्तेमाल कर रहे थे. यानी डील का न होना भी एक तरह की रणनीति हो सकती है.

ईरान यूएस जंग में आगे क्या?

11 अप्रैल को इस्लामाबाद में हुई बैठक के बाद भी अनिश्चित बनी हुई है. अगर दोनों देशों के बीच भरोसा बहाल नहीं होता और राजनीतिक दबाव कम नहीं होता, तो भविष्य में भी किसी ठोस समझौते की संभावना कमजोर ही रहेगी. हालांकि, कूटनीति में दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं होते, इसलिए बातचीत के नए दौर की संभावना हमेशा बनी रहती है.

ऐसे में ईरान-अमेरिका के बीच बातचीत का फेल होना सिर्फ एक कूटनीतिक घटना नहीं, बल्कि वैश्विक राजनीति में अविश्वास, शक्ति संतुलन और रणनीतिक हितों की जटिलता को दर्शाता है.

Similar News