US में लापता भारतीय छात्र साकेत की मिली लाश, दोस्त बोला,यह है आत्महत्या, आखिरी दिनों में ऐसा हो गया था बर्ताव

यूएस में लापता भारतीय छात्र Saketh Sreenivasaiah की लाश मिली है. इसके बाद उसके दोस्त ने दावा किया है कि साकेत का आखिरी दिनों में काफी बर्ताव बदल गया था.;

( Image Source:  X- @M9USA_ )
Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On : 15 Feb 2026 9:55 AM IST

Indian Student Saketh Sreenivasaiah Died: अमेरिका में 22 साल के भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया मृत पाए गए हैं. Consulate General of India, San Francisco ने रविवार को इसकी पुष्टि की है. समाचार एजेंसी Press Trust of India (PTI) के मुताबिक, साकेत 9 फरवरी की सुबह से बर्कले में लापता बताए गए थे.

कांसुलेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि स्थानीय पुलिस ने साकेत के शव की बरामदगी की पुष्टि की है. कांसुलेट ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, "लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया की लाश मिलने की पुष्टि स्थानीय पुलिस ने की है. इस अत्यंत कठिन समय में हम उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं.”

Saketh Sreenivasaiah की मौत पर कांसुलेट नें क्या कहा?

कांसुलेट ने यह भी कहा कि वह परिवार को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है. इसमें स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय और पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने की व्यवस्था शामिल है. कांसुलर अधिकारी परिवार के सीधे संपर्क में हैं और सभी आवश्यक औपचारिकताओं व सेवाओं में सहयोग कर रहे हैं.

दोस्त ने साकेत की मौत पर क्या कहा?

University of California, Berkeley में पोस्ट-ग्रेजुएट छात्र साकेत श्रीनिवासैया की मौत को लेकर उनके रूममेट बनीत सिंह ने बड़ा खुलासा किया है. बनीत सिंह ने लिंक्डइन पोस्ट में दावा किया कि साकेत की मौत आत्महत्या से हुई. बनीत सिंह ने अपने लिंक्डइन पोस्ट में लिखा,"मेरे बर्कले रूममेट साकेत श्रीनिवासैया झील एंजा (Lake Anza) के पास मृत पाए गए हैं. पुलिस के अनुसार यह आत्महत्या का मामला है… पूरा समुदाय अंदर तक हिल गया है."

बनीत ने साकेत के बर्ताव पर क्या कहा?

उन्होंने बताया कि वह साकेत के परिवार को आपातकालीन वीज़ा पर भारत से अमेरिका लाने के लिए अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं. बनीत सिंह ने अंतरराष्ट्रीय छात्र जीवन को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि 9 फरवरी को लापता होने से पहले के दो हफ्तों में साकेत का व्यवहार बदल गया था. उनके अनुसार, साकेत ने खाना कम कर दिया था और लोगों से दूरी बनाने लगे थे.

अपने पोस्ट में सिंह ने लिखा,"आखिरी दो हफ्तों तक किसी तरह के संकेत नहीं थे. फिर उसने कम खाना शुरू कर दिया और लोगों से कम जुड़ने लगा. वह सिर्फ चिप्स और कुकीज़ खाकर रह रहा था." उन्होंने यह भी बताया कि 21 जनवरी को साकेत ने उन्हें लेक एंजा चलने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने आलस के कारण मना कर दिया. सिंह ने लिखा,"मुझे क्या पता था कि वही जगह उसकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन जाएगी."

बनीत सिंह ने बताया कि उनकी साकेत से आखिरी बातचीत तब हुई जब वह क्लास से लौटे और लाल रंग का बाथरोब पहने हुए थे. सिंह ने मुस्कुराते हुए उनसे पूछा, "क्लास में रोब पहनकर क्यों गए? "इस पर साकेत ने जवाब दिया, "मैंने परवाह करना छोड़ दिया है. मुझे ठंड लग रही है और मुझे फर्क नहीं पड़ता कि कोई क्या सोचता है. मुझे किसी चीज़ की परवाह नहीं है."

सिंह ने उस समय इस बात को हल्के में लिया, लेकिन अब उनका कहना है कि यह साकेत की मानसिक स्थिति का संकेत था. उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में लिखा, "अब समझ आता है कि वह सच में ऐसा ही महसूस कर रहे थे. जिंदगी का उल्टा मौत नहीं, बल्कि उदासीनता है- परवाह करना छोड़ देना. और वही उन्हें अपनी जिंदगी की भी परवाह न करने तक ले गया."

यूएस में क्या करते थे Saketh Sreenivasaiah?

साकेत श्रीनिवासैया University of California, Berkeley के केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग विभाग में मास्टर डिग्री कर रहे थे. उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वह यूसी बर्कले के MS PDP ’26 कार्यक्रम में नामांकित थे. उन्होंने वर्ष 2025 में Indian Institute of Technology Madras से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री पूरी की थी.

अपने लिंक्डइन प्रोफाइल पर साकेत ने लिखा था कि वह यूसी बर्कले में केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग विभाग में मास्टर के छात्र हैं और उनकी रुचि सॉफ्ट और एक्टिव मटेरियल्स, सेमीकंडक्टर्स और एडवांस्ड मटेरियल्स जैसे डीप-टेक नवाचारों में है.

पुलिस ने साकेत के बारे में क्या कहा था?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि साकेत को आखिरी बार मंगलवार को लेक एंजा के पास, 1700 ब्लॉक ऑफ ड्वाइट वे क्षेत्र में देखा गया था. उनका कद करीब 6 फीट 1 इंच और वजन लगभग 160 पाउंड बताया गया है. पुलिस ने उनके लापता होने की परिस्थितियों के बारे में अधिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन कहा कि उन्हें ‘एट रिस्क’ यानी जोखिम की स्थिति में माना गया था.

Similar News