टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क और उनकी भारतीय मूल की पार्टनर शिवोन जिलिस का रिश्ता खत्म हो गया है. मस्क के साथ चार बच्चों की मां शिवोन जिलिस ने बताया कि दोनों का अलग होना अचानक हुआ. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखकर अपने रिश्ते और मस्क के साथ बिताए समय को याद किया. हालांकि, उन्होंने मस्क के भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं.

शिवोन जिलिस ने शुक्रवार, 2 अक्टूबर को यह पोस्ट उस समय साझा की, जब मस्क ने उन्हें X पर अनफॉलो कर दिया था. उन्होंने लिखा कि बिना किसी चेतावनी के एक हफ्ते के अंदर प्यार से अलग होने की कंडीशन में पहुंचना काफी मुश्किल है, लेकिन कभी-कभी जिंदगी ऐसी ही होती है.

शिवोनी ने क्या कहा?

शिवोन ने अपनी पोस्ट के साथ एलन मस्क के साथ हुई हालिया बातचीत का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया. इसमें उन्होंने मस्क से कहा था कि नाश्ते पर उनसे मिलना बहुत अच्छा लगा और वह उनसे बहुत प्यार करती हैं. इसके जवाब में मस्क ने 24 सितंबर को लिखा था कि वह भी उनसे प्यार करते हैं. इसके बाद मस्क ने शिवोन को मैसेज किया था कि उन्हें यह एहसास नहीं हुआ कि पिछले सप्ताह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के लिए व्हाइट हाउस में आयोजित स्टेट डिनर में वह उन्हें भी आमंत्रित कर सकते थे. इस बातचीत और शिवोन की ब्रेकअप वाली पोस्ट के बीच 27 सितंबर को उन्होंने एक छोटा सा अपडेट भी शेयर किया था. इसमें उन्होंने लिखा था, “New day, new life.”

‘मस्क अक्सर परेशान आत्मा की तरह रहे’

अपने भावुक नोट में शिवोन ने एलन मस्क के शुरुआती जीवन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मस्क का शुरुआती जीवन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा और वह अक्सर एक “परेशान आत्मा” की तरह रहे. उन्होंने कहा कि वह मस्क से 'जिंदगी से भी ज्यादा' प्यार करती थीं. शिवोन के मुताबिक, मस्क ने उन्हें '100 जन्मों जितना ज्ञान' दिया और उनकी जिंदगी को एक मकसद देने का काम किया.

‘इस अलगाव से बहुत कुछ खोया’

शिवोन ने माना कि इस रिश्ते के खत्म होने से उन्हें काफी नुकसान और दुख हुआ है. हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्होंने और मस्क ने मिलकर उनके जीवन के चार खूबसूरत बच्चों को जन्म दिया. उन्होंने लिखा कि वह दर्द में हैं, लेकिन एलन मस्क की बहुत परवाह करती हैं और हमेशा उनकी खुशी की कामना करती रहेंगी. उन्होंने मस्क के लिए शुभकामना देते हुए कहा कि दुनिया उनके लिए भाग्यशाली है.

मस्क से कितने बच्चे?

एलन मस्क और शिवोन जिलिस के जुड़वां बच्चे स्ट्राइडर और एज़्योर 2021 में पैदा हुए थे. इसके बाद 2024 में उनकी बेटी अर्काडिया का जन्म हुआ. 2025 में दोनों के सबसे छोटे बच्चे सेल्डन का जन्म हुआ. इस तरह मस्क और शिवोन जिलिस के चार बच्चे हैं.

कौन हैं शिवोन जिलिस?

शिवोन जिलिस का जन्म कनाडा के ओंटारियो के मार्कहम में हुआ था. उनके माता-पिता का नाम रिचर्ड और शारदा जिलिस है. उनकी मां भारतीय मूल की हैं, जबकि उनके पिता रिचर्ड कनाडाई हैं. शिवोन ने मार्कहम के यूनियनविले हाई स्कूल से पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने अमेरिका की येल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की और 2008 में इकोनोमिक्स और फिलोस्फी में डिग्री हासिल की.

येल में पढ़ाई के दौरान वह यूनिवर्सिटी की आइस हॉकी टीम में गोलकीपर थीं. जानकारी के मुताबिक, उन्होंने गोलकीपर के तौर पर येल के इतिहास में सबसे कम गोल खाने के औसत का रिकॉर्ड बनाया था.

कहां से हुई करियर की शुरुआत?

येल से पढ़ाई पूरी करने के बाद शिवोन जिलिस ने न्यूयॉर्क में IBM से अपने करियर की शुरुआत की. यहां उन्होंने विकासशील देशों में वित्तीय तकनीक से जुड़े काम किए. उनके काम का फोकस खासतौर पर पेरू और इंडोनेशिया जैसे देशों पर था. 2012 से 2018 के बीच वह Bloomberg Beta की शुरुआती निवेशकों और पार्टनर्स में शामिल रहीं.

क्या टेस्ला में भी किया काम?

2017 से 2019 के बीच शिवोन ने टेस्ला के ऑटोपायलट प्रोडक्ट और चिप डिजाइन टीम के लिए प्रोजेक्ट डायरेक्टर के तौर पर काम किया. इसके बाद उन्होंने एलन मस्क की कंपनी Neuralink में डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशंस और स्पेशल प्रोजेक्ट्स के पद पर भी काम किया. शिवोन और एलन मस्क की मुलाकात OpenAI से जुड़े उनके गैर-लाभकारी काम के दौरान हुई थी. वह 2023 तक OpenAI के बोर्ड की सदस्य भी रहीं.

OpenAI में क्या शिवोनी का रहा कोई रोल?

OpenAI के बोर्ड में शिवोन जिलिस की भूमिका बाद में एलन मस्क की ओर से OpenAI के खिलाफ दायर मुकदमे के दौरान भी चर्चा में आई. OpenAI के वकीलों की ओर से सामने आए टेक्स्ट मैसेज के मुताबिक, शिवोन एक ही समय में OpenAI के बोर्ड में रहते हुए मस्क के लिए भी काम कर रही थीं और उस दौरान दोनों के बीच रोमांटिक रिश्ता था.

Shield AI के बोर्ड में भी शामिल हुईं?

सितंबर 2023 में शिवोन जिलिस डिफेंस टेक्नोलॉजी कंपनी Shield AI के बोर्ड में शामिल हुईं. इससे पहले 2016 में Bloomberg Beta में काम करते हुए उन्होंने कंपनी के शुरुआती फंडिंग राउंड के लिए टर्म शीट तैयार की थी. शिवोन को 2015 में Forbes की 30 Under 30 लिस्ट में वेंचर कैपिटल के क्षेत्र में शामिल किया गया था. इसके अलावा LinkedIn की 35 Under 35 लिस्ट में भी उनका नाम शामिल रहा.