अमेरिका में चार दिनों से लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया कौन? पुलिस ने क्या बताया

22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया UC Berkeley से 9 फरवरी से लापता हैं. भारतीय दूतावास और बर्कले पुलिस उन्हें खोज रही है.;

( Image Source:  @Bharatinfantry-X )
Edited By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 14 Feb 2026 12:22 PM IST

कैलिफ़ोर्निया के बर्कले से एक चिंताजनक खबर सामने आई है. 22 साल का भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया 9 फरवरी से लापता हैं. वह यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफ़ोर्निया, बर्कले (UC Berkeley) में पोस्ट-ग्रेजुएट की पढ़ाई कर रहे थे और आखिरी बार बर्कले हिल्स स्थित लेक एंज़ा के पास देखे गए थे. उनके अचानक लापता होने से परिवार, दोस्तों और भारतीय समुदाय में चिंता का माहौल है.

इस मामले ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचा है. सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने आधिकारिक बयान जारी कर गहरी चिंता जताई है और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय में छात्र की तलाश जारी होने की जानकारी दी है. बर्कले पुलिस विभाग ने भी जनता से मदद की अपील की है और साकेत को जोखिम के रूप में देखा जा रहा है.

साकेत श्रीनिवासैया कौन?

साकेत मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले हैं. उन्होंने वर्ष 2025 में आईआईटी मद्रास से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की थी. वर्तमान में वे UC Berkeley के केमिकल एंड बायोमोलेक्यूलर इंजीनियरिंग विभाग में मास्टर ऑफ साइंस (MS PDP’26 प्रोग्राम) की पढ़ाई कर रहे थे. उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वह 'मैं UC बर्कले के केमिकल और बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग विभाग में मास्टर्स का छात्र/छात्रा हूँ, और मेरी स्नातक की डिग्री IIT मद्रास से है.'

साकेत श्रीनिवासैया आखिरी बार कब और कहां देखे गए थे?

पुलिस के अनुसार, साकेत को आखिरी बार 9 फरवरी को बर्कले हिल्स के पास लेक एंज़ा इलाके में देखा गया था. वहीं एक अन्य अपडेट में उन्हें 1700 ब्लॉक ऑफ ड्वाइट वे क्षेत्र में देखे जाने की भी जानकारी सामने आई है. इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है. बर्कले पुलिस विभाग ने बताया कि साकेत की लंबाई लगभग 6 फीट 1 इंच है और उनका वजन करीब 160 पाउंड (लगभग 73 किलोग्राम) है. उनके बाल छोटे और काले हैं तथा आंखें भूरी हैं.

भारतीय दूतावास ने क्या कहा?

सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर बयान जारी करते हुए कहा कि 'सैन फ्रांसिस्को स्थित भारत का महावाणिज्य दूतावास साकेत श्रीनिवासैया के लापता होने की घटना को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करता है. साकेत यूसी बर्कले के भारतीय स्नातकोत्तर छात्र हैं और मूल रूप से कर्नाटक राज्य से हैं. वाणिज्य दूतावास परिवार के संपर्क में है और छात्र का पता लगाने के लिए संबंधित स्थानीय अधिकारियों के साथ भी लगातार संपर्क में है.' दूतावास ने साफ किया है कि वह परिवार के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर छात्र की तलाश में सक्रिय भूमिका निभा रहा है.

रूममेट ने कैसे मांगी मदद?

साकेत के रूममेट बनेत सिंह ने लिंक्डइन पर भावुक पोस्ट साझा कर लोगों से मदद की अपील की. उन्होंने लिखा कि 'सभी से निवेदन है, मेरे रूममेट साकेत श्रीनिवासैया सोमवार 9 तारीख से लापता हैं. उन्हें आखिरी बार बर्कले हिल्स के पास लेक एंजा इलाके में देखा गया था. यदि मेरे संपर्क में से कोई भी व्यक्ति उस क्षेत्र में किसी ऐसे व्यक्ति को जानता हो जिसने हाल ही में उन्हें देखा हो, तो कृपया मुझसे तुरंत संपर्क करें. मैं उन्हें ढूंढने के लिए पुलिस विभाग के साथ मिलकर पूरी कोशिश कर रहा हूं. यह हमारे लिए बेहद कठिन समय है. कृपया किसी को कोई जानकारी मिलती है तो संपर्क करें.

पुलिस ने क्या अपील की है?

बर्कले पुलिस विभाग ने साकेत को जोखिम में लापता व्यक्ति घोषित करते हुए जनता से सहयोग की अपील की है. अधिकारियों ने कहा है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए. यह घटना एक बार फिर विदेश में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है. परिवार और दोस्त उम्मीद कर रहे हैं कि साकेत सुरक्षित मिल जाएं और जल्द से जल्द घर लौट सकें.

Similar News