हरिद्वार का काली मंदिर, जिसके पास से हर गुजरने वाली हर ट्रेन को देनी पड़ती है सलामी; देखें इस Viral Video में

हरिद्वार में स्थित एक प्राचीन काली मंदिर के नीचे से गुजरते वक्त ट्रेन का हॉर्न बजाना आज भी परंपरा है. मान्यता है कि ब्रिटिश काल में मां काली के चमत्कार के बाद यह परंपरा शुरू हुई थी.;

( Image Source:  Create By AI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 8 Feb 2026 2:18 PM IST

उत्तराखंड के हरिद्वार में एक बहुत ही अनोखा और चमत्कारी मंदिर है, जो देवी काली को समर्पित है. यह मंदिर काफी प्राचीन माना जाता है. कई लोग मानते हैं कि यह महाभारत काल से भी पुराना है. यह मंदिर एक पहाड़ की गुफा के अंदर बसा हुआ है. सबसे खास बात यह है कि हरिद्वार और देहरादून को जोड़ने वाली रेलवे लाइन ठीक इसी मंदिर के नीचे से गुजरती है.

एक ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर ऋषभ शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने इस मंदिर की खासियत दिखाई. वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही ट्रेन मंदिर के ठीक नीचे से गुजरती है, वह हॉर्न बजाती है. यह हॉर्न कोई साधारण आवाज नहीं है, बल्कि देवी काली के प्रति सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक माना जाता है.

क्यों बजती है ट्रेन की हॉर्न?

ऋषभ शर्मा ने अपनी पोस्ट में पिन किए गए कमेंट में इसकी पूरी कहानी भी बताई. स्थानीय लोगों और मान्यताओं के अनुसार, इस मंदिर में मां काली की स्वयंभू मूर्ति यानी खुद-ब-खुद प्रकट हुई मूर्ति स्थापित है. ब्रिटिश काल में जब यहां रेलवे ट्रैक बनाने का काम शुरू हुआ, तो इंजीनियरों ने मंदिर की ओर जाने वाले पुल को तोड़ दिया था. पुल टूटने के बाद रेलवे का सारा काम अचानक रुक गया. कोई भी कोशिश करने पर काम आगे नहीं बढ़ पाया. लोगों का मानना है कि इसके बाद मां काली ब्रिटिश इंजीनियर के सपने में आईं. उन्होंने सपने में चेतावनी दी कि जब तक मंदिर का रास्ता दोबारा नहीं बनाया जाएगा और पुल की मरम्मत नहीं की जाएगी, तब तक रेलवे का काम कभी आगे नहीं बढ़ेगा.

ब्रिटिश काल में रुका था रेलवे का काम

इंजीनियरों ने डरकर पुल को फिर से बनवाया और मंदिर के रास्ते का सम्मान किया. उसके बाद ही रेलवे का काम सुचारू रूप से चला. तब से लेकर आज तक, इस जगह से गुजरने वाली हर ट्रेन मां काली को सलामी देने के लिए हॉर्न बजाती है. यह एक तरह की परंपरा बन गई है, जो आज भी जारी है. वीडियो में ऋषभ शर्मा ट्रेन में सफर करते दिखे. जैसे ही ट्रेन मंदिर के नीचे पहुंची, हॉर्न की आवाज गूंज उठी. कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'हरिद्वार का सबसे अनोखा मंदिर. ऐसा कहा जाता है कि यहां आने वाले हर भक्त की मनोकामना मां काली पूरी करती हैं.'

हरा किसी ने कहा- जय माता दी 

इस पोस्ट को इंस्टाग्राम पर बहुत पसंद किया गया. 65,000 से ज्यादा लाइक्स मिले. कमेंट्स में लोग 'जय माता दी', 'जय मां काली' लिखकर अपनी भक्ति जाहिर कर रहे हैं. कोई कह रहा है, 'देखा और सुना है भाई', तो कोई बोला- हर की पौड़ी आए हो तो यह मंदिर जरूर देखा होगा. एक और कमेंट था, 'हां भाई, मैंने खुद इसका अनुभव किया है.' यह वीडियो इस बात को खूबसूरती से दिखाता है कि एक तरफ श्रद्धालु मंदिर में मां काली के दर्शन के लिए आते हैं, और दूसरी तरफ ठीक नीचे से ट्रेनें गुजरती रहती हैं. 

Similar News