ग्रेटर नोएडा वेस्ट में फिर लिफ्ट कांड! आधे घंटे तक फंसी रही महिला, हो गया ऐसा हाल

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हिमालय प्राईड सोसाइटी में एक महिला करीब आधे घंटे तक लिफ्ट में फंसी रही, जिससे घुटन के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई. AOA टीम ने मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से सुरक्षा और मेंटेनेंस पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

By :  मोहम्मद रज़ा
Updated On : 30 March 2026 6:55 PM IST

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसाइटीज़ में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. हिमालय प्राईड सोसाइटी में हुई ताजा घटना ने न सिर्फ रहवासियों को डरा दिया, बल्कि मेंटेनेंस सिस्टम की पोल भी खोल दी. रोजमर्रा की तरह लिफ्ट का इस्तेमाल कर रही एक महिला अचानक बीच रास्ते में फंस गई और करीब आधे घंटे तक मदद का इंतजार करती रही.

लिफ्ट के भीतर बढ़ती गर्मी और घुटन ने स्थिति को और गंभीर बना दिया. महिला की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. काफी मशक्कत के बाद सोसाइटी की AOA टीम ने लिफ्ट खोलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

लिफ्ट में महिला कैसे फंस गई?

जानकारी के मुताबिक, महिला रोज की तरह लिफ्ट से अपने फ्लोर की ओर जा रही थी. जैसे ही लिफ्ट 10वीं मंजिल पर पहुंची, अचानक झटका लगा और लिफ्ट सीधे 6वीं मंजिल पर आकर रुक गई. इसके बाद लिफ्ट पूरी तरह बंद हो गई और महिला अंदर ही फंस गई.

आधे घंटे तक क्यों नहीं मिली मदद?

महिला काफी देर तक अंदर फंसी रही और मदद के लिए इंतजार करती रही. करीब 30 मिनट बाद सोसाइटी की AOA टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद लिफ्ट को खोलकर महिला को बाहर निकाला गया.

AOA प्रेसिडेंट सीमा भंडारी के अनुसार, महिला को घुटन होने लगी थी. वह बीपी की मरीज हैं, इसलिए उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई."हालांकि बाहर निकालने के बाद तुरंत प्राथमिक राहत दी गई, जिससे उनकी हालत स्थिर हुई.

क्या यह पहली बार हुआ है?

यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले रामनवमी के दिन भी इसी सोसाइटी में 10 बच्चों समेत 12 लोग करीब एक घंटे तक लिफ्ट में फंसे रहे थे. बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं साफ तौर पर लिफ्ट मेंटेनेंस की लापरवाही को दर्शाती हैं.

निवासियों में डर क्यों बढ़ रहा है?

सोसाइटी के लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद बिल्डर और मेंटेनेंस टीम कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है रहवासियों का कहना है कि वे हर महीने मेंटेनेंस शुल्क देते हैं, लेकिन इसके बावजूद बुनियादी सुविधाएं तक सुरक्षित नहीं हैं.

क्या किसी बड़े हादसे का खतरा है?

हजारों लोगों की आबादी वाली इस सोसाइटी में बच्चे और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में रहते हैं. लगातार लिफ्ट अटकने की घटनाओं ने डर का माहौल बना दिया है. लोगों का साफ कहना है कि अगर समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है.

Similar News