कानपुर में 80 करोड़ की ठगी! दुबई टूर का लालच देकर 50 लोगों के साथ निवेश का बड़ा फर्जीवाड़ा, ऐसे खुली पोल
कानपुर समेत देशभर में 50 से ज्यादा लोगों से 80 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. ठगों ने दुबई टूर और फॉरेक्स निवेश के नाम पर लोगों को झांसे में लिया.
उत्तर प्रदेश कानपुर से एक बहुत चौंकाने वाला और हैरान कर देने वाला ठगी का मामला सामने आया है. ठगों ने लोगों को दुबई घुमाने का लालच देकर, कंपनी में पैसा लगाने के नाम पर बहुत अच्छा रिटर्न और आकर्षक ऑफर दिखाकर धोखा दिया. उन्होंने पूरे देश के 50 से ज्यादा लोगों से कुल मिलाकर 80 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी कर ली.
इस ठगी में सबसे ज्यादा लोग कानपुर के ही हैं. कानपुर के 30 से ज्यादा लोग इस धोखाधड़ी का शिकार बने हैं. एक पीड़ित शैलेंद्र कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उनकी तहरीर पर कानपुर के साइबर थाने ने कंपनी के मालिक बबलू मंडल जिन्हें पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले का रहने वाला बताया जा है और उनकी पत्नी सर्वमनी मंडल के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
कैसे हुआ यह पूरा धोखा?
शैलेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले उनके दो मित्र नीतिश कुमार और अमित श्रीवास्तव ने उनसे एक इनवेस्टमेंट कंपनी के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि यह कंपनी फॉरेक्स मार्केट (विदेशी मुद्रा बाजार) में ट्रेडिंग करती है और हर महीने 5 से 6 प्रतिशत तक का अच्छा रिटर्न देती है. उन्होंने बताया कि कंपनी के अधिकारी कानपुर शहर में मीटिंग करने आएंगे. इसके बाद मई 2024 में गोविंदनगर के होटल दीप में एक मीटिंग रखी गई. इस मीटिंग में कोलकाता से आए शांता कुमार दास और विधायक चक्रवर्ती ने लोगों को कंपनी के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
कई देशों में फैला है बिजनेस
उन्होंने बताया कि कंपनी का नेटवर्क पूरे देश के कई बड़े शहरों में फैला हुआ है. कंपनी का ब्रांच ऑफिस कोलकाता के सॉल्ट लेक इलाके में है, जबकि हेड ऑफिस दुबई में स्थित है. कंपनी के मालिक बबलू मंडल और उनकी पत्नी सर्वमनी मंडल पूरा बिजनेस संभालती हैं. दोनों ने मिलकर बहुत बड़ी कंपनी खड़ी कर ली है, जिसकी कीमत अरबों रुपये बताई जा रही है. मीटिंग के बाद कई लोगों ने इस कंपनी में पैसा निवेश करना शुरू कर दिया. शुरुआत में उन्हें हर महीने अच्छा-खासा मुनाफा भी मिलता रहा लोगों का विश्वास बढ़ता गया.
दुबई घुमाकर और लालच दिया
15 फरवरी 2025 को कंपनी की पांचवी वर्षगांठ के मौके पर ठगों ने निवेशकों को टिकट और वीजा देकर दुबई घुमाने के लिए बुलाया. कानपुर समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों और दूसरे राज्यों से भी बहुत से लोग इस टूर पर दुबई गए थे. वहां जाकर ठगों ने एमटीईई-9 नाम का एक नया निवेश प्लान लॉन्च किया. इस प्लान के बारे में वेबसाइट और पोर्टल की जानकारी दी गई. दुबई की चकाचौंध, लग्जरी और शानदार माहौल देखकर लोगों का मन और भी ललचा गया. शैलेंद्र कुमार ने भी इस प्लान में 20 लाख रुपये निवेश कर दिए.
ठगी का खुलासा
कुछ दिनों बाद जब लोगों ने कंपनी के मालिक बबलू मंडल और उनकी पत्नी सर्वमनी मंडल से संपर्क करने की कोशिश की, तो दोनों फोन उठाना बंद कर चुके थे. जब लोग कोलकाता के ऑफिस गए तो शांता कुमार दास और विधायक चक्रवर्ती ने बताया कि कंपनी का पूरा ऑफिस अब दुबई शिफ्ट हो गया है. अब सच्चाई सामने आ चुकी है कि यह पूरी योजना ठगी की थी. आरोपियों ने कानपुर, कोलकाता और देश के कई अन्य शहरों के सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये ठग लिए हैं. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और ठगों को पकड़ने की कोशिश में जुटी हुई है. यह मामला इसलिए भी ज्यादा गंभीर है क्योंकि ठगों ने पहले लोगों को दुबई घुमाकर उनका विश्वास जीता, फिर बड़े-बड़े लुभावने वादे करके उनसे भारी भरकम रकम हड़प ली. अब पीड़ित परिवार आर्थिक संकट में हैं और न्याय की उम्मीद कर रहे हैं.