क्या सच में बीकानेर में हुई बर्फबारी, अप्रैल के महीने में खेत पर जमी सफेद चादर, VIDEO वायरल

राजस्थान जैसे शहर में जहां बारिश मुश्किल से होती है, अब वहां ओले पड़ रहे हैं. बीकानेर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें खेतों में बर्फ की सफेद चादर जमी हुई है, जिसे देख लोग हैरान हैं.

बीकानेर में पड़े ओले

(Image Source:  x-@ParveenKaswan )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 4 April 2026 6:09 PM IST

आमतौर पर जहां राजस्थान में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही तपती गर्मी दस्तक दे देती है, वहां इस बार नजारा बिल्कुल उल्टा देखने को मिला. जिन इलाकों में सालभर बारिश भी मुश्किल से होती है, वहां जमीन बर्फ जैसी सफेद चादर से ढकी नजर आई. दरअसल बीकानेर में ओले पड़े, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

अचानक बदले मौसम और पश्चिमी विक्षोभ के कारण इस तरह की स्थिति बनी है. इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग जहां हैरान हैं, वहीं किसान फसलों को हुए नुकसान को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं.

बीकानेर में पड़े ओले

बीकानेर जिले के अर्जुनसर इलाके में जमकर ओले पड़े. इसके चलते खेत पूरी तरह सफेद नजर आए. ऐसा लग रहा था मानो बर्फ गिर गई हो. इस दुर्लभ नजारे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. स्थानीय लोगों के लिए यह नजारा जितना सुंदर था, उतना ही चिंता बढ़ाने वाला भी, क्योंकि इससे फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है.

आगे भी बारिश और ओलों का अलर्ट

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी चेतावनी जारी की है. 7 और 8 अप्रैल को एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है, जिससे फिर से तेज बारिश, आंधी और ओले पड़ने की संभावना है. किसानों के लिए यह समय सतर्क रहने का है, क्योंकि बार-बार बदलता मौसम फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है.

क्यों राजस्थान में हो रही बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ है. इसके चलते राज्य के कई हिस्सों जैसे जोधपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर में तेज आंधी, बारिश और ओले पड़ रहे हैं. कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी देखने को मिली.

राजस्थान जैसे राज्य में, जहां पानी की कमी हमेशा एक बड़ी चुनौती रही है, वहां इस तरह के अचानक मौसम बदलाव कई सवाल खड़े करते हैं. विशेषज्ञ इसे जलवायु परिवर्तन का संकेत मान रहे हैं, जो भविष्य में और भी अनिश्चित मौसम की स्थिति पैदा कर सकता है.

Similar News