इंदौर MBA छात्रा मर्डर केस में पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, शव के साथ आरोपी ने की ये हरकत

इंदौर में 24 वर्षीय MBA छात्रा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार उसके दोस्त ने कथित तौर पर हत्या के बाद न केवल शव के साथ दुर्व्यवहार किया, बल्कि फरार रहने के दौरान तांत्रिक क्रियाएं भी की.;

indore MBA student murder case

(Image Source:  AI: Sora )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. 24 वर्षीय MBA छात्रा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार उसके दोस्त ने कथित तौर पर हत्या के बाद न केवल शव के साथ दुर्व्यवहार किया, बल्कि फरार रहने के दौरान तांत्रिक क्रियाएं भी की. पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.

पुलिस के अनुसार, युवती का शव उसके ही दोस्त के किराए के मकान से बरामद हुआ. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे बाद में मुंबई से हिरासत में लिया गया. मामले की जांच जारी है और पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है.

कैसे खुला मौत का राज?

DCP) श्रीकृष्ण लालचंदानी ने बताया कि 13 फरवरी को द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खोलने पर अंदर 24 वर्षीय युवती का नग्न शव मिला. जांच में सामने आया कि मृतका शहर के एक कॉलेज से मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की पढ़ाई कर रही थी और जिस मकान से शव मिला, वह उसके सहपाठी का किराए का घर था.

कहां से पकड़ा गया आरोपी?

घटना के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया था. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर उसे मुंबई में हिरासत में लिया. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है. उसने युवती का गला घोंटकर हत्या करने की बात कबूली.

क्या है पुलिस का नया खुलासा?

पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने हत्या के बाद शव के साथ दुर्व्यवहार भी किया. इस खुलासे ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है. डीसीपी ने कहा "आरोपी ने फरार रहने के दौरान पनवेल (नवी मुंबई में) के पास जादू-टोना भी किया. आरोपी का दावा है कि हत्या के बाद वह मानसिक रूप से परेशान था और जादू-टोने के जरिए महिला की आत्मा से संपर्क करना चाहता था."

क्या शक के चलते हुई हत्या?

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच गहरे संबंध थे. हालांकि, आरोपी को शक था कि युवती अन्य पुरुषों से बातचीत कर रही है. डीसीपी ने बताया, "आरोपी को शक था कि महिला अन्य पुरुषों से बात कर रही है. क्रोधित होकर उसने महिला की हत्या कर दी और फरार हो गया."

पिता ने क्या लगाए आरोप?

मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका के पिता ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि आरोपी उनकी बेटी की अश्लील तस्वीरों का इस्तेमाल कर उसे ब्लैकमेल कर रहा था. पिता के अनुसार, आरोपी ने अश्लील तस्वीरों के जरिए पैसे ऐंठने की कोशिश की और कथित तौर पर ये तस्वीरें कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में भी पोस्ट कर दी थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी.

Similar News