झारखंड में एक्साइज कॉन्स्टेबल भर्ती से पहले पेपर हुआ लीक! पुलिस हिरासत में 100 से ज्यादा लोग
झारखंड में एक्साइज कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा से पहले पेपर लीक की आशंका ने हड़कंप मचा दिया है. रांची के तामर इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की गहन जांच जारी है.
एक्साइज कॉन्स्टेबल भर्ती से पहले पेपर हुआ लीक
(Image Source: AI SORA )झारखंड में एक्साइज कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा से पहले पेपर लीक की आशंका ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. इसी बीच रांची के तामर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इमारत पर छापा मारा, जहां संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. इस कार्रवाई में 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है.
हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर पेपर लीक की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है.
संदिग्ध ठिकाने पर पुलिस का छापा
पुलिस को खबर मिली थी कि रंगामाटी इलाके की एक बिल्डिंग में कुछ उम्मीदवार लीक हुए पेपर के साथ पढ़ाई कर रहे हैं, सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत वहां पहुंची और छापा मारा. छापेमारी के दौरान पुलिस को मोबाइल फोन, कागजात और कुछ संदिग्ध सामान मिला, जिसे जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया गया.
100 से ज्यादा लोग हिरासत में
छापेमारी के समय पुलिस ने 100 से ज्यादा लोगों को पकड़कर हिरासत में लिया. सभी को तामर थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच हो रही है और किसी भी साजिश को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा.
राज्यभर में परीक्षा, सख्त निगरानी
एक्साइज कांस्टेबल की भर्ती परीक्षा 12 अप्रैल को राज्य के 8 जिलों में बने 370 सेंटरों पर हो रही है. इस एग्जाम में करीब 1.48 लाख उम्मीदवार शामिल हो रहे हैं, जो पहले फिजिकल टेस्ट पास कर चुके हैं. यह परीक्षा कुल 583 पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है.
प्रशासन की सख्ती और दिशा-निर्देश
परीक्षा को साफ और ईमानदारी से कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा काफी बढ़ा दी है. धनबाद समेत कई जगहों पर पुलिस ने होटल, लॉज और धर्मशालाओं में चेकिंग की और वहां ठहरे लोगों की पहचान भी जांची. बिना आईडी के रुकने वालों पर सख्ती की गई और होटल मालिकों को भी सख्त हिदायत दी गई.
इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों में मोबाइल, स्मार्टवॉच और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. अधिकारियों ने साफ कहा है कि अगर कोई नकल या गड़बड़ी करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.