छठ पूजा से पहले यमुना में क्यों मर रही मछलियां, BJP से लेकर AAP तक, किसके दावे में कितना दम?
| दिल्ली में छठ पूजा से पहले यमुना में मरी मछलियां मिलने पर BJP और AAP आमने-सामने हैं. जानिए केमिकल छिड़काव, प्रदूषण और अमोनिया पर क्या है पूरा विवाद.
दिल्ली में छठ महापर्व की शुरुआत के साथ ही यमुना नदी की सफाई और पानी की स्थिति को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. एक तरफ कालिंदी कुंज से लेकर ITO तक यमुना में सफेद झाग, काला पानी और गंदगी की तस्वीरें सामने आ रही हैं, तो दूसरी तरफ सोनिया विहार और वजीराबाद के पास बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां मिलने से हड़कंप मचा हुआ है. मामला सिर्फ नदी की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि अब इस पर आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सियासी जंग भी छिड़ गई है.
AAP का आरोप है कि छठ पूजा से पहले यमुना को साफ दिखाने के लिए पानी में केमिकल का छिड़काव किया गया, जिसकी वजह से हजारों मछलियों की मौत हुई. वहीं, दिल्ली सरकार और बीजेपी इन आरोपों को खारिज कर रही हैं. जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए दावा किया है कि कुछ लोग जानबूझकर मरी हुई मछलियां यमुना में फेंक रहे हैं.
ऐसे में बड़ा सवाल है कि आखिर यमुना में मछलियों की मौत की वजह क्या है? क्या वाकई नदी में कोई रसायन डाला गया या इसके पीछे प्रदूषण और पानी में ऑक्सीजन की कमी जैसे दूसरे कारण हैं? आइए समझते हैं पूरा मामला और BJP-AAP के दावों की हकीकत.
यमुना में मछलियों की मौत का मामला क्या है?
ताजा विवाद 12 नवंबर 2026 को सामने आया, जब यमुना के सोनिया विहार इलाके में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां दिखाई दीं. सोशल मीडिया पर इनके वीडियो वायरल होने के बाद नदी की सफाई को लेकर दिल्ली सरकार पर सवाल उठने लगे. खास बात यह है कि यह घटना ऐसे समय हुई, जब दिल्ली सरकार ने यमुना में नमो यमुना रिवर सफारी (Namo Yamuna River Safari) की शुरुआत की थी. इसके ठीक अगले दिन मछलियों के मरने की तस्वीरें सामने आईं.
हालांकि, यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले 14 अक्टूबर को उत्तर दिल्ली के बुराड़ी इलाके में भी यमुना किनारे सैकड़ों से लेकर हजारों तक मरी हुई मछलियां मिली थीं. उस समय भी मछलियों की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई थी. स्थानीय लोगों ने हरियाणा की ओर से आने वाले नालों और औद्योगिक कचरे को इसकी संभावित वजह बताया था. पर्यावरण विशेषज्ञों ने भी पानी में प्रदूषण, घुलित ऑक्सीजन (Dissolved Oxygen) की कमी और औद्योगिक अपशिष्ट की आशंका जताई थी.
AAP का आरोप- यमुना में केमिकल डालकर छिपाई जा रही गंदगी
यमुना में मरी हुई मछलियों के वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार को घेरना शुरू कर दिया. AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि छठ पूजा और सरकारी आयोजन से पहले यमुना को साफ दिखाने के लिए नदी में रसायनों का इस्तेमाल किया गया.
सौरभ भारद्वाज ने स्थानीय लोगों के हवाले से दावा किया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान यमुना में कुछ रसायनों का छिड़काव किया गया था. इसके बाद अगली सुबह बड़ी संख्या में मछलियां मरी हुई मिलीं. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर नदी का पानी मछलियों के लिए सुरक्षित नहीं है तो उसमें छठ पूजा के लिए उतरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा? AAP का कहना है कि सरकार यमुना की सफाई के दावे कर रही है, लेकिन नदी में मछलियों की मौत और प्रदूषण की तस्वीरें इन दावों पर सवाल खड़े करती हैं. पार्टी ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पानी के नमूनों की जांच की मांग की है.
प्रवेश वर्मा का पलटवार- मछलियां खरीदकर यमुना में फेंकी जा रहीं
AAP के आरोपों पर दिल्ली सरकार के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने पलटवार किया है. उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग जानबूझकर बाजार से मरी हुई मछलियां खरीदकर यमुना में डाल रहे हैं, ताकि छठ पूजा से पहले दिल्ली सरकार और बीजेपी को बदनाम किया जा सके. प्रवेश वर्मा के मुताबिक, यमुना में रिवर सफारी शुरू होने के ठीक अगले दिन मछलियों को फेंके जाने की जानकारी अधिकारियों ने उन्हें दी थी. उन्होंने कहा कि इस मामले में सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग को पुलिस में शिकायत देने और एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही जांच के जरिए यह पता लगाने की बात कही कि मछलियां किसने डालीं और क्या इसमें AAP कार्यकर्ताओं की कोई भूमिका है.
दूसरी तरफ, AAP ने इन आरोपों को खारिज करते हुए मंत्री से सीसीटीवी फुटेज और सबूत सार्वजनिक करने की चुनौती दी है. पार्टी का कहना है कि केवल आरोप लगाने से यह साबित नहीं होता कि मरी हुई मछलियां किसी ने जानबूझकर नदी में डाली हैं. 13 नवंबर की रिपोर्टों के मुताबिक, विभाग ने रसायनों के छिड़काव से जुड़े सोशल मीडिया दावों को भ्रामक बताते हुए पुलिस से शिकायत की थी.
क्या सच में यमुना में केमिकल का छिड़काव हुआ था?
इस विवाद में सबसे अहम सवाल यही है. दरअसल, नवंबर की शुरुआत में यमुना में झाग हटाने के लिए दिल्ली सरकार की ओर से डिफोमिंग एजेंट (Defoaming Agent) के छिड़काव की कार्रवाई की गई थी. 3 नवंबर को कालिंदी कुंज के पास यमुना में जमा सफेद झाग को हटाने के लिए कर्मचारियों द्वारा डिफोमिंग सॉल्यूशन का छिड़काव किए जाने की खबरें सामने आई थीं. यानी यमुना के झाग को कम करने के लिए रसायन आधारित उपाय किए जाने की बात रिपोर्टों में दर्ज है. लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि सोनिया विहार में मछलियों की मौत उसी रसायन के कारण हुई.
मछलियों की मौत की असली वजह क्या हो सकती है?
नदी में मछलियों की सामूहिक मौत के पीछे कई कारण हो सकते हैं. इनमें पानी में घुलित ऑक्सीजन का स्तर कम होना, औद्योगिक अपशिष्ट, सीवेज और अमोनिया जैसे प्रदूषकों की अधिकता शामिल हैं. जब नदी में बिना उपचारित सीवेज और औद्योगिक कचरा पहुंचता है तो पानी में मौजूद जैविक प्रदूषण बढ़ सकता है. इससे बैक्टीरिया की गतिविधियां बढ़ती हैं और पानी में घुली ऑक्सीजन की खपत होने लगती है. ऑक्सीजन की कमी होने पर मछलियों को सांस लेने में परेशानी होती है और गंभीर स्थिति में उनकी मौत हो सकती है.
विशेषज्ञों ने यमुना में ड्रेन नंबर 2 और ड्रेन नंबर 8 से आने वाले औद्योगिक अपशिष्ट, अमोनिया के स्तर और संभावित रासायनिक इस्तेमाल की जांच करने की जरूरत बताई है. स्थानीय लोगों ने भी प्रदूषित पानी को मछलियों की मौत की वजह बताया है. सोनिया विहार के कुछ स्थानीय लोगों ने चमड़ा उद्योग से निकलने वाले प्रदूषित पानी पर संदेह जताया है. हालांकि, इन आरोपों की भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए मछलियों की मौत का वास्तविक कारण जानने के लिए पानी, नदी की तलछट और मरी हुई मछलियों के नमूनों की वैज्ञानिक जांच जरूरी है.
नकली यमुना बनाम असली यमुना: BJP और AAP के बीच क्यों छिड़ी जंग?
यमुना की सफाई को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच टकराव नया नहीं है. पिछले साल छठ पूजा के दौरान भी नदी में झाग और प्रदूषण को लेकर दोनों दल आमने-सामने थे. इस बार सत्ता बदलने के बाद बीजेपी सरकार यमुना की सफाई को अपनी उपलब्धि बता रही है, जबकि AAP लगातार नदी की वास्तविक स्थिति पर सवाल उठा रही है.
बीजेपी नेताओं का दावा है कि रेखा गुप्ता सरकार के कार्यकाल में यमुना की स्थिति में सुधार हुआ है. बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने भी यमुना में उतरकर पानी पीने और नदी की सफाई का संदेश देने की कोशिश की थी. पार्टी का आरोप है कि आम आदमी पार्टी नदी की स्थिति को लेकर भ्रम फैलाकर सरकार को बदनाम करना चाहती है.
वहीं, AAP का कहना है कि सरकार साफ यमुना की तस्वीरें और वीडियो दिखाकर वास्तविकता छिपा रही है. पार्टी के मुताबिक, अगर नदी वास्तव में साफ हो गई है तो फिर मछलियां क्यों मर रही हैं और कालिंदी कुंज में सफेद झाग क्यों दिखाई दे रहा है? इस तरह दोनों पार्टियां सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के दावों को चुनौती दे रही हैं. बीजेपी इसे राजनीतिक साजिश बता रही है तो AAP इसे यमुना की सफाई के सरकारी दावों की पोल खुलना बता रही है.