Ground Report: क्या रंग भरे गुब्बारे से बेरंग हो गई ‘ईद’? उत्तम नगर में तरुण मर्डर के बाद मुसलमानों में क्यों छाई खामोशी?

उत्तम नगर में तरुण मर्डर के बाद ईद का माहौल बदला. ग्राउंड रिपोर्ट में जानिए क्यों मुसलमानों में खामोशी और अंदरखाते नाराजगी की चर्चा.

By :  धीरेंद्र कुमार मिश्रा
Updated On : 21 March 2026 7:30 AM IST

उत्तम नगर की काली बस्ती में तरुण की हत्या के बाद हालात सिर्फ एक क्राइम स्टोरी तक सीमित नहीं. यह घटना अब सामाजिक तनाव, खामोशी और अंदरखाते चल रही बेचैनी की कहानी बन चुकी है. स्टेट मिरर की टीम जब ग्राउंड जीरो पर पहुंची, तो सिर्फ काली बस्ती ही नहीं, बल्कि मोहन गार्डन स्थित चांदनी मस्जिद और आसपास के इलाकों में भी लोगों से बात की. जो सामने आया, वो दिखने वाली शांति से कहीं अलग था. ऐसे में पुलिस को पहले से कहीं ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है.

क्या मस्जिद के अंदर सब सामान्य दिखता है?

स्टेट मिरर के प्रतिनिधि को नमाज के समय चांदनी मस्जिद पहुंचने पर माहौल सामान्य नजर आया. लोग इबादत में व्यस्त थे, और बाहर से सब कुछ शांत दिख रहा था. एक बुजुर्ग नमाज पढ़कर लौट रहे थे. जब उनसे मौलवी साहब के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने सहजता से मस्जिद के भीतर बैठे शख्स की ओर इशारा कर दिया.

मौलवी मोहम्मद नईम से मुलाकात हुई. उन्होंने मेहमाननवाजी दिखाते हुए पहले बैठने, पानी और खजूर लेने का आग्रह किया. शुरुआती बातचीत में उन्होंने तरुण हत्याकांड पर सीधे बोलने से परहेज किया, लेकिन आग्रह करने पर उन्होंने अपनी बात रखी.

क्या तरुण मर्डर का असर ईद के माहौल पर पड़ा है?

मौलवी नईम मानते हैं कि होली के दिन जो हुआ, वह गलत था, लेकिन उसके बाद जो माहौल बना, वह भी उतना ही चिंताजनक है. उनके मुताबिक, इस घटना के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कई घटनाएं सामने आईं, लेकिन उन्हें पर्याप्त जगह नहीं मिली.

उनकी नाराजगी मीडिया कवरेज को लेकर भी साफ झलकी. उनका कहना था कि एकतरफा घटनाओं को दिखाने से समाज में असंतुलन पैदा होता है. साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर पुलिस और प्रशासन पहले से सतर्क होते, तो क्या यह घटना रोकी नहीं जा सकती थी?

क्या यह सिर्फ एक घटना है या बड़ा ट्रेंड?

मौलवी नईम का कहना है कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि लंबे समय से बन रहे माहौल का हिस्सा है. उन्होंने इसे बढ़ते “मजहबी तनाव” से जोड़ते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है.

हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि मस्जिद की ओर से लोगों को अफवाहों से दूर रहने और शांति बनाए रखने की सलाह दी जा रही है. कुरान और हदीस का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इस्लाम का असली संदेश भाईचारा और संयम है, न कि टकराव.

क्या आम लोगों में भी यही सोच है?

मस्जिद में मौजूद रईस और नसीम जैसे लोगों ने भी यही बात दोहराई कि कोई भी समाज में अशांति नहीं चाहता. लेकिन वे यह जरूर मानते हैं कि पुलिस को पहले से ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत थी. ईद और रामनवमी जैसे त्योहारों के एक साथ पड़ने को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि प्रशासन को हर गतिविधि पर नजर रखनी चाहिए, ताकि कोई नई घटना न हो.

अगर सब ठीक है, तो खामोशी क्यों है?

मस्जिद के पीछे की गली में एक मुस्लिम शख्स जो दोपहर का नमाज पढ़कर लौट रहा था, ने नाम न बताने की शर्त पर जो कहा, वही इस पूरी रिपोर्ट का सबसे अहम हिस्सा है. उन्होंने कहा, “बाहर से सब कुछ शांत दिखता है, लेकिन अंदरखाते नाराजगी है. लोग डरे हुए हैं, टेंशन में हैं.”

उनके मुताबिक, इलाके में लगे पोस्टर और रैलियों ने माहौल को और संवेदनशील बना दिया है. लोगों को लग रहा है कि छोटी सी घटना ने बड़ा रूप ले लिया है, और अब हर कोई सतर्क है.

क्या ईद घरों में मनाने की अपील डर का संकेत है?

इस बार मस्जिद की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि वे ईद घरों में रहकर और शांति से मनाएं. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ. यह अपील अपने आप में इस बात का संकेत है कि सतह के नीचे कुछ न कुछ असहजता जरूर है. लोग विवाद से बचना चाहते हैं और किसी भी तरह के टकराव से दूर रहना चाहते हैं.

क्या पुलिस की मौजूदगी भरोसा दिला पा रही है?

काली बस्ती में पुलिस की भारी तैनाती है, लेकिन आसपास के इलाकों में उतनी सख्ती नजर नहीं आती. ई-रिक्शा चालक रविंदर के मुताबिक, “तनाव तो है, लेकिन लोग बोलना नहीं चाहते.” उनका कहना है कि इस इलाके में छोटी-मोटी घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन इस बार मामला अलग है. अब लोग ज्यादा सतर्क हैं और प्रशासन से भी ज्यादा उम्मीद कर रहे हैं.

क्या सच में बेरंग हो गई ईद?

उत्तम नगर में ईद की तैयारियां तो चल रही हैं, लेकिन उस उत्साह और खुलेपन की कमी महसूस की जा रही है, जो आमतौर पर इस त्योहार की पहचान होती है. तरुण मर्डर ने सिर्फ एक जान नहीं ली, बल्कि भरोसे, सामाजिक ताने-बाने और आपसी रिश्तों पर भी असर डाला है. बाहर से सब कुछ सामान्य दिखता है, लेकिन अंदरखाते जो खामोशी है, वही इस बार की सबसे बड़ी कहानी है.

Similar News