तेज रफ्तार Mercedes...बियर की बोतल और इंस्पेक्टर का बेटा- दिल्ली के नरेला में कैसे हुआ इतना भयानक एक्सीडेंट? बुजुर्ग महिला की मौत

दिल्ली के नरेला में Mercedes और WagonR की भीषण टक्कर में 70 वर्षीय महिला उर्मिला की मौत हो गई. हादसे के बाद Mercedes में बियर की बोतल मिलने और ड्राइवर के नशे में होने के आरोप की जांच जारी है.

Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On : 8 Aug 2026 1:22 PM IST

दिल्ली के नरेला इलाके में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 70 साल की महिला की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, ममूरपुर स्थित हिमालयाज अपार्टमेंट के पास Mercedes-Benz और WagonR की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि WagonR पीछे की ओर जाकर वहां खड़े एक थ्री-व्हीलर लोडिंग वाहन से जा टकराई. इस दौरान महिला दोनों वाहनों के बीच फंस गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

हादसा आउटर नॉर्थ दिल्ली के नरेला इलाके में हिमालयाज अपार्टमेंट के सामने सुबह करीब 8 बजे हुआ. मृतक महिला की पहचान 70 वर्षीय उर्मिला के रूप में हुई है.वह नरेला के ममूरपुर की रहने वाली थीं.

Mercedes कौन चला रहा था?

पुलिस के मुताबिक, Mercedes एक युवक चला रहा था, जिसकी पहचान शुभम के रूप में हुई है. हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में ले लिया. अधिकारियों के मुताबिक, शुभम के पिता हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं. शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि Mercedes शुभम की अपनी नहीं थी. उसने हादसे से एक दिन पहले यह कार अपने एक दोस्त से उधार ली थी.

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, Mercedes और WagonR की आमने-सामने टक्कर हुई. टक्कर के कारण दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद WagonR पीछे की ओर धकेली गई और पास में खड़े थ्री-व्हीलर लोडिंग वाहन से जा टकराई. इस टक्कर से लोडिंग वाहन को भी नुकसान पहुंचा. मौके की तस्वीरों में Mercedes और WagonR सड़क किनारे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में दिखाई दीं.दोनों वाहनों के बॉडी पैनल दबे हुए थे और आसपास टूटे हुए हिस्से और मलबा बिखरा हुआ था.

स्थानीय लोगों ने क्या कहा?

अपार्टमेंट के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि उन्हें अचानक तेज टक्कर की आवाज सुनाई दी.इसके बाद लोग घरों से बाहर निकलकर मौके पर पहुंचे. समाचार एजेंसी ANI ने एक स्थानीय निवासी के हवाले से बताया,"हमने अचानक तेज आवाज सुनी और देखा कि गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त थीं.महिला उनके बीच फंस गई थी और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी." एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि छोटी कार पीछे की ओर धकेली गई और पास में खड़े लोडिंग वाहन से जा टकराई.

क्या नशे में था ड्राइवर?

कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय Mercedes चालक नशे में नजर आ रहा था.हालांकि, पुलिस ने इस आरोप की अभी पुष्टि नहीं की है. पुलिस के मुताबिक, चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और इसकी अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है.

अधिकारियों ने कहा कि नशे में होने के आरोप पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मेडिकल रिपोर्ट को जांच में शामिल किया जाएगा. हादसे के बाद Mercedes के अंदर बीयर की एक बोतल भी देखे जाने की बात सामने आई है.

WagonR चालक की क्या है कंडीशन?

पुलिस ने बताया कि WagonR चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसे मेडिकल सहायता दी गई.हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. पुलिस ने बताया कि मामले को फिलहाल जानलेवा सड़क हादसे के तौर पर देखा जा रहा है और संबंधित कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

Similar News