खाना बनाने का नहीं, कट्टा चलाने का...वर्दी में AK-47 लेकर रील बनाना पड़ा भारी, वायरल VIDEO के बाद महिला सिपाही सस्पेंड
पश्चिम चंपारण में सरकारी हथियार के साथ सोशल मीडिया रील बनाना महिला सिपाही को भारी पड़ गया. साठी थाना में तैनात वीणा कुमारी का सिविल ड्रेस में हथियार के साथ बनाया गया वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की. एसएसपी कुमार गौतम ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कराने का आदेश दिया है.
बिहार के पश्चिम चंपारण के साठी थाना में तैनात महिला सिपाही वीणा कुमारी को सरकारी हथियार के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाना भारी पड़ गया. सिविल ड्रेस में हथियार लेकर बनाया गया उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया. एसएसपी कुमार गौतम ने महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश भी दिया गया है.
मीडिया सेल प्रभारी विश्व मोहन चौधरी के मुताबिक, 26 सितंबर को महिला सिपाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ था. इस वीडियो में वह सिविल ड्रेस में सरकारी हथियार के साथ नजर आ रही थीं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में मामला आया और इसकी जांच के निर्देश दिए गए. पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों के लिए तय नियमों को ध्यान में रखते हुए इस मामले को गंभीर माना. इसके बाद पूरे प्रकरण की जांच शुरू कराई गई.
जांच में सोशल मीडिया एसओपी के उल्लंघन की बात सामने आई
मामले की जांच की जिम्मेदारी यातायात डीएसपी अतनु दत्ता को सौंपी गई थी. जांच के दौरान सामने आया कि महिला सिपाही की ओर से पुलिस मुख्यालय द्वारा सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर जारी एसओपी का पालन नहीं किया गया.
जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंपे जाने के बाद वीणा कुमारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई. इसके साथ ही विभागीय कार्यवाही भी शुरू करने का आदेश दिया गया है. पुलिस विभाग अब इस मामले में तय नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगा.
2025 से साठी थाना में तैनात हैं वीणा कुमारी
जानकारी के मुताबिक, वीणा कुमारी मूल रूप से औरंगाबाद की रहने वाली हैं. वह वर्ष 2025 से पश्चिम चंपारण के साठी थाना में तैनात हैं. बताया गया है कि इससे पहले भी वर्दी में बनाए गए उनके कुछ रील वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं.
हालांकि, इस बार सरकारी हथियार के साथ बनाए गए वीडियो के वायरल होने के बाद मामला पुलिस विभाग तक पहुंचा और इसे सोशल मीडिया नियमों के उल्लंघन के तौर पर देखा गया. इसके बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई.
पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया नियमों का पालन करने की हिदायत
एसएसपी कुमार गौतम ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के इस्तेमाल में लापरवाही या विभागीय नियमों की अनदेखी सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस विभाग की ओर से यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों के वीडियो लगातार सामने आते रहते हैं. विभाग ने साफ किया है कि सरकारी जिम्मेदारियों और सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान तय नियमों का पालन करना जरूरी है.