कौन हैं बिहार के बायोलॉजी वाले सर, जिन्होंने प्रैक्टिकली समझाया Birth Control, कंडोम और खीरे का किया यूज, VIDEO
बिहार के बायोलॉजी वाले सर चंदन कुमार पंडित का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें वे क्लासरूम के अंदर लड़के और लड़कियों के सामने कंडोम और खीरे का इस्तेमाल करके बर्थ कंट्रोल का तरीका समझा रहे हैं.
biology teacher Chandan Kumar Pandit
(Image Source: X/ @kinghritikraj )बिहार के पूर्णिया के बायोलॉजी टीचर चंदन कुमार पंडित इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कक्षा में छात्रों को यौन शिक्षा और प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी समझाने के लिए खीरे और कंडोम का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में वह कंडोम के सही इस्तेमाल का तरीका समझाने के साथ-साथ इसके स्वास्थ्य संबंधी महत्व के बारे में भी बताते हैं.
चंदन ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया था. वह सोशल मीडिया पर खुद को "भारत का वायरल बायोलॉजी सर" बताते हैं और उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 25 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं. वीडियो सामने आने के बाद इसे करीब 2 करोड़ बार देखा जा चुका है. वीडियो पर यूजर्स अलग-अलग राय दें रहे हैं.
वीडियो में क्या-क्या बताया?
वायरल वीडियो में चंदन कुमार छात्रों को कंडोम पहनने का तरीका समझाते नजर आते हैं. इसके लिए उन्होंने खीरे को एक मॉडल के तौर पर इस्तेमाल किया. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कंडोम यौन संचारित संक्रमणों यानी एसटीआई से बचाव में किस तरह मददगार हो सकते हैं. कक्षा में उन्होंने गर्भनिरोध और प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की. उनका तरीका इसलिए भी चर्चा में आया क्योंकि उन्होंने किताबों में दिए गए विषय को केवल सैद्धांतिक तरीके से पढ़ाने के बजाय उसे व्यावहारिक उदाहरण के जरिए समझाने की कोशिश की.
वीडियो शेयर करते हुए चंदन कुमार ने कहा कि गर्भनिरोध और प्रजनन स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषयों को ऐसे तरीके से समझाया जाना चाहिए, जिसे छात्र आसानी से समझ सकें. उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं रखना चाहिए. वास्तविक जीवन से जुड़े उदाहरणों को पढ़ाई का हिस्सा बनाने से छात्रों को संवेदनशील विषयों को समझने में मदद मिल सकती है और उनसे जुड़ी झिझक को कम किया जा सकता है.
कौन हैं चंदन कुमार पंडित?
चंदन कुमार पंडित बिहार के पूर्णिया में बायोलॉजी पढ़ाते हैं. वह सीके राज बायोलॉजी नाम से यूट्यूब चैनल भी चलाते हैं. उनके यूट्यूब चैनल पर करीब 1.14 हजार सब्सक्राइबर हैं. चंदन अपने क्लासरूम में छात्रों को सेक्स एजुकेशन, प्रजनन स्वास्थ्य और यौन संचारित संक्रमणों से बचाव से जुड़ी जानकारी व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए समझाने के लिए जाने जाते हैं. उनका उद्देश्य छात्रों को ऐसे विषयों पर सवाल पूछने और जानकारी हासिल करने में होने वाली झिझक को कम करना बताया जाता है.