बिहार के बेगूसराय को हाल ही में नया डीएम मिला है. जी हां 21 अगस्त को आईएएस रिची पांडेय ने बेगूसराय के डीएम का पद संभाला. जिसके बाद अब रिची पांडेय चर्चाओं में आ गए हैं. दरअसल बिहार के बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती के मौके पर आयोजित राजकीय समारोह की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. तस्वीर में डीएम रिची पांडेय एक बुजुर्ग महिला के पैर छूते नजर आ रहे हैं.

पद और प्रोटोकॉल को थोड़ी देर के लिए भुलाकर उन्होंने ऐसा काम किया, जिसका हर कोई मुरीद हो गया है. सोशल मीडिया पर उनकी इस तस्वीर को खूब प्यार मिल रहा है.बता दें, यह कार्यक्रम सिमरिया में आयोजित किया गया था, जहां डीएम रिची पांडेय भी शामिल हुए थे. अब हर कोई जानना चाहता है कि आखिर डीएम रिची पांडेय ने किसके पैर छूकर आर्शीवाद लिया था?

किसके पैर छूते नजर आए रिची पांडेय?

दरअसल, सिमरिया में दिनकर जयंती के अवसर पर आयोजित राजकीय कार्यक्रम में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पुत्रवधू भी पहुंची थीं. इसी दौरान डीएम रिची पांडेय ने उनसे मुलाकात की. इस दौरान ही डीएम रिची पांडेय ने उनके पैर छू लिए. ये पल कैमरे में कैद हो गया, जिसकी तस्वीर अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और हर कोई रिची पांडेय की सराहना कर रहा है.

कौन हैं रिची पांडेय?

रिची पांडेय बिहार कैडर के 2016 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी IAS अधिकारी हैं. उनका जन्म 14 फरवरी 1988 को मध्य प्रदेश के रीवा में हुआ था. उनका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला बताया जाता है. बेगूसराय के जिलाधिकारी का पद संभालने से पहले वह सीतामढ़ी के डीएम रह चुके हैं. उन्होंने 21 अगस्त 2026 को बेगूसराय के नए जिलाधिकारी के तौर पर कार्यभार संभाला था.

रिची पांडेय का बेगूसराय से पुराना जुड़ाव भी रहा है. वह सितंबर 2019 से फरवरी 2020 तक जिले में उप विकास आयुक्त यानी DDC के पद पर तैनात रह चुके हैं. इससे पहले अलग-अलग प्रशासनिक जिम्मेदारियों में उन्होंने काम किया है. जहानाबाद में तैनाती के दौरान भूमि रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण से जुड़े काम में उनके योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मान भी मिल चुका है.

परिवार में कौन-कौन?

रिची पांडेय की पत्नी का नाम तविशी बहल पांडेय है, वह भी इंजीनियरिंग ग्रेजुएट हैं. दोनों की दो बेटियां हैं. रिची पांड्ये के पिता डॉ. सुभाष चंद्र पांडेय भारतीय ऑडिट एंड अकाउंट्स सर्विस में अधिकारी रह चुके हैं.