Bihar's first BJP CM: कुर्सी मिली, अब कसौटी बाकी: Samrat Choudhary के सामने 7 बड़ी चुनौतियां
बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, पलायन और जातीय संतुलन जैसी 7 बड़ी चुनौतियां हैं. क्या वह इन पर खरे उतरकर खुद को मजबूत नेता साबित कर पाएंगे?
बिहार की सत्ता अब सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) के हाथों में है, लेकिन यह सिर्फ पद संभालने का क्षण नहीं, बल्कि राजनीतिक और प्रशासनिक परीक्षा की शुरुआत भी है. भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में उनसे अपेक्षाएं भी कहीं ज्यादा हैं और चुनौतियां भी उतनी ही बड़ी. एक ओर उन्हें नीतीश कुमार के दौर में बने गवर्नेंस मॉडल की गति बनाए रखनी है, तो दूसरी ओर अपनी अलग पहचान और नया नेतृत्व स्थापित करना है. कानून-व्यवस्था, शराबंदी, बेरोजगारी, पलायन, और जातीय संतुलन जैसे पुराने मुद्दे पहले से ही सामने खड़े हैं. वहीं, केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल का लाभ जमीन पर दिखाना भी जरूरी होगा.
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सम्राट चौधरी सात बड़ी चुनौतियों को पार कर खुद को एक मजबूत और प्रभावी मुख्यमंत्री के रूप में स्थापित कर पाते हैं या नहीं. जानें उनकी चुनितियां क्या?
1. नीतीश मॉडल और ब्यूरोक्रेसी पर पकड़ मजबूत करना
पहली चुनौती होगी प्रशासन पर मजबूत नियंत्रण बनाना. बिहार की नौकरशाही लंबे समय से एक तय ढांचे में काम करती रही है. ऐसे में नए नेतृत्व के तहत तेजी से फैसले लागू करना और सिस्टम को अपने हिसाब से ढालना आसान नहीं होगा. नीतीश कुमार के शासन में बने “विकास + संतुलन” मॉडल को आगे बढ़ाना बड़ी जिम्मेदारी होगी. अगर इसमें गिरावट आती है, तो राजनीतिक नुकसान तुरंत दिख सकता है.
2. शराबबंदी पर क्या लेंगे स्टैंड?
सम्राट चौधरी के लिए बिहार में शराबबंदी सबसे जटिल चुनौतियों में से एक होगी. नीतीश कुमार द्वारा लागू इस नीति का सामाजिक असर तो दिखा, लेकिन अवैध शराब, तस्करी और कानून के दुरुपयोग जैसे मुद्दे भी सामने आए. सम्राट चौधरी को संतुलित रणनीति अपनानी होगी. कड़े प्रवर्तन के साथ कानून में व्यावहारिक सुधार, छोटे मामलों में राहत और बड़े नेटवर्क पर सख्ती. साथ ही पुनर्वास, जागरूकता और वैकल्पिक रोजगार पर ध्यान देना होगा. तभी वे शराबबंदी को केवल कानून नहीं, बल्कि प्रभावी सामाजिक नीति बना पाएंगे.
3. कानून-व्यवस्था की छवि सुधारना
बिहार में कानून-व्यवस्था हमेशा बड़ा मुद्दा रहा है. अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग सुधार और जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना सम्राट चौधरी की बड़ी परीक्षा होगी.
4. बेरोजगारी और पलायन को रोकना
राज्य में रोजगार की कमी और बड़े पैमाने पर पलायन एक पुरानी समस्या है. निवेश लाना, उद्योग बढ़ाना और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार देना सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक होगा.
5. जातीय समीकरण को साधने का फॉर्मूला क्या?
बिहार की राजनीति जातीय समीकरणों पर आधारित है. बीजेपी को सभी वर्गों कुर्मी, कोइरी, OBC, EBC, सवर्ण और दलित को संतुलित रखना होगा. वरना राजनीतिक असंतुलन पैदा हो सकता है.
6. केंद्र-राज्य तालमेल का लाभ दिलाना
पीएम नरेंद्र मोदी सरकार के साथ बेहतर तालमेल एक अवसर भी है और चुनौती भी. सम्राट चौधरी को यह साबित करना होगा कि केंद्र की ताकत का सीधा फायदा बिहार के विकास में दिखे और लोगों को उसका लाभ मिले.
7. खुद को “मास लीडर” के रूप में स्थापित करना
सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती होगी अपनी अलग पहचान बनाना. सिर्फ संगठन के नेता से आगे बढ़कर जनता के बीच लोकप्रिय और भरोसेमंद चेहरा बनना ही उनकी सफलता तय करेगा. दरअसल, सीएम बनना सम्राट चौधरी के लिए सिर्फ सत्ता संभालने का मौका नहीं, बल्कि खुद को साबित करने और बिहार की दिशा तय करने की असली परीक्षा होगी. ऐसे में उनके सामने नीतीश कुमार की विरासत ही सबसे बड़ी चुनौती है.