5 Plots, 3 फ्लैट्स, 80 लाख कैश और 52 लाख की ज्वेलरी, बिहार के अफसर पति-पत्नी के ठिकानों पर छापे, क्या-क्या मिला?
बिहार में विजिलेंस ने अफसर दंपति के पटना और बेगूसराय स्थित चार ठिकानों पर छापेमारी की गई. यहां से जो मिला उसने सब को हैरान कर दिया. जानें क्या है पूरा मामला
बिहार में विजिलेंस इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ने सोमवार को पटना और बेगूसराय में एक सरकारी अधिकारी दंपति से जुड़े चार ठिकानों पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान करीब ₹80 लाख नकद, ₹52.60 लाख की ज्वेलरी और 48 घड़ियां बरामद की गईं. इन घड़ियों की कीमत करीब ₹6.01 लाख बताई गई है.
जिन अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उनमें पटना के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी शामिल हैं. स्वीटी दानापुर में सब-रजिस्ट्रार के पद पर तैनात हैं.
VIB ने क्या मामला किया दर्ज?
विजिलेंस इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ने दोनों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति यानी Disproportionate Assets (DA) का मामला दर्ज किया है. एजेंसी के मुताबिक, दंपति पर ₹1.07 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति होने का आरोप है. यह उनकी कुल ज्ञात आय का करीब 47 फीसदी है.
प्रॉपर्टी के बारे में क्या जानकारी आई संपत्ति?
विजिलेंस इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो के मुताबिक, यह मामला 25 सितंबर को Prevention of Corruption Act और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत दर्ज किया गया था. जांच एजेंसी ने बताया कि रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी के नाम पर 2017 से 2026 के बीच खरीदी गई सात अचल संपत्तियों का पता चला है.
इन संपत्तियों में दानापुर की एक प्रीमियम मल्टी-टावर गेटेड सोसाइटी में दो फ्लैट शामिल हैं. इसके अलावा फुलवारी शरीफ में कुल 11.7 डिसमिल जमीन वाले तीन प्लॉट और बेगूसराय में 24 डिसमिल जमीन वाले दो प्लॉट भी शामिल हैं. अधिकारियों के मुताबिक, खरीद के दस्तावेजों के आधार पर इन सभी संपत्तियों की कीमत ₹2.92 करोड़ आंकी गई है.
विजिलेंस की चार टीमों ने इन ठिकानों पर तलाशी ली. इसके लिए पटना की स्पेशल विजिलेंस कोर्ट से सर्च वारंट हासिल किए गए थे. जिन जगहों पर तलाशी ली गई, उनमें पटना स्थित दंपति का आवास, दोनों अधिकारियों के कार्यालय और बेगूसराय स्थित दंपति का आवास शामिल था.
कहां कितना मिल कैश?
तलाशी के दौरान पटना के फ्लैट से ₹70.53 लाख नकद बरामद किए गए, जबकि बेगूसराय से ₹9.44 लाख कैश मिला. इस तरह दोनों जगहों से कुल ₹79.97 लाख नकद बरामद हुआ. इसके अलावा दोनों स्थानों से सोने, चांदी और हीरे के आभूषण भी मिले. अधिकारी के मुताबिक, पटना से बरामद ज्वेलरी की शुरुआती कीमत ₹23.89 लाख और बेगूसराय से मिली ज्वेलरी की कीमत ₹28.70 लाख आंकी गई है.
दोनों जगहों से बरामद ज्वेलरी की कुल शुरुआती कीमत ₹52.59 लाख है, जिसे रिपोर्ट में करीब ₹52.60 लाख बताया गया है. विजिलेंस ब्यूरो ने अलग-अलग कंपनियों की 48 घड़ियां भी बरामद की हैं. इन सभी घड़ियों की शुरुआती कीमत करीब ₹6.01 लाख बताई गई है. एजेंसी ने बताया कि दंपति के दो बैंक खातों को फ्रीज करने की कार्रवाई की जा रही है.
विजिलेंस ब्यूरो के एक अधिकारी के मुताबिक, दानापुर में मौजूद दोनों फ्लैटों में तलाशी के दौरान प्लाईवुड और लकड़ी से इंटीरियर का काम चल रहा था. इन फ्लैटों की कीमत का आकलन टेक्निकल एग्जामिनेशन सेल की ओर से किया जाएगा.
कौन हैं रविंद्र कुमार दिवाकर?
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, रविंद्र कुमार दिवाकर ने साल 2000 में शिक्षक के तौर पर सरकारी सेवा ज्वाइन की थी. इसके बाद उन्होंने कई सरकारी पदों पर काम किया. उन्होंने सारण में DPRO, कटिहार और दरभंगा में SDC, सहरसा में PGRO, समस्तीपुर में SDM और गया तथा पटना में SDC के तौर पर काम किया.
एक अधिकारी के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में उन्हें पटना का ADM (Supply) बनाया गया था. वहीं, कुमारी स्वीटी 2013 बैच की सब-रजिस्ट्रार हैं. अधिकारी के मुताबिक, उन्होंने 2013 से 2017 तक तेघड़ा, 2017 से 2021 तक हवेली खड़गपुर और 2021 से 2024 तक सकरा में सेवा दी. इसके बाद 2024 में उनकी पोस्टिंग दानापुर में सब-रजिस्ट्रार के तौर पर हुई.