बिहार में शराबबंदी लागू है. यहां शराब की बिक्री, खरीद और सेवन कानून के तहत प्रतिबंधित है. लेकिन गांधी जयंती के दिन अररिया से सामने आए एक वीडियो ने शराबबंदी की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए. बताया जा रहा है कि शराब से लदा एक ट्रक हादसे का शिकार होकर सड़क पर पलट गया.

जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. ट्रक में शराब की पेटियां देखकर कुछ लोग कथित तौर पर बोतलें और पेटियां निकालकर ले जाने लगे. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सड़क किनारे खड़े ट्रक के आसपास कई लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है. वीडियो में देखा जा सकता है कि छोटे बच्चे से लेकर हर कोई शराब की बोलते लेकर वहां से भाग रहा है.

अररिया में हादसे के बाद जुटी भीड़

मामला अररिया जिले का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक अररिया से रानीगंज की तरफ जा रहा था. गिदवास के पास वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया. टक्कर के बाद ट्रक का शीशा टूट गया और वाहन सड़क पर ही रुक गया. हादसे के बाद जब आसपास के लोगों को ट्रक के बारे में जानकारी मिली तो मौके पर भीड़ जमा होने लगी. इसी दौरान ट्रक में शराब की पेटियां होने की बात सामने आई.

ट्रक में शराब की पेटियां देख मची हलचल

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक और खलासी मौके पर मौजूद नहीं थे. इसी बीच कुछ लोग ट्रक के पास पहुंचे. ट्रक में शराब की पेटियां देखकर वहां हलचल बढ़ गई. आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने ट्रक से शराब की पेटियां और बोतलें निकालनी शुरू कर दीं. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का कथित वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के आसपास कई लोग नजर आ रहे हैं. कुछ लोगों को ट्रक से सामान निकालते हुए भी देखा जा सकता है. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोगों की पहचान भी अभी स्पष्ट नहीं है.

शराबबंदी वाले बिहार में आखिर शराब पहुंची कैसे?

इस घटना ने बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब की तस्करी और अवैध सप्लाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. राज्य में शराब की बिक्री और सेवन प्रतिबंधित होने के बावजूद समय-समय पर पुलिस की कार्रवाई में शराब बरामद होने की खबरें सामने आती रहती हैं. अररिया की इस घटना में भी अब जांच का अहम सवाल यही है कि शराब की इतनी बड़ी खेप बिहार में कैसे पहुंची और इसे कहां ले जाया जा रहा था.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्रक में शराब कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और हादसे के बाद शराब की पेटियां निकालकर ले जाने वाले लोग कौन थे. जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पूरे मामले में कितने लोग शामिल थे और शराब की इस खेप के पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था.