गुवाहाटी के होटल बिलास इन में पांच लोगों की बेरहमी से हत्या करने के आरोपी घनकांत गोगोई की कहानी बुधवार सुबह पुलिस एनकाउंटर के साथ खत्म हो गई. पुलिस उसे एक मामले में पूछताछ और हथियार बरामद करने के लिए शिवसागर लेकर जा रही थी. रास्ते में उसने पुलिस की पकड़ से निकलने की कोशिश की.

आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और एक अधिकारी की सर्विस रिवॉल्वर छीनने की भी कोशिश की. इसी दौरान पुलिस ने गोली चला दी. तड़के करीब 3 बजकर 10 मिनट पर हुई इस मुठभेड़ में घनकांत की मौत हो गई. हालांकि, इस घटना में पुलिस का एक सब-इंस्पेक्टर भी गंभीर रूप से घायल हो गया.

शिवसागर ले जाते समय क्या हुआ?

बुधवार की सुबह पुलिस टीम घनकांत गोगोई को लेकर गुवाहाटी से शिवसागर जा रही थी. पुलिस को उम्मीद थी कि पूछताछ के दौरान वह हथियारों से जुड़ी अहम जानकारी देगा और उन्हें बरामद कराने में मदद करेगा. इसके लिए पुलिस ने सोमवार रात गुवाहाटी की अदालत से प्रोडक्शन वारंट भी हासिल किया था.

पुलिस टीम जब शिवसागर जिले के फूलपानीसिगा इलाके में रंगमन ढाबे के पास पहुंची, तभी अचानक हालात बदल गए. आरोप है कि घनकांत ने पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश की. इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की और एक अधिकारी की सर्विस रिवॉल्वर छीनने का प्रयास किया.

आरोपी घनकांत की कैसे हुई मौत?

शिवसागर की एसएसपी पापरी चेतिया के मुताबिक, हाथापाई के दौरान सर्विस रिवॉल्वर से तीन गोलियां चलीं. इस झड़प में एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद मौके पर मौजूद शिवसागर सदर थाने के प्रभारी ने घनकांत को रोकने के लिए अपनी सर्विस पिस्टल से गोली चलाई. गोली लगने से वह बुरी तरह घायल हो गया. उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस घटना में एक अन्य पुलिसकर्मी को भी मामूली चोटें आईं. पुलिस की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा. गंभीर रूप से घायल सब-इंस्पेक्टर को इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) में भर्ती कराया गया.

छह मामलों में वांछित था घनकांत

पुलिस के मुताबिक, घनकांत गोगोई के खिलाफ छह मामले दर्ज थे. इनमें शिवसागर सदर थाने में पंजाब नेशनल बैंक से जुड़े लोन धोखाधड़ी का मामला भी शामिल था. आरोप था कि उसने एक्सकेवेटर खरीदने के लिए बैंक में फर्जी दस्तावेज जमा कर कर्ज लिया था. बैंक की शिकायत के बाद इस मामले में केस दर्ज हुआ था.

होटल बिलास इन गोलीकांड क्या है?

घनकांत गोगोई का नाम सबसे ज्यादा 26 अक्टूबर को गुवाहाटी के उलुबाड़ी इलाके में हुए होटल बिलास इन गोलीकांड के बाद चर्चा में आया था. इस घटना में पांच लोगों की जान चली गई थी. मरने वालों में होटल से जुड़े एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल थे. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर घनकांत को गिरफ्तार कर लिया था. अब हथियारों की बरामदगी के लिए ले जाते समय हुई पुलिस मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई. फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की ओर से दी गई जानकारी ही सामने आई है.