नशे में BJP कार्यकर्ताओं की गाड़ी में मारी टक्कर, फिर खंजर लेकर विधायक को मारने के लिए बढ़ा; आरोपी ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार
सोनितपुर में बीजेपी विधायक रितु बरन सरमाह पर कथित तौर पर खंजर से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है. आरोप है कि ट्रक चालक ने पहले पार्टी कार्यकर्ता की खड़ी गाड़ी में टक्कर मारी और विवाद के बाद खंजर निकालकर विधायक की ओर बढ़ा.
BJP MLA Ritu Baran Sarmah
(Image Source: x.com/ritubaran1969 )Assam BJP MLA Ritu Baran Sarmah Attacked: असम के सोनितपुर जिले में शनिवार को बीजेपी विधायक रितु बरन सरमाह पर कथित तौर पर खंजर से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है. घटना उस समय हुई, जब विधायक अपने कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अपने कार्यालय के बाहर मौजूद थे. इसी दौरान एक ट्रक ने पार्टी कार्यकर्ता की खड़ी गाड़ी में टक्कर मार दी. इसके बाद मौके पर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
रिपोर्ट के मुताबिक, विधायक और उनके साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने शुरुआत में ट्रक चालक से शांतिपूर्वक बात करके मामला सुलझाने की कोशिश की. आरोप है कि चालक नशे की हालत में था और बातचीत के दौरान उसने ट्रक से एक खंजर निकाल लिया. इसके बाद उसने विधायक और उनके साथ मौजूद लोगों की तरफ बढ़कर हमला करने की कोशिश की. वायरल वीडियो में भी चालक को भीड़ के बीच खंजर लेकर आगे बढ़ते देखा जा सकता है.
स्थानीय लोगों ने चालक की पिटाई कर पुलिस को सौंपा
मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह चालक को रोकने की कोशिश की. इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. हमले की कोशिश में विधायक रितु बरन सरमाह को चोट नहीं लगी, लेकिन एक होमगार्ड और दो पार्टी कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है.
कौन हैं रितु बरन सरमाह?
रितु बरन सरमाह असम की बर्चल्ला विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक हैं. 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने यह सीट 84,495 वोट के साथ जीती थी.