Begin typing your search...

काफिला गुजरने तक रुकी एंबुलेंस...VIDEO सामने आते ही असम में 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, क्या बोले CM हिमंत बिस्वा सरमा? 10 Points में जानें मामला

सिलचर में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के काफिले के लिए एंबुलेंस रोके जाने पर 4 पुलिसकर्मी निलंबित हुए. सीएम ने मरीज और परिवार से माफी मांगी और जांच के आदेश दिए हैं. 10 प्वाइंट्स में जानें क्या है पूरा मामला

काफिला गुजरने तक रुकी एंबुलेंस...VIDEO सामने आते ही असम में 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, क्या बोले CM हिमंत बिस्वा सरमा? 10 Points में जानें मामला
X

असम के सिलचर में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के काफिले को रास्ता देने के लिए एंबुलेंस रोके जाने के मामले में चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. इनमें दो सब-इंस्पेक्टर और दो लांस नायक शामिल हैं. मामले में विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे अस्वीकार्य बताते हुए मरीज और उसके परिवार से माफी मांगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में मरीज की जरूरत से बढ़कर उनका काफिला नहीं हो सकता. हालांकि, कछार पुलिस ने बाद में स्पष्ट किया कि एंबुलेंस में मरीज था या नहीं, इसे लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई. एंबुलेंस चालक के बयान के मुताबिक उसने कुछ देर अपनी इच्छा से इंतजार किया था. इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने कहा कि काफिले की आवाजाही से आम लोगों और आपातकालीन सेवाओं को परेशानी नहीं होनी चाहिए.

मामले की पूरी कहानी 10 पॉइंट्स में

1. सिलचर में बुधवार को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का काफिला गुजर रहा था. इसी दौरान रामनगर इलाके में एंबुलेंस को काफिले के गुजरने तक रोक दिया गया.

2. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें एंबुलेंस को काफिले के गुजरने तक इंतजार करते हुए देखा गया.

3. वीडियो और घटना की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर मरीज और उसके परिवार से माफी मांगी. उन्होंने घटना को “अस्वीकार्य” बताया.

4. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी मुख्यमंत्री के काफिले को इमरजेंसी मेडिकस की जरूरत से ऊपर प्राथमिकता नहीं दी जा सकती. उन्होंने घटना की जांच के निर्देश भी दिए.

5. मामले में कछार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास ने चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है.

6. निलंबित पुलिसकर्मियों में श्रीकोना पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई विजय गोस्वामी और एनएच वे पुलिस चौकी के एसआई शिवशंकर दास शामिल हैं.

7. इनके अलावा काटीगोड़ा थाने के लांस नायक जहुरुल इस्लाम और सिलचर ट्रैफिक शाखा के लांस नायक कौसर अहमद बरभुइया को भी निलंबित किया गया है.

8. पुलिस के मुताबिक, काफिले की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को पहले से निर्देश दिए गए थे कि मुख्यमंत्री के काफिले की आवाजाही के दौरान आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए. अधिकारियों को भी इस व्यवस्था की निगरानी के निर्देश दिए गए थे.

9. घटना को लेकर कछार पुलिस की ओर से यह भी बताया गया कि एंबुलेंस चालक ने अधिकारियों को कहा था कि उसने अपनी इच्छा से कुछ देर इंतजार किया था. इस बीच एंबुलेंस में मरीज होने को लेकर भी अलग-अलग रिपोर्ट सामने आईं.

10. घटना के समय मुख्यमंत्री सिलचर में बराक घाटी के विकास कार्यों की समीक्षा और आगामी सिलचर नगर निगम चुनाव के लिए अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के प्रचार के सिलसिले में मौजूद थे. मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि काफिले से जुड़े निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

अगला लेख