महिला प्रीमियर लीग (WPL) के अगले सीजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. 2027 की शुरुआत में होने वाले आगामी सीजन से पहले मुंबई इंडियंस ने अपनी महिला टीम के हेड कोच में बदलाव किया है. फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और अनुभवी कोच ल्यूक विलियम्स को टीम की नई जिम्मेदारी सौंपी है. ल्यूक विलियम्स इससे पहले भी WPL में बतौर हेड कोच काम कर चुके हैं.

साल 2024 में उनकी कोचिंग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की महिला टीम ने पहली बार WPL का खिताब जीता था. अब मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपनी महिला टीम की कमान सौंपी है. विलियम्स की नियुक्ति लिसा कीटली के पद छोड़ने के बाद हुई है. कीटली को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में नेशनल डेवलपमेंट हेड की जिम्मेदारी मिली है.

कौन हैं ल्यूक विलियम्स?

ल्यूक विलियम्स का जन्म 24 दिसंबर 1979 को साउथ ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड स्थित हेनले बीच में हुआ था. महिला क्रिकेट में अपनी रणनीतिक कोचिंग के लिए पहचाने जाने वाले विलियम्स ने अपने करियर की शुरुआत बतौर क्रिकेटर की थी. उन्होंने 2000 से 2005 के बीच साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए घरेलू क्रिकेट खेला. इस दौरान वह मुख्य रूप से टॉप ऑर्डर बल्लेबाज की भूमिका में नजर आए. हालांकि खिलाड़ी के तौर पर उनका करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा, लेकिन बाद में उन्होंने कोचिंग में अपनी अलग पहचान बनाई.

कैसा रहा ल्यूक विलियम्स का क्रिकेट करियर?

ल्यूक विलियम्स का फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर सीमित रहा. उन्होंने साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए 2000 से 2005 के बीच कुल पांच फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले. इन पांच मैचों की 10 पारियों में विलियम्स ने 11.40 की औसत से कुल 114 रन बनाए. इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 37 रन रहा.

कोच के तौर पर कैसा रिकॉर्ड?

ल्यूक विलियम्स ने कोचिंग के क्षेत्र में अपनी सबसे बड़ी पहचान महिला टी20 क्रिकेट से बनाई. उनकी कोचिंग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2024 में अपना पहला WPL खिताब जीता था. टीम ने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी. विलियम्स की उपलब्धियां सिर्फ WPL तक सीमित नहीं हैं. उनकी कोचिंग में एडिलेड स्ट्राइकर्स ने 2022 और 2023 में लगातार दो बार महिला बिग बैश लीग (WBBL) का खिताब जीता.

ल्यूक विलियम्स विदेशी फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी कोचिंग का अनुभव रखते हैं. साल 2023 में वह द हंड्रेड की टीम सदर्न ब्रेव के असिस्टेंट कोच थे. उस सीजन सदर्न ब्रेव ने खिताब अपने नाम किया था. अब मुंबई इंडियंस के साथ विलियम्स के सामने WPL में एक नई चुनौती होगी. टीम आगामी सीजन में उनकी रणनीति और अनुभव के साथ मैदान पर उतरने की तैयारी करेगी.