कौन है RCB के नए मालिक आर्यमान? IPL में डेब्यू का नहीं मिला था मौका, रजत पाटीदार के साथ कर चुके हैं ओपनिंग
आर्यमान विक्रम बिड़ला को RCB का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है. वह कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे हैं और अब टीम के बोर्डरूम के सबसे अहम चेहरा बन गए हैं. दिलचस्प बात यह है कि आर्यमान का क्रिकेट करियर बहुत लंबा नहीं रहा.
Aryaman Birla
(Image Source: X/ @CricketCentrl, @RajatJain )आईपीएल 2026 की शुरुआत से ठीक तीन दिन पहले क्रिकेट जगत में एक बड़ा धमाका देखने को मिला है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब नए मालिकों के हाथों में चली गई है, जिससे यह फ्रेंचाइजी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है. इस ऐतिहासिक डील ने न सिर्फ आईपीएल की आर्थिक ताकत को नई ऊंचाई दी है, बल्कि टीम के नेतृत्व में भी बड़ा बदलाव कर दिया है.
करीब 16,660 करोड़ रुपये (1.78 अरब डॉलर) में हुई इस डील के तहत यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) से 100% हिस्सेदारी खरीद ली गई है. इस खरीद में आदित्य बिड़ला ग्रुप के साथ टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की परपेचुअल प्राइवेट इक्विटी स्ट्रैटेजी शामिल रही. इस सौदे ने RCB को आईपीएल इतिहास की सबसे महंगी टीम बना दिया है.
कौन हैं आर्यमान बिड़ला?
इस मेगा डील के साथ ही आर्यमान विक्रम बिड़ला को RCB का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है. वह कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे हैं और अब टीम के बोर्डरूम के सबसे अहम चेहरा बन गए हैं. दिलचस्प बात यह है कि आर्यमान का क्रिकेट करियर बहुत लंबा नहीं रहा, लेकिन अब वह उसी लीग की एक बड़ी टीम के मालिकाना ढांचे का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें वह खिलाड़ी के तौर पर डेब्यू भी नहीं कर पाए थे.
किस टीम का हिस्सा थे आर्यमान?
साल 2018 के आईपीएल ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने आर्यमान को 30 लाख रुपये में खरीदा था. हालांकि, पूरे सीजन के दौरान उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला और वह बेंच पर ही बैठे रहे. अब ठीक आठ साल बाद वही खिलाड़ी RCB जैसे बड़े ब्रांड का चेयरमैन बन चुका है. जब उन्हें खरीदा गया था, तब उनकी उम्र सिर्फ 20 साल थी, जबकि अब वह 28 साल के हो चुके हैं.
कैसा रहा क्रिकेट से बिजनेस तक का सफर?
आईपीएल में मौका न मिलने के बाद आर्यमान ने 2019 में क्रिकेट को अलविदा कह दिया और अपने पारिवारिक बिजनेस में कदम रखा. उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि आने वाले सालों में वह आईपीएल की सबसे महंगी टीम के प्रमुख बनेंगे. उन्होंने ई-कॉमर्स, रिटेल और स्टार्टअप सेक्टर में सक्रिय भूमिका निभाई और आदित्य बिड़ला ग्रुप के बिजनेस विस्तार में योगदान दिया. अब RCB के चेयरमैन के रूप में उनकी यह नई पारी काफी अहम मानी जा रही है.
आर्यमान का क्रिकेट में कैसा रहा प्रदर्शन?
आर्यमान बिड़ला ने मध्य प्रदेश के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेला है. वे आरसीबी के मौजूदा कप्तान रजत पाटीदार के साथ ओपनिंग कर चुके हैं. उन्होंने 2017-18 के रणजी सीजन और विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा लिया था. बाएं हाथ के ओपनर आर्यमान ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9 मैचों में 414 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है. वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट के 4 मुकाबलों में उन्होंने 36 रन बनाए.