KL राहुल से छूटा आसान कैच, 43 पर मिला जीवनदान तो श्रीलंकाई बल्लेबाज ने ठोक दिए 71 रन, गिल की चोट ने बढ़ाई टेंशन

श्रीलंका XI के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में KL राहुल से पहली स्लिप पर रविंदु रसनथा का 43 रन के स्कोर पर आसान कैच छूट गया. जीवनदान मिलने के बाद रसनथा ने 71 रन बनाए, जबकि शुभमन गिल दाहिनी रिंग फिंगर में चोट के कारण पहले दिन नहीं खेले. BCCI उनकी फिटनेस पर नजर रख रहा है.

केएल राहुल ने छोड़ा आसान कैच

(Image Source:  x.com/159atsydney )
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 7 Aug 2026 3:25 PM IST

Sri Lanka XI vs India: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर भारत और श्रीलंका XI के बीच तीन दिवसीय वॉर्म-अप मुकाबला खेला जा रहा है. इस मैच में भारत की कप्तानी KL राहुल कर रहे हैं, क्योंकि नियमित टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को पहले दिन आराम दिया गया है. 

मैच में भारत को एक ऐसा मौका मिला, जिसे टीम शायद लंबे समय तक याद रखना चाहेगी. श्रीलंका XI के ओपनर रविंदु रसनथा का आसान कैच KL राहुल से छूट गया. उस समय रसनथा 43 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे. 

कुलदीप की गेंद पर राहुल से छूटा कैच

श्रीलंका XI की पारी के 26वें ओवर में स्पिनर कुलदीप यादव गेंदबाजी कर रहे थे. उनकी गेंद पर रसनथा के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद पहली स्लिप की तरफ गई.  KL राहुल ने अपने दाईं ओर जाते हुए एक हाथ से कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनकी हथेली से लगकर नीचे गिर गई. इस तरह रसनथा को जीवनदान मिल गया.  भारत को इस गलती की कीमत भी चुकानी पड़ी.  43 रन पर मिले जीवनदान के बाद रसनथा ने अपनी पारी को आगे बढ़ाया और 71 रन बनाए.

सुथार ने दिलाई भारत को सफलता

रविंदु रसनथा लगातार भारत के गेंदबाजों का सामना कर रहे थे, लेकिन अंत में बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने उन्हें पवेलियन भेज दिया. रसनथा ने आक्रामक शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन टाइमिंग बिगड़ गई और वह कैच आउट हो गए. इस तरह उनकी 71 रन की पारी समाप्त हुई. हालांकि, कैच छूटने के बाद बनाए गए इन रनों ने भारत को जरूर नुकसान पहुंचाया.

शुभमन गिल क्यों नहीं खेल रहे?

इस मुकाबले में KL राहुल के कप्तानी संभालने की बड़ी वजह शुभमन गिल की उंगली की चोट है. गुरुवार को प्रैक्टिस के दौरान गिल की दाहिनी हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी थी. BCCI ने बताया कि गिल को एहतियात के तौर पर वॉर्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतारा गया. बोर्ड की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. टेस्ट सीरीज से पहले उनकी फिटनेस को लेकर फैसला लिया जाएगा. 

भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 15 अगस्त से शुरू होनी है. ऐसे में गिल की फिटनेस टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है.

श्रीलंका XI ने पहले बल्लेबाजी चुनी

वॉर्म-अप मैच में श्रीलंका XI ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. इससे भारतीय गेंदबाजों को श्रीलंका की परिस्थितियों में खुद को ढालने का मौका मिला.  खबर लिखे जाने तक श्रीलंका इलेवन ने 63 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 256 रन बना लिए हैं. निशान मदुशंका 66, पसिंडु सूर्याबंडारा 35, पवन रथनायके 39 और अहान विक्रमसिंघे ने 31 रन बनाए. भारत की ओर से जडेजा, कुलदीप, सुथार और बरार ने 1-1 विकेट लिए.

भारतीय टीम

शुभमन गिल , यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन. देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, सारांश जैन, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और आकिब नबी.

Similar News