IND vs SL: 3 दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेलेगी टीम इंडिया, कब, कहां देख सकते हैं लाइव; जानें पूरी डिटेल्स

भारत और श्रीलंका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले प्रैक्टिस मैच खेला जाएगा. यह अभ्यास मुकाबला कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा.

( Image Source:  ANI )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 7 Aug 2026 9:18 AM IST

भारतीय टीम श्रीलंका के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी. अब टेस्ट सीरीज के आगाज से पहले टीम इंडिया श्रीलंका क्रिकेट इलेवन (SLC XI) के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलती हुई दिखाई देगी. पिछले साल साउथ अफ्रीका दौरे पर मिली करारी हार के बाद टीम मैनेजमेंट ने महसूस किया कि विदेशी परिस्थितियों में टेस्ट सीरीज से पहले अभ्यास मैच बेहद जरूरी हैं. इसी सोच के तहत इस बार भारतीय टीम को टेस्ट मुकाबलों से पहले मैच अभ्यास का मौका दिया गया है.

यह मुकाबला सिर्फ खिलाड़ियों की फॉर्म परखने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि टीम मैनेजमेंट के लिए पहले टेस्ट की अंतिम प्लेइंग इलेवन तय करने का भी अहम अवसर होगा. खासकर जसप्रीत बुमराह और वाशिंगटन सुंदर की अनुपस्थिति में गेंदबाजी संयोजन को लेकर कई सवालों के जवाब इसी अभ्यास मैच में तलाशे जाएंगे.

कौनसा खिलाड़ी रहेगा अभ्यास मैच से रहेंगे बाहर?

भारतीय बल्लेबाज साई सुदर्शन इस अभ्यास मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे. वह शनिवार को टीम के साथ जुड़ेंगे, जिसके चलते पहले तीन दिवसीय मैच में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिलेगा. ऐसे में टीम मैनेजमेंट अन्य बल्लेबाजों को परखने पर अधिक ध्यान देगा.

जसप्रीत बुमराह और वाशिंगटन सुंदर की गैरमौजूदगी में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण पर विशेष नजर रहेगी. यह मुकाबला टीम मैनेजमेंट को यह तय करने का अवसर देगा कि पहले टेस्ट में किन गेंदबाजों पर भरोसा किया जाए. साथ ही युवा खिलाड़ियों सारांश जैन और आकिब नबी के प्रदर्शन पर भी सबकी नजरें रहेंगी. यदि दोनों खिलाड़ी अभ्यास मैच में प्रभावित करते हैं तो टेस्ट टीम में अपनी दावेदारी मजबूत कर सकते हैं.

कब और कितने बजे खेला जाएगा मुकाबला?

भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच तीन दिवसीय अभ्यास मैच शुक्रवार, 7 अगस्त से शुरू होगा. टॉस सुबह 9:30 बजे भारतीय समयानुसार होगा.

कहां खेला जाएगा मैच?

यह अभ्यास मुकाबला कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा, जहां भारतीय टीम विदेशी परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की कोशिश करेगी.

टीवी और ऑनलाइन कहां देखें लाइव?

इस मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स टेन 1 के एसडी और एचडी चैनलों पर देख सकेंगे. वहीं, ऑनलाइन स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी.

Similar News