PSL में कब खत्म होगा ड्रामा? वॉर्नर और मोईन अली के बीच खींचतान का Video Viral
कराची किंग्स और रावलपिंडीज के बीच गुरुवार को खेले गए मुकाबले के बाद मैदान पर कप्तान डेविड वॉर्नर और टीममेट मोईन अली के बीच हुई खींचतान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
पीएसएल में विवाद
(Image Source: X/ @IS_Netwrk29 )PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के 11वें सीजन में एक बार फिर क्रिकेट के साथ-साथ ड्रामा भी सुर्खियों में आ गया है. कराची किंग्स और रावलपिंडीज के बीच गुरुवार को खेले गए मुकाबले के बाद मैदान पर कप्तान डेविड वॉर्नर और टीममेट मोईन अली के बीच हुई खींचतान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वहीं, पाकिस्तान लीग का यह सीजन आईपीएल 2026 की रफ्तार के बीच भी लगातार चर्चा में बना हुआ है. मैच खत्म होने के बाद का नजारा दर्शकों के लिए हैरानी का कारण बन गया. मैच के बाद वॉर्नर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी शेयर की है.
क्यों मैदान पर हुआ विवाद?
मुकाबले के समाप्त होते ही कराची किंग्स के खिलाड़ी हाथ मिलाने मैदान पर उतरे. इस दौरान कप्तान डेविड वॉर्नर आक्रामक अंदाज में अपने टीममेट मोईन अली की ओर बढ़े और लगातार कुछ बोलते रहे। मोईन हैरान होकर उनकी तरफ देखते रहे. इस समय टीम के डाइरेक्टर हैदर अजहर बीच-बचाव करने पहुंचे और वॉर्नर को दूर लेकर गए, लेकिन वॉर्नर लगातार बात करते रहे. इसके बाद हैदर मोईन अली से बातचीत करने पहुंचे.
सफाई में क्या बोले वॉर्नर?
मैदान पर हुए इस नजारे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. फैंस और कमेंटेटर्स इस पर चर्चा कर रहे हैं कि आखिर वॉर्नर और मोईन अली में असल विवाद क्या था. डेविड वॉर्नर ने इस वीडियो पर सफाई देते हुए ट्वीट किया “मैंने हैदर अजहर से कहा कि वो पहले जाएं और जाकर हाथ मिलाएं.” इस पर जवाब देते हुए हैदर ने एक्स पर लिखा “ये सच नहीं है। वो दोनों मेरा मजाक उड़ा रहे थे.”
कौन जीता मैच?
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए रावलपिंडी ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 197 रन बनाए थे. टीम की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए डेरिल मिचेल ने सबसे ज्यादा 65 रनों की पारी खेली थी. जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. इसके अलावा सैम बिलिंग्स ने 35 गेंदों पर 58 रनों की पारी खेली.
वहीं कराची किंग्स ने इस टारगेट को 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर मैच को 5 विकेट से जीत लिया. कराची किंग्स की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए आजम खान ने सबसे ज्यादा 34 गेंदों पर 74 रनों की पारी खेली. जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे.