सबसे ज्यादा हैट्रिक, डेब्यू मैच में 6 विकेट और एक सीजन में 973 रन; IPL के वे रिकॉर्ड जिन्हें तोड़ना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है
IPL में कई रिकॉर्ड बने, जो आगे चलकर टूट गए, लेकिन कुछ ऐसे भी रिकॉर्ड हैं, जो आज भी बरकरार है और जिन्हें तोड़ना मुश्किल ही नहीं, लगभग नामुमकिन हैं. आज हम बात ऐसे ही 10 रिकॉर्ड की करेंगे.
IPL के 10 अटूट रिकॉर्ड:
IPL Big Records: इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) में करीब हर दिन कोई न कोई रिकॉर्ड बनता और टूटता रहता है... लेकिन कुछ रिकॉर्ड ऐसे होते हैं, जिन्हें तोड़ पाना मुश्किल ही नहीं नामुमिकन लगता है. आज हम बात ऐसे ही कुछ रिकॉर्ड्स की करेंगे...
1. एक पारी में सबसे ज्यादा रन (नाबाद 175)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से खेलते हुए क्रिस गेल ने 2013 में पुणे वारियर्स के खिलाफ महज 66 गेंद में 175 रन जड़ दिए और अंत तक आउट नहीं हुए. इस दौरान उन्होंने 17 छक्के और 13 चौके जड़े. यह रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ पाया.
2. सबसे तेज शतक (30 गेंदें)
अपनी 175 रन की पारी के दौरान, क्रिस गेल ने महज 30 गेंद में शतक जड़ दिया. हाल ही में 2025 में 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 35 गेंदों में शतक जड़कर इसे चुनौती दी, लेकिन गेल का रिकॉर्ड अब भी सुरक्षित है.
3. एक सीजन में सबसे ज्यादा रन (973 रन)
विराट कोहली के नाम इस सीजन में सबसे ज्यादा रन हैं. उन्होंने 2016 में 16 पारियों में 973 रन बनाए थे, जिसमें 4 शतक और 7 अर्धशतक शामिल थे. करीब एक दशक बीत जाने के बाद भी कोई बल्लेबाज इस आंकड़े के करीब नहीं पहुंच सका है.
4. सबसे बड़ी साझेदारी (229 रन)
2016 में ही विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने गुजरात लायंस के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 229 रनों की विशाल साझेदारी की थी. टी20 जैसे छोटे फॉर्मेट में दो बल्लेबाजों का एक साथ इतना लंबा टिकना और रन बनाना काफी मुश्किल है.
5. बेस्ट डेब्यू स्पेल (6/12)
वेस्टइंडीज के गेंदबाज अल्ज़ारी जोसेफ ने 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई इंडियंस के लिए अपने डेब्यू मैच में ही 12 रन देकर 6 विकेट झटके थे. किसी भी खिलाड़ी के लिए अपने पहले ही मैच में ऐसा प्रदर्शन दोहराना लगभग असंभव है.
6. सबसे ज्यादा हैट्रिक (3)
लेग स्पिनर अमित मिश्रा आईपीएल इतिहास के इकलौते गेंदबाज हैं, जिन्होंने 3 अलग-अलग मौकों पर हैट्रिक ली है.
7. एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट (32)
ड्वेन ब्रावो (2013) और हर्षल पटेल (2021) के नाम एक ही सीजन में 32-32 विकेट लेने का रिकॉर्ड है. ब्रावो ने 2013 में, जबकि पटेल ने 2021 में यह कारनामा किया.
8. लगातार सबसे ज्यादा जीत (10 मैच)
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने गौतम गंभीर की कप्तानी में 2014 और 2015 के बीच लगातार 10 मैच जीतने का कीर्तिमान बनाया था. यह आज भी कायम है.
9- एक भी नो-बॉल नहीं
पीयूष चावला के नाम अनोखा रिकॉर्ड हैं. उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 360 से ज्यादा ओवर फेंकते हुए 192 विकेट लिए, लेकिन एक भी नो-बॉल नहीं फेंकी.
10- सबसे कम उम्र में शतक (14 साल)
राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी के नाम आईपीएल में सबसे कम उम्र (14 साल) में शतक जड़ने का रिकॉर्ड है. उन्हें 2025 के सीजन से पहले नीलामी में 1.1 करोड़ में खरीदा गया.