India vs West Indies 1st ODI Highlights: क्रिकेट में कुछ मैदान सिर्फ मैदान नहीं रहते, वे यादों का हिस्सा बन जाते हैं. त्रिवेंद्रम का मैदान विराट कोहली के लिए भी ऐसा ही एक मैदान है. जनवरी 2023 में इसी जगह उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 166 रन की ऐसी पारी खेली थी, जिसकी चर्चा लंबे समय तक होती रही. तीन साल से ज्यादा वक्त बाद विराट फिर इसी मैदान पर उतरे और एक बार फिर बल्ले ने वही कहानी दोहरा दी- बस इस बार सामने वेस्टइंडीज की टीम थी और दांव पर कई बड़े रिकॉर्ड थे.

वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 295/7 का स्कोर खड़ा किया. जस्टिन ग्रीव्स ने 101 रन की पारी खेली, जबकि जॉन कैंपबेल ने 62 और अमीर जांगू ने नाबाद 58 रन बनाए. भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने 4 विकेट लेकर वेस्टइंडीज की पारी को बड़ा स्कोर बनाने से रोका.

रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने दी तेज शुरुआत

296 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने तेज शुरुआत दी. रोहित 32 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद क्रीज पर आए विराट कोहली ने मैच का पूरा रंग बदल दिया.

विराट ने पहले गिल के साथ मिलकर पारी को संभाला और फिर धीरे-धीरे अपना गियर बदलना शुरू किया. दूसरी तरफ शुभमन गिल भी अपने अंदाज में रन बनाते रहे. दोनों के बीच 151 रन की साझेदारी हुई और वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर दबाव लगातार बढ़ता गया.

गिल ने 108 गेंदों पर 110 रन बनाए. उनकी पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा. गिल के आउट होने के बाद भी विराट नहीं रुके. रुतुराज गायकवाड़ के साथ उन्होंने लक्ष्य को औपचारिकता बना दिया और भारत ने सिर्फ 41.4 ओवर में 300/2 बनाकर मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया.

कोहली ने अपनी पारी में जड़े 9 छक्के

लेकिन इस मैच की सबसे बड़ी कहानी थी विराट कोहली की नाबाद 139 रन की पारी. 88 गेंदों की इस पारी में विराट ने 10 चौके और 9 छक्के लगाए. यानी लगभग हर वह शॉट दिखा, जिसकी उम्मीद फैंस लंबे समय से विराट से करते आए हैं. उनका स्ट्राइक रेट करीब 158 का रहा और उन्होंने अकेले ही रन चेज को एकतरफा बना दिया... और फिर आया वह पल, जिसने इस पारी को सिर्फ एक शतक नहीं रहने दिया.

विराट ने जैसे ही अपना 55वां वनडे शतक पूरा किया, उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI क्रिकेट में अपना 10वां शतक पूरा कर लिया. अब किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI शतक लगाने वालों की सूची में विराट के नाम श्रीलंका और वेस्टइंडीज, दोनों के खिलाफ 10-10 शतक हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा के नाम 9-9 शतक हैं.

यानी विराट अब सिर्फ रन नहीं बना रहे, बल्कि ODI क्रिकेट के पुराने रिकॉर्ड बुक के पन्नों को लगातार बदल रहे हैं. इस पारी के दौरान उन्होंने 15 हजार ODI रन का आंकड़ा भी पार कर लिया. यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं. उनसे पहले यह मुकाम सचिन तेंदुलकर ने हासिल किया था.

लिस्ट ए क्रिकेट में लगाया 60वां शतक

विराट के लिए एक और खास रिकॉर्ड इस पारी में आया. उनके खाते में अब List-A क्रिकेट में 60 शतक हो गए हैं. यानी इस आंकड़े पर भी उन्होंने सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है. List-A क्रिकेट में 60 शतकों के साथ अब दोनों भारतीय दिग्गज एक ही मुकाम पर खड़े हैं.

विराट के लिए त्रिवेंद्रम का रिश्ता यहीं खत्म नहीं होता. इसी मैदान पर उन्होंने 2023 में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 166 रन की पारी खेली थी. उस शतक के साथ श्रीलंका के खिलाफ उनका 10वां ODI शतक भी इसी मैदान पर आया था. अब वेस्टइंडीज के खिलाफ भी 10वां शतक इसी मैदान पर आ गया है.

एक दिन में पहली बार वनडे में छह बल्लेबाजों ने जड़े शतक

इस मैच में एक और दिलचस्प रिकॉर्ड बना. एक ही दिन खेले गए तीन अलग-अलग ODI मुकाबलों में कुल छह शतक आए- दक्षिण अफ्रीका के टेम्बा बावुमा और डेविड मिलर, इंग्लैंड के टॉम बेंटन, वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स, भारत के शुभमन गिल और विराट कोहली की पारियों ने इस दिन को ODI क्रिकेट के खास दिनों में शामिल कर दिया. इससे पहले, एक दिन में 5 शतक लगे थे.

कुलदीप यादव बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'

भारत के लिए सिर्फ विराट और गिल की बल्लेबाजी ही खास नहीं रही. इससे पहले गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने 4 विकेट लेकर वेस्टइंडीज को 295 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभाई थी. उन्हें इसके लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. यानी मैच की कहानी दोनों हिस्सों में बनी- पहले कुलदीप की स्पिन का जादू और फिर विराट-गिल का बल्ले से जवाब.

एक और बेहद दिलचस्प आंकड़ा भारत की बल्लेबाजी की क्वालिटी बताता है. भारत ने अपनी पूरी पारी में सिर्फ 10 false shots खेले और उनसे भी 10 रन बनाए, जबकि वेस्टइंडीज ने 42 false shots खेले और उनमें से पांच विकेट गंवाए. भारत की false-shot percentage सिर्फ 4.3% रही, जो Full Member टीमों के बीच न्यूनतम 20 ओवर की ODI पारी में बेहद असाधारण आंकड़ा है... और यही इस जीत की असली तस्वीर है.

भारत ने सिर्फ 296 रन का लक्ष्य हासिल नहीं किया. टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए ऐसा नियंत्रण दिखाया जिसमें रोहित ने शुरुआत दी, गिल ने शतक जमाया और विराट ने अंत तक खड़े रहकर मैच को पूरी तरह भारत की मुट्ठी में कर दिया.

कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में भारत की ODI टीम अब 2027 वर्ल्ड कप की तरफ बढ़ रही है. टीम में जहां नई पीढ़ी की जिम्मेदारी बढ़ रही है. वहीं, रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ी अब भी मैदान पर अपने बल्ले से जवाब दे रहे हैं. ICC के मुताबिक वेस्टइंडीज के खिलाफ यह तीन मैचों की ODI सीरीज 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है.

विराट ने फिर दोहराया 2023 वाला कारनामा

त्रिवेंद्रम में रविवार को विराट ने एक बार फिर यही याद दिलाया कि बड़े खिलाड़ी सिर्फ अपने पुराने रिकॉर्ड की वजह से बड़े नहीं होते. वे हर बार नए दिन को अपने नाम करने की कोशिश करते हैं.

2023 में इसी मैदान पर नाबाद 166 रन

2026 में उसी मैदान पर नाबाद 139

और इन दोनों पारियों के बीच एक ऐसा सफर, जिसमें विराट कोहली ने ODI क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे किए, वेस्टइंडीज के खिलाफ 10वां शतक लगाया और List-A क्रिकेट में 60 शतकों के साथ सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली. कुल मिलाकर त्रिवेंद्रम की कहानी एक बार फिर विराट के नाम रही.

गिल ने भारत में 9 मैचों में 8वीं बार बनाया 50 प्लस स्कोर

गिल ने 2024 से भारत में खेले गए पिछले 9 वनडे मैचों में आठवीं बार 50 प्लस स्कोर, लगातार दूसरा शतक और कुल तीसरी सेंचुरी लगाई.

2024 से घरेलू ODI में गिल का प्रदर्शन

  • 87
  • 60
  • 112
  • 56
  • 56
  • 23
  • 84*
  • 154
  • 110

किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज़्यादा ODI शतक

  • 10- विराट कोहली बनाम श्रीलंका
  • 10- विराट कोहली बनाम वेस्टइंडीज़
  • 9- सचिन तेंदुलकर बनाम ऑस्ट्रेलिया
  • 9- रोहित शर्मा बनाम ऑस्ट्रेलिया
  • 8- विराट कोहली बनाम ऑस्ट्रेलिया
  • 8- सचिन तेंदुलकर बनाम श्रीलंका

श्रीलंका के खिलाफ कोहली का 10वां ODI शतक भी त्रिवेंद्रम में ही लगा था.

विराट कोहली के सबसे तेज़ ODI शतक (गेंदों के आधार पर)

  • 52 बनाम ऑस्ट्रेलिया, जयपुर 2013
  • 61 बनाम ऑस्ट्रेलिया, नागपुर 2013
  • 74 बनाम वेस्टइंडीज़, त्रिवेंद्रम 2026 *
  • 76 बनाम श्रीलंका, होबार्ट 2012
  • 76 बनाम श्रीलंका, कोलंबो RPS 2017
  • 80 बनाम श्रीलंका, गुवाहाटी 2023

लिस्ट A क्रिकेट में सबसे ज़्यादा शतक

  • 60-सचिन तेंदुलकर (538 पारियां) / विराट कोहली (338 पारियां)
  • 44-ग्राहम गूच (601)
  • 40-ग्रीम हिक (630)
  • 39-कुमार संगकारा (501)

भारत में सभी फॉर्मेट मिलाकर यह कोहली का 42वां अंतरराष्ट्रीय शतक (260 पारियों में) था. यह तेंदुलकर (313 पारियों में) के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा है.

ODI में रन चेज़ (लक्ष्य का पीछा) करते हुए सबसे ज़्यादा जीत में शामिल खिलाड़ी

  • 127- सचिन तेंदुलकर
  • 116- एमएस धोनी
  • 112- विराट कोहली
  • 111- रिकी पोंटिंग
  • 110- जैक कैलिस / रोहित शर्मा

कोहली द्वारा एक वनडे में किसी गेंदबाज द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रन

  • 54 बनाम ट्रेंट बोल्ट मोहाली 2016
  • 53 बनाम अल्ज़ारी जोसेफ़ त्रिवेन्द्रम 2026
  • 45 बनाम विश्व फर्नांडो कोलंबो आरपीएस 2017
  • 45 बनाम लाहिरू कुमारा त्रिवेन्द्रम 2023
  • 45 बनाम प्रीनालेन सुब्रायन रांची 2025

एक वनडे पारी में कोहली द्वारा सर्वाधिक छक्के

  • 9 बनाम वेस्टइंडीज़ त्रिवेन्द्रम 2026 
  • 8 बनाम एसएल तिरुवनंतपुरम 2023
  • 7 बनाम ऑस्ट्रेलिया जयपुर 2013
  • 7 बनाम एसए रांची 2025

बता दें कि भारत और वेस्टइंडीज के बाद दूसरा वनडे मैच 30 सितंबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा. इस मैच को आप 2 बजे से जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देख सकेंगे.