Gurnoor Brar ने ऐसा क्या कर दिया, जिससे नाराज हो गई ICC? इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे से पहले दी चेतावनी, 1 डिमेरिट पॉइंट भी मिला
भारत के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में बेन डकेट की ओर गेंद फेंकने के मामले में ICC ने आधिकारिक चेतावनी दी है. उन्हें एक डिमेरिट अंक भी मिला, हालांकि उन्होंने मैच में दो विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
Gurnoor Brar
(Image Source: ANI )भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन करते हुए छह विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. इस जीत में युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई. हालांकि मैच के दौरान हुई एक घटना के कारण उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ओर से आधिकारिक चेतावनी भी मिली.
आईसीसी ने गुरनूर बराड़ को ICC Code of Conduct के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाया है. यह मामला इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर का है, जब बराड़ ने अपनी गेंदबाजी पूरी करने के बाद गेंद उठाकर इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट की दिशा में फेंक दी.
गुरनूर बराड़ पर क्यों हुई कार्रवाई?
मैच अधिकारियों ने गुरनूर बराड़ की इस हरकत को 'अनुचित और संभावित रूप से खतरनाक' माना. इसके बाद ऑन-फील्ड अंपायरों, तीसरे और चौथे अंपायर की रिपोर्ट के आधार पर गुरनूर बराड़ पर ICC Code of Conduct के अनुच्छेद 2.9 के तहत आरोप लगाया गया. यह नियम किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद फेंकने से संबंधित है.
बराड़ को ICC से क्या सजा मिली?
बराड़ को इस मामले में ICC की ओर से आधिकारिक चेतावनी (Official Reprimand) दी गई और उनके अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक (Demerit Point) जोड़ दिया गया. ICC के अनुसार, बराड़ ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी रिची रिचर्डसन द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया. इसी वजह से इस मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी.
डिमेरिट अंक क्या होते हैं?
- आईसीसी के नियमों के मुताबिक, लेवल-1 अपराध में खिलाड़ी को चेतावनी, मैच फीस का 50 प्रतिशत तक जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जा सकते हैं.
- यदि कोई खिलाड़ी 24 महीने के भीतर चार या उससे अधिक डिमेरिट अंक जमा कर लेता है, तो ये सस्पेंशन पॉइंट में बदल जाते हैं.
- दो सस्पेंशन पॉइंट होने पर खिलाड़ी को एक टेस्ट या दो वनडे/टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों से निलंबित किया जा सकता है.
- हालांकि यदि 24 महीने तक कोई नया उल्लंघन नहीं होता, तो पुराने डिमेरिट अंक स्वतः रिकॉर्ड से हट जाते हैं।
मैदान पर चमके गुरनूर बराड़
अनुशासनात्मक कार्रवाई के बावजूद गुरनूर बराड़ का प्रदर्शन शानदार रहा. उन्होंने इंग्लैंड के दो अहम बल्लेबाजों को आउट कर भारत की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया. अब दोनों टीमें गुरुवार को कार्डिफ में दूसरे वनडे में आमने-सामने हैं, जहां भारत की नजर सीरीज जीतने पर होगी.
दूसरे वनडे में किसने जीता टॉस?
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने लगातार दूसरे वनडे मैच में टॉस जीता. उन्होंने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. ब्रूक ने बताया कि डॉसन और जोश टंग नहीं खेल रहे हैं. उनकी जगह साकिब महमूद और गस एटकिंसन को मौका दिया गया है.
ईशान किशन की वापसी
कप्तान शुभमन गिल ने टॉस के समय बताया कि केएल राहुल बीमार हैं. इस वजह से ईशान किशन की टीम में वापसी हुई है.
भारत की प्लेइंग 11
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बराड़, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा.