चैंपियन टीम इंडिया को 131 करोड़ देगी BCCI, खिलाडियों से लेकर कोच तक को कितना मिलेगा?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद चैंपियन बनी टीम इंडिया पर इनामों की बारिश हो रही है. बीसीसीआई ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ के लिए कुल 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि का ऐलान किया है. अब सवाल यह है कि इस बड़ी रकम में से खिलाड़ियों से लेकर कोच और बाकी स्टाफ को कितना हिस्सा मिलेगा.

( Image Source:  X- @BCCI )
Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On :

T20 World Cup Prize Money: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार विश्व विजेता बनी भारतीय टीम पर इनामों की बरसात शुरू हो गई है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के लिए 131 करोड़ रुपये की बड़ी इनामी राशि देने का ऐलान किया है.

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली इस शानदार जीत के बाद बीसीसीआई ने टीम के लिए खास बोनस की घोषणा की. यह 131 करोड़ रुपये की राशि केवल खिलाड़ियों को ही नहीं दी जाएगी, बल्कि टीम के कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं के बीच भी बांटी जाएगी.

कैसे टीम में बंटेंगे पैसे?

यह रकम आईसीसी की ओर से मिलने वाली लगभग 27.48 करोड़ रुपये (3 मिलियन डॉलर) की इनामी राशि से अलग होगी. इससे पहले जब भारत ने साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप जीता था, तब भी बीसीसीआई ने टीम के लिए 125 करोड़ रुपये की इनामी राशि घोषित की थी.

उस समय खिलाड़ियों और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को 5-5 करोड़ रुपये मिले थे. इस बार बोर्ड ने इनाम की राशि में 6 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी करते हुए इसे 131 करोड़ रुपये कर दिया है, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी बोनस राशि मानी जा रही है. माना जा रहा कि पिछले साल के मुकाबले इस बार थोड़ा इज़ाफा खिलाड़ियों को दिए जाने वाले पैसों में किया जा सकता है. हालांकि, अभी इसका आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है.

बीसीसीआई ने क्या कहा?

बीसीसीआई का मानना है कि टीम इंडिया ने जिस तरह लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और अपने दबदबे को बनाए रखा है, उसे देखते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना जरूरी है. भारत दुनिया की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने लगातार दो बार, यानी 2024 और 2026 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है.

बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि घरेलू मैदान पर खिताब का बचाव करना किसी भी टीम के लिए बड़ी उपलब्धि होती है. इसी वजह से खिलाड़ियों के उत्साह को बढ़ाने के लिए इनामी राशि को पहले से ज्यादा किया गया है.

पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. खास तौर पर फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत हासिल करते हुए खिताब अपने नाम किया और क्रिकेट इतिहास में एक और बड़ा रिकॉर्ड जोड़ दिया.

Similar News